SRH vs RR: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, क्लासेन… IPL 2026 के एलिमिनेटर में धुरंधर बल्लेबाजों की टक्कर
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की भिड़ंत होगी। इस मुकाबले में धुरंधर बल्लेबाजों की भी टक्कर होगी। एक तरफ जहां RR में वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल हैं तो SRH में अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन, ईशान किशन और ट्रेविस हेड हैं।

अपने विस्फोटक बल्लेबाजों की मौजूदगी से बेहद मजबूत नजर आ रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बुधवार को मुल्लांपुर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का ये एलिमिनेटर मुकाबला जोरदार होने की उम्मीद है। सनराइजर्स हैदराबाद को राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी और तेज तर्रार गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से सावधान रहना होगा।
सनराइजर्स की टूर्नामेंट की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी लेकिन उसने दूसरे चरण में लय हासिल कर ली। नियमित कप्तान पैट कमिंस के आने से भी टीम को काफी फायदा हुआ, क्योंकि उसने अपने इन आखिरी सात मैचों में से पांच में जीत हासिल की।
सनराइजर्स ने लीग चरण में राजस्थान रॉयल्स को दो बार हराया था और इस तरह से कमिंस और उनकी टीम को बहुत अधिक दबाव वाले नॉकआउट मुकाबले में मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल होगी।
रॉयल्स के कप्तान रियाग पराग ने खुद स्वीकार किया कि उनकी टीम को लीग चरण के आखिरी दिन तक इंतजार करने से बहुत पहले ही क्वालीफाई कर लेना चाहिए था, लेकिन अब जबकि टीम वहां पहुंच गई है तब वह आगे बढ़ने के लिए बेताब होगी।
रॉयल्स के शीर्ष क्रम में वैभव सूर्यवंशी (583 रन), यशस्वी जायसवाल (397) और ध्रुव जुरेल (458) ने सर्वाधिक रन बनाए हैं।
सनराइजर्स की तरफ से भी शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा (563 रन), ट्रैविस हेड (393) और ईशान किशन (569) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लेकिन नंबर चार पर बल्लेबाजी करने वाले हेनरिक क्लासेन (606) का खास तौर पर जिक्र करना जरूरी है, क्योंकि उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है।
दोनों टीमों के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की विस्फोटक क्षमता के बावजूद जायसवाल और हेड के प्रदर्शन में उतनी निरंतरता नहीं रही है जितना वे चाहते थे।
सनराइजर्स यकीनन टूर्नामेंट की सबसे आक्रामक टीम है और इसलिए यह कोई हैरानी की बात नहीं थी कि रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा से विपक्षी टीम के शीर्ष चार बल्लेबाजों से निपटने की उनकी रणनीति के बारे में पूछा गया।
संगकारा ने कहा, ‘उनकी टीम बहुत अच्छी है और वह बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्हें खुद पर भरोसा है कि वे खुलकर खेलेंगे और उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में ऐसा ही किया है। हमें वास्तव में अपनी लय बनाए रखनी होगी। अनुशासित रहना होगा और यह समझना होगा कि वह ऐसी टीम नहीं है जिसे आप 120 या 130 रन पर रोक सकते हैं। हमें अपनी लाइन और लेंथ को लेकर आक्रामक रहना होगा।’
श्रीलंका के इस दिग्गज को उम्मीद होगी कि पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले आर्चर एक बार फिर मैच विजेता प्रदर्शन करेंगे, जैसा कि उन्होंने वानखेड़े में मुंबई इंडियंस के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में किया था।
नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने भी आर्चर का तेज गेंदबाजी विभाग में अच्छा साथ दिया है। युवा लेग-स्पिनर यश राज पुंजा अपने पहले आईपीएल सत्र में ही रवि बिश्नोई से आगे निकलकर प्रमुख स्पिनर के रूप में उभरे हैं, जबकि अनुभवी रवींद्र जडेजा को बल्ले और गेंद दोनों से और बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है।
बेखौफ बल्लेबाजी करने वाले सूर्यवंशी एक बार फिर कमिंस, ईशान मलिंगा (19) और साकिब हुसैन जैसे गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करने से नहीं हिचकिचाएंगे। अगर यह युवा बल्लेबाज पावरप्ले में अच्छी शुरुआत देता है तो वह विपक्षी टीम से मैच छीन सकता है।
इस मैदान पर इस सत्र में जो चार मैच खेले गए उनमें बल्लेबाजों की तूती बोली। इनमें से तीन मैच में 220 से अधिक रन बने। इनमें मेजबान टीम पंजाब किंग्स द्वारा बनाए गए 254 रन भी शामिल हैं।
टीम इस प्रकार हैं:
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, स्मरण रविचंद्रन, अनिकेत वर्मा, अभिषेक शर्मा, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), ईशान मलिंगा, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल, जीशान अंसारी, सलिल अरोड़ा, साकिब हुसैन, अमित कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवांग कुमार, ओंकार तरमाले, दिलशान मदुशंका, गेराल्ड कोएत्ज़ी, आरएस अंबरीश।
राजस्थान रॉयल्स: शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रियान पराग (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, युद्धवीर सिंह चरक, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, विग्नेश पुथुर, अमन राव पेराला, ब्रिजेश शर्मा, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, दासुन शनाका, यशराज पुंजा, इमानजोत सिंह चहल।
समय: मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे (भारतीय समयानुसार)।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



