DC vs SRH: जीत की हैट्रिक पर होगी हैदराबाद की नजर, दिल्ली कैपिटल्स के भी हौसले बुलंद
आईपीएल 2026 में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला होगा। मैच हैदराबाद में खेला जाएगा। पिछले 2 मैचों में जीत दर्ज करने वाली एसआरएच की नजर जीत की हैट्रिक पर होगी, वहीं दिल्ली कैपिटल्स जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में हैदराबाद को पछाड़ना चाहेगी।

पिछले दो मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम मंगलवार को हैदराबाद में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। दोनों टीम के अभी छह-छह अंक है लेकिन सनराइजर्स का नेट रन रेट बेहतर है और इसलिए वह चौथे स्थान पर काबिज है। एसआरएच जहां जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी, वही पिछले मैच में जीत से उत्साहित दिल्ली कैपिटल्स के हौसले भी बुलंद होंगे।
कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में सनराइजर्स की गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही थी लेकिन उसने धीरे-धीरे इसमें सुधार कर लिया है। कमिंस भी टीम से जुड़ गए हैं लेकिन वह इस मैच में नहीं खेल पाएंगे।
SRH के युवा गेंदबाजों ने किया प्रभावित
सनराइजर्स की तरफ से पिछले दो मैच में अपेक्षाकृत कम चर्चित खिलाड़ियों प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और शिवांग कुमार ने मौकों का पूरा फायदा उठाया है।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हिंगे के शानदार प्रदर्शन के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ ईशान मलिंगा की अगुवाई में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उसकी टीम जीत हासिल करने में सफल रही।
बल्लेबाजी सनराइजर्स का मजबूत पक्ष रहा है लेकिन पिछले कुछ मैच में उसके प्रमुख बल्लेबाज जैसे ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं बनाए रख पाए हैं।
बल्लेबाजी में उसका दारोमदार शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर है लेकिन इनके नहीं चल पाने पर उसके मध्यक्रम पर दबाव बढ़ जाता है। विशेषकर हेनरिक क्लासेन को सारी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। मध्यक्रम में उसके अन्य बल्लेबाज अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी
दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं बना पाई है। केएल राहुल, पथुम निसांका और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे बल्लेबाजों ने रन बनाए हैं, लेकिन टीम को उनसे और अधिक योगदान की जरूरत है।
पहले दो मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले समीर रिजवी पिछले तीन मैच में दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाए जो दिल्ली कैपिटल्स के लिए चिंता का विषय है।
दिल्ली की गेंदबाजी में हालांकि विविधता है और पिछले साल टीम की तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की अनुपस्थिति के बावजूद उसके गेंदबाजों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने किफायती गेंदबाजी और विकेट लेने की क्षमता का बेहतरीन तालमेल बिठाते हुए गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व किया है। उन्होंने अब तक पांच मैचों में सात विकेट लिए हैं।
कप्तान अक्षर पटेल ने भी किफायती गेंदबाजी की है लेकिन बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव अभी तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं, जबकि तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और टी नटराजन ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
टीम इस प्रकार हैं:
सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रैविस हेड, प्रफुल्ल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, ईशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पायने, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा, जीशान अंसारी.
दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, करुण नायर, डेविड मिलर, पथुम निसांका, साहिल पारख, पृथ्वी साव, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, अजय मंडल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, औकिब डार, नीतीश राणा, मिचेल स्टार्क, टी नटराजन, मुकेश कुमार, दुष्मंथा चमीरा, लुंगी एनगिडी, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव।
समय: मैच शाम 7.30 बजे शुरू होगा।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



