वैभव सूर्यवंशी एक और इतिहास रचने के करीब, आयरलैंड दौरे के लिए हुए शॉर्टलिस्ट

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

क्रिकेट एक्सपर्ट, फैंस और पूर्व क्रिकेटरों की तरफ से ये मांग जोर पकड़ती जा रही कि इस 15 साल के 'वंडर बॉय' को भारत की सीनियर टीम में मौका मिलना चाहिए। जल्द ही ये सच हो सकता है। IPL के बाद वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं। उन्हें जून में होने वाले आयरलैंड दौरे के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।

वैभव सूर्यवंशी एक और इतिहास रचने के करीब, आयरलैंड दौरे के लिए हुए शॉर्टलिस्ट

क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक पारियों से खेलप्रेमियों का खूब मनोरंजन कर रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स के पांचवें मैच को छोड़ दें तो आईपीएल 2026 में उनका बल्ला खूब गरज रहा है। क्रिकेट एक्सपर्ट, फैंस और पूर्व क्रिकेटरों की तरफ से ये मांग जोर पकड़ती जा रही कि इस 15 साल के 'वंडर बॉय' को भारत की सीनियर टीम में मौका मिलना चाहिए। जल्द ही ये सच हो सकता है। आईपीएल के बाद वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो वह क्रिकेट इतिहास में भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बन जाएंगे। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट की माने तो बीसीसीआई के चयनकर्ताओं ने वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड दौरे के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।

जून में आयरलैंड दौरे पर जाएगी भारतीय टीम

आईपीएल 2026 के ठीक बाद जून में भारतीय टीम आयरलैंड के दौरे पर जाने वाली है। वहां मेजबान टीम के साथ 2 टी20 इंटरनेशनल मैच की सीरीज होनी है। सीरीज का पहला मैच 26 जून को और दूसरा मैच 28 जून को होना है। उसके बाद टीम इंडिया सीमित ओवरों के क्रिकेट की सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर भी जाएगी जहां 5 T20I और 3 ODI की सीरीज खेलेगी। जुलाई में ही भारतीय टीम जिम्बाब्वे का भी दौरा करेगी जहां 23 जुलाई से 26 जुलाई के बीच तीन मैच खेले जाने हैं।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

टीम इंडिया के जिम्बाब्वे दौरे पर भी जा सकते हैं सूर्यवंशी

अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस ने बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से लिखा है, 'आयरलैंड दौरे के लिए उस पर विचार किया जा रहा है। चयनकर्ताओं ने कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ उसका नाम शॉर्टलिस्ट किया है।'

रिपोर्ट में कहा गया है कि 15 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को आयरलैंड दौरे के साथ-साथ जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में जगह मिल सकती है। इस साल भारत को जिम्बाब्वे के भी दौरे पर जाना है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आयरलैंड दौरे के लिए ज्यादातर सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा और नए खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। उसके बाद 1 जुलाई से शुरू हो रहे इंग्लैंड दौरे पर सीनियर खिलाड़ियों की वापसी होगी।

भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू का मौका

अगर वैभव सूर्यवंशी जून में आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ जाते हैं और प्लेइंग इलेवन में मौका मिल जाता है तो वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे। पुरुष क्रिकेटरों के मामले में अभी ये रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ महज 16 वर्ष और 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था। महिला और पुरुष दोनों को मिलाकर देखा जाए तो भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम हैं। उन्होंने 15 वर्ष 7 महीने और 27 दिन की उम्र में भारतीय महिला टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अगर वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे पर डेब्यू करते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तो तोड़ेंगे ही, शेफाली वर्मा का भी रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

छोटी उम्र में बड़े-बड़े कमाल

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल 14 वर्ष की उम्र में पहली बार आईपीएल खेला। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। बिहार के इस क्रिकेटर ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन में महज 35 गेंद में शतक जड़कर तहलका मचा दिया था। उसके बाद से वह लगातार विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट और इंडिया ए की तरफ से भी जबरदस्त पारियां खेली हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में तो उन्होंने सिर्फ 80 गेंद में 175 रन की जबरदस्त पारी खेलकर भारत को छठी बार चैंपियन बनाया।

आईपीएल 2026 में भी वह दो बार सिर्फ 15 गेंद में हाफ सेंचुरी जड़ चुके हैं। आईपीएल 2025 में जब वैभव सूर्यवंशी पहली बार बल्लेबाजी के लिए उतरे थे तो शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया था। इस साल भी उन्होंने जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का समेत उस ओवर में 2 सिक्स जड़े थे।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।