वैभव सूर्यवंशी IPL इतिहास के सबसे बदकिस्मत भारतीय! एक सीजन में तीन बार टूटा दिल
वैभव सूर्यवंशी गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 में 96 के निजी स्कोर पर आउट हुए। यह IPL 2026 में तीसरा मौका है जब वह 90s में आउट हुए हो। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास के सबसे बदकिस्मत भारतीय बन गए हैं।

वैभव सूर्यवंशी क्या आईपीएल इतिहास के सबसे बदकिस्मत भारतीय बन गए हैं? तो इसका जवाब है हां…शुक्रवार, 29 मई को गुजरात टाइटंस वर्सेस राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-2 में वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर शतक से चूके। इस बार वह 96 के निजी स्कोर पर आउट हुए। यह एकदम वैसा ही था जैसे वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 97 के स्कोर पर आउट हुए थे। वैभव सूर्यवंशी लगातार दूसरी और इस सीजन कुल तीसरी बार शतक से चूक गए। इसी के साथ उनके नाम IPL में भारत के सबसे बदकिस्मत खिलाड़ी का टैग जुड़ गया है।
ऑनरिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम आईपीएल में 2 शतक दर्ज हैं, अगर यह तीन शतक भी वह पूरे कर लेते तो उनके नाम 5 शतक होते। जो शुभमन गिल और संजू सैमसन जैसे सीनियर खिलाड़ियों के बराबर होती।
सबसे ज्यादा IPL शतक
9 - विराट कोहली
7 - जोस बटलर
6 - क्रिस गेल
6 - केएल राहुल
5 - संजू सैमसन
5 - शुभमन गिल
हालांकि तीन बार एक सीजन में दिल तुड़वाने के बाद वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में भारत के सबसे बदकिस्मत खिलाड़ी बन गए हैं। वह पहले ऐसे भारतीय हैं जो एक सीजन में तीन बार 90s में आउट हुए हैं, वहीं ऑलओवर वह ऐसी फूटी किस्मत रखने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं।
ग्लेन मैक्सवेल नंबर-1
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल वैभव सूर्यवंशी से पहले आईपीएल में अपनी फूटी किस्मत का दुखड़ा रो चुके हैं। आईपीएल 2014 में वह तीन बार 90s में आउट हुए थे। मैक्सवेल अब आईपीएल में किसी टीम का हिस्सा नहीं है। उनकी लगातार गिरती परफॉर्मेंस की वजह से आईपीएल टीमों ने अब उन पर दांव लगाना छोड़ दिया है।
वहीं लखनऊ सुपर जाएंट्स के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श इस सीजन 2 बार 90s में आउट हुए थे।
एक ही IPL सीज़न में कई बार 90s में आउट होने वाले बैट्समैन
3 – ग्लेन मैक्सवेल 2014 में
3 – वैभव सूर्यवंशी 2026 में
2 – मिशेल मार्श 2026 में
वैभव सूर्यवंशी के नाम ये रिकॉर्ड भी दर्ज
वैभव के नाम अब इंडियन प्रीमियर लीग के एक ही एडिशन में प्लेऑफ में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी है, उन्होंने इस साल दो मैचों में 19 छक्के लगाए हैं। रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने 2014 और 2023 में 11-11 छक्के लगाए थे।
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाए हैं और वह एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय और कुल 5वें खिलाड़ी बन गए हैं।



