वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी से तहस-नहस कर दिया रिकॉर्ड बुक; देखिए पूरी लिस्ट

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार को IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में बल्ले से गदर काट दिया। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली। वह आईपीएल में सिर्फ 30 गेंदों में सबसे तेज शतक के क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने से तो चूक गए लेकिन उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान कई सारे रिकॉर्ड ध्वस्त किए।

वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी से तहस-नहस कर दिया रिकॉर्ड बुक; देखिए पूरी लिस्ट

आईपीएल 2026 का एलिमिनेटर। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने। सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीता। पहले फील्डिंग का फैसला किया। राजस्थान रॉयल्स की पारी शुरू हुई। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी के लिए उतरे। एशान मलिंगा गेंदबाजी के लिए आए। सूर्यवंशी को पांचवीं गेंद पर स्ट्राइक मिली। गेंद डॉट रही। उसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने सिक्स उड़ा दिया। इस पहले छक्के के बाद तो 15 साल के इस बल्लेबाज ने ऐसा कोहराम मचाया कि सनराइजर्स के गेंदबाज पानी मांगने लगे। एक बार तो लगा कि यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का आईपीएल में 30 गेंदों में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तो टूटने वाला ही है, 175 रनों की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड भी ध्वस्त होने वाला है। लेकिन वैभव सूर्यवंशी सिक्स मारने के चक्कर में 29 गेंदों में 97 रन बनाकर कैच आउट हो गए। उन्होंने इस विध्वंसक पारी से रिकॉर्ड बुक को तहस-नहस कर दिया। कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

वैभव सूर्यवंशी की इस यादगार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 8 ओवर में 243 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद 196 रन पर सिमट गई और राजस्थान ने 47 रनों से जीत हासिल की। अब क्वालिफायर 2 में 29 मई को उसका सामना गुजरात टाइटन्स से होगा। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 12 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 334.48 रहा। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

वैभव सूर्यवंशी ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स का गेल का रिकॉर्ड टूटा

वैभव सूर्यवंशी भले ही क्रिस गेल के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड से चूक गए लेकिन उन्होंने इस कैरिबियाई बल्लेबाज के एक महारिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। ये रिकॉर्ड है आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स का। क्रिस गेल ने आईपीएल 2012 में 14 मैचों में 59 छक्के उड़ाए थे। ये आईपीएल के किसी भी एक सीजन में किसी एक बल्लेबाज के जड़े सबसे ज्यादा सिक्स थे। लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान गेल के इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इस सीजन में उन्होंने अब तक 65 छक्के जड़े हैं। खास बात ये है कि क्रिस गेल ने 2012 में 456 गेंदें खेलकर 59 छक्के लगाए थे लेकिन सूर्यवंशी ने सिर्फ 266 गेंदें खेलकर 65 छक्के जड़ दिए हैं।

किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड यानी ऐसे खिलाड़ी हैं जिसने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। उन्होंने इस सीजन में 680 रन बनाए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम था जिन्होंने आईपीएल 2023 में 626 रन बनाए थे। बाद में उसी साल उन्हें भारत के लिए टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका मिला था।

200+ के स्ट्राइक रेट से 600+ बनाने वाले पहले बल्लेबाज

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में अब तक 680 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने ये रन 242.85 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। वह आईपीएल ही नहीं, किसी भी टी20 टूर्नामेंट में 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ 600 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

आईपीएल प्लेऑफ में सुयंक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी

वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 16 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी। ये आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबलों में संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी है। इससे पहले सुरेश रैना ने 2014 में क्वालिफायर 2 में 16 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी।

IPL प्लेऑफ में एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान 12 गगनचुंबी छक्के लगाए। ये आईपीएल के किसी भी प्लेऑफ या नॉकआउट मुकाबले में किसी भी बल्लेबाज की तरफ से लगाए गए सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड है। इससे पहले ये रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम था जिन्होंने 2023 में क्वालिफायर 2 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे।

IPL में किसी एक पारी में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान आईपीएल के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने के अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी की। इससे पहले उन्होंने इसी सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के ही खिलाफ 12 छक्के जड़े थे।

पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने अपने 12 छक्कों में से 8 तो सिर्फ पावरप्ले के दौरान जड़े। ये किसी आईपीएल मैच में पावरप्ले के दौरान किसी भी खिलाड़ी के सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड है।

IPL में 300 प्लस की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा बार फिफ्टी+

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में 300 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से तीसरी बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। ये टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा 300+ के स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस वाली पारियों का रिकॉर्ड है।

किसी एक सीजन में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में पावरप्ले यानी शुरुआती 6 ओवरों में 490 रन बनाए हैं। ये किसी भी आईपीएल सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा पहले 6 ओवरों के बीच बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम था जिन्होंने 2016 में पावरप्ले के दौरान कुल 467 रन बनाए थे।

पारी में सबसे ज्यादा बार 10 या ज्यादा सिक्स के गेल के रिकॉर्ड की बराबरी

वैभव सूर्यवंशी ने चौथी बार किसी आईपीएल पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के जड़े हैं। इस मामले में वह क्रिस गेल के साथ संयुक्त रूप से पहले पायदान पर हैं। सूर्यवंशी ने 10 या उससे ज्यादा सिक्स वाली अपनी 4 पारियों में से 3 तो इसी सीजन में खेली है। किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा 10+ छक्कों वाली पारी का रिकॉर्ड उनके नाम है।

IPL में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से 90+ रन

वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 334.48 रहा। ये आईपीएल में किसी भी बल्लेबाज की सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के साथ 90 प्लस रन की पारी का रिकॉर्ड है। इससे पहले ये रिकॉर्ड आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार के नाम था जिन्होंने इसी सीजन में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ क्वालिफायर 1 में 281.81 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 93 रन बनाए थे। पाटीदार ने 33 गेंदों का सामना किया था।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।