वैभव सूर्यवंशी ऐसा करते रहो...विराट कोहली के बचपन के कोच ने कही दमदार बात, तुलना से किया इनकार
विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर दमदार बात कही है। 15 साल के सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में गदर काटते हुए ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया।

सुपरस्टार विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी की टी20 प्रारूप में दुर्लभ प्रतिभा के रूप में सराहना करते हुए उनसे अपने खेल में कोई बदलाव नहीं करने का आग्रह किया। 15 वर्षीय खिलाड़ी सूर्यवंशी के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का दूसरा सत्र शानदार रहा और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 776 रन के साथ वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। इस प्रदर्शन से उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की बातें तेज हो गई हैं।
'जिस तरह से उसने छक्के मारे...'
शर्मा ने पीटीआई से कहा, ''वह निस्संदेह एक असाधारण प्रतिभा है। वह जिस तरह से इस आईपीएल में खेला, वह उल्लेखनीय है। जिस तरह से उसने सभी प्रथम श्रेणी, अंतरराष्ट्रीय और विश्व स्तरीय गेंदबाजों की धुनाई की है, वह सराहनीय है और मुझे कहना होगा कि वह एक विशेष प्रतिभा है। वैभव बहुत अच्छा खेलता है।'' उन्होंने कहा, ''वह जिस तरह का निर्भीक क्रिकेट खेलता है, उसने जिस तरह से विश्व स्तरीय गेंदबाजों की धुनाई की है, वह सराहनीय है। जिस तरह से उसने छक्के मारे हैं, वह अविश्वसनीय है, टी20 क्रिकेट के लिए वह शानदार है।''
'वैभव सूर्यवंशी ऐसा करते रहो'
जब शर्मा से पूछा गया कि एक कोच के रूप में वह उन्हें क्या सलाह देना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा, ''वह टी20 खेल रहा है इसलिए मैं कहूंगा कि कुछ भी मत बदलो। बस जाओ और ऐसे ही खेलो, जैसे तुम खेल रहे हो।'' उन्होंने कहा, ''जबर्दस्त क्रिकेट खेल रहे हो, गेंद को मारते रहो और लोगों का मनोरंजन करते रहो। जहां तक टेस्ट क्रिकेट खेलने की बात है तो मैंने उसे इतना नहीं देखा है कि यह बता सकूं कि वह कितना परिपक्व है, वह अपना खेल कैसे बदल सकता है, वह गेंद को ऑफ स्टंप के बाहर कैसे छोड़ सकता है या वह स्विंग गेंदबाजी कैसे खेल सकता है। लेकिन अभी मैं चाहता हूं कि वह जिस तरह से खेल रहा है, उसे जारी रखे।''
'फिटनेस आ जाएगी, अभी बच्चा है'
जब उनसे उनके शिष्य कोहली के 15 साल की उम्र में क्रिकेट खेलने के तरीके और सूर्यवंशी के बीच तुलना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''मैं लोगों की तुलना करने में विश्वास नहीं करता। विराट ने पिछले 18 वर्षों में जो किया है, मेरा मतलब है कि यह एक बहुत लंबी अवधि है जब वह इतने निरंतर रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''लेकिन वैभव को देखकर लगता है कि वह बहुत प्रतिभाशाली लड़का है। लेकिन हमने उसे केवल इसी प्रारूप में खेलते हुए देखा है। हमने अभी तक उसे बड़े प्रारूपों में खेलते हुए नहीं देखा है।'' शर्मा ने कहा, ''विराट (सूर्यवंशी से) एक अलग खिलाड़ी हैं। वह अब महान खिलाड़ी हैं जो उन्होंने कई मैच जीतकर साबित किया है। किसी भी भारतीय ने भारत के लिए इतने मैच नहीं जीते हैं जितने विराट ने जीते हैं और यही कारण है कि उन्हें इतना प्यार किया जाता है। यहां हम एक उभरते सितारे (सूर्यवंशी) को देख रहे हैं और हम वास्तव में उसे आगे बढ़ते हुए देखना पसंद करेंगे।'' सूर्यवंशी की फिटनेस पर उन्होंने कहा, ''फिटनेस आ जाएगी। वह अब भी बच्चा है।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



