कहीं टूट ना जाए वैभव सूर्यवंशी का IPL ‘सिक्सर किंग’ बनने का सपना, क्रिस गेल से कितना पीछे?
वैभव सूर्यवंशी ने अपने दूसरे ही आईपीएल सीजन में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, मगर वह क्या क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे?

वैभव सूर्यवंशी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 5 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 46 रनों की धुआंधार पारी खेली। इन तीन सिक्स के साथ वह एक आईपीएल सीजन में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने। वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में अभी तक 43 छक्के लगा चुके हैं, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2024 में 42 छक्के लगाए थे। वैभव सूर्यवंशी को अगर आईपीएल का असली सिक्सर किंग बनना है तो उन्हें क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ना होगा। हालांकि उनके लिए ऐसा करना काफी मुश्किल दिखाई दे रहा है।
क्रिस गेल के रिकॉर्ड से कितना पीछे वैभव सूर्यवंशी?
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अभी तक खेले 12 मैचों में 43 छक्के लगाए हैं। वहीं यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने आईपीएल 2012 में एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने का रिकॉर्ड बनाया था। उस सीजन उन्होंने 15 मैचों में 59 छक्के जड़े थे। वैभव सूर्यवंशी और क्रिस गेल के इस रिकॉर्ड में अभी भी 16 छक्कों का फांसला है।
राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2026 लीग स्टेज में दो ही मैच और खेलने हैं। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी क्रिस गेल के इस रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे या नहीं यह सबसे बड़ा सवाल है।
आरआर अगर प्लेऑफ में पहुंचती है तो वैभव सूर्यवंशी को एक और मौका मिल सकता है, तीन मैचों में 16 छक्कों के इस टारगेट को हासिल किया जा सकता है। हालांकि इसके लिए राजस्थान को पहले लीग स्टेज के दो मैच जीतने होंगे, इसके लिए वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से ताबड़तोड़ परफॉर्मेंस की जरूरत है।
कैसा रहा DC vs RR मैच?
मिचेल स्टार्क के चार विकेट के बाद आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा के पांच गेंद में नाबाद 18 रन की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के मैच में रविवार को राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराकर प्लेआफ की उम्मीदें कायम रखी है। जीत के लिये 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 19 रन की जरूरत थी और इंपैक्ट सब आशुतोष ने 19वें ओवर में बृजेश शर्मा को छक्का और आखिरी ओवर की पहली दो गेंदों में एडम मिल्ने को चौका और छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई।
इस जीत के बाद दिल्ली 13 मैचों में 12 अंक लेकर सातवें स्थान पर आ गई है जबकि रॉयल्स 12 मैचों में 12 अंक लेकर छठे स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के भी 12 मैचों में 12 अंक है लेकिन बेहतर रनरेट के आधार पर वह पांचवें स्थान पर है ।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



