पिच होने के बाद धीमी और नीची रह रही थी गेंद, तिलक वर्मा ने बताया इस चुनौती से निपटने की क्या रखी रणनीति

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबाद, भाषा
share

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल मैच में अपने मैच विजेता शतक का श्रेय परिस्थितियों का अच्छी तरह से आकलन करने को दिया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी टीम अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करती है तो उसे रोकना अब आसान नहीं होगा।

पिच होने के बाद धीमी और नीची रह रही थी गेंद, तिलक वर्मा ने बताया इस चुनौती से निपटने की क्या रखी रणनीति

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल मैच में अपने मैच विजेता शतक का श्रेय परिस्थितियों का अच्छी तरह से आकलन करने को दिया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी टीम अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करती है तो उसे रोकना अब आसान नहीं होगा।

तिलक की विस्फोटक 101 रन की नाबाद पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने सोमवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स पर 99 रन की शानदार जीत हासिल की और आईपीएल 2026 में लगातार चार मैचों में हार का सिलसिला समाप्त किया।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

तिलक ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘यह शतक टीम और मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण था। पिछले चार-पांच मैचों से मेरे दिमाग में लगातार एक ही बात चल रही थी कि मैंने क्रीज पर ज्यादा समय नहीं बिताया है और ज्यादा गेंदों का सामना नहीं किया था। इसलिए मेरा लक्ष्य विकेट पर कुछ समय बिताना और फिर टीम की स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करना था।’

तिलक ने अपनी रणनीति के बारे में कहा कि उन्होंने पिच का शुरुआती आकलन किया और सीधे शॉट लगाने पर ध्यान केंद्रित किया।

उन्होंने कहा, ‘जब भी मुंबई इंडियंस की टीम अहमदाबाद आती है तो हम आमतौर पर काली मिट्टी वाली पिच पर मैच खेलते हैं, जो थोड़ी धीमी होती है। ऐसा नहीं है कि हमारे बल्लेबाज इसके अनुकूल नहीं ढल सकते, लेकिन हम जानते हैं कि अगर पिच पर ज्यादा उछाल हो तो हम क्या कर सकते हैं।’

तिलक ने कहा, 'गेंद धीमी और नीची रह रही थी, इसलिए हमें उससे तालमेल बिठाना पड़ा और सीधे शॉट लगाने की कोशिश करनी पड़ी। गेंद ज्यादा उछाल नहीं ले रही थी, इसलिए विकेट की सीध में आने वाली गेंदों पर 'एक्रास द लाइन' खेलना जोखिम भरा था। मैंने सीधे शॉट लगाने का फैसला किया। मैंने परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझा।'

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है और तिलक को उम्मीद है कि उनकी टीम आगे भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखेगी।

उन्होंने कहा, ‘हमें बहुत आगे की नहीं सोचनी चाहिए और एक समय में एक ही मैच पर ध्यान देना चाहिए। हमारे लिए हर मैच लगभग नॉकआउट मुकाबले जैसा है।’

तिलक ने कहा, ‘हम जानते हैं कि हम क्या करने में सक्षम हैं। हमारी टीम में कई विश्व कप विजेता खिलाड़ी हैं। अगर हम अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करते हैं तो हमें कोई रोक नहीं सकता। इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि हम खेल पर अपना ध्यान केंद्रित रखें और कड़ी मेहनत करते रहें।’

अपनी पसंदीदा बल्लेबाजी पोजीशन के बारे में पूछे जाने पर तिलक ने कहा कि उन्हें नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना पसंद है।

उन्होंने कहा, ‘व्यक्तिगत तौर पर मुझे नंबर तीन पर बल्लेबाजी करना बहुत पसंद है। हालांकि टीम को मेरी जहां भी जरूरत हो, मैं वहां बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हूं। लेकिन अगर कोई मुझसे पूछे तो मैं हमेशा तीसरा नंबर ही कहूंगा।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।