वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ एलिमिनेटर में प्लान B ही नहीं, C भी तैयार कर रखे हैं पैट कमिंस!
IPL 2026 में RR के खिलाफ एलिमिनेटर से पहले SRH के कप्तान पैट कमिंस काफी आत्मविश्वास में दिख रहे हैं। जिओस्टार पर उन्होंने कहा कि चैंपियन बनने के लिए उन्हें अब लगातार 3 जीत ही हासिल करनी है जो मुश्किल तो है लेकिन मुमकिन भी है। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी के लिए प्लान B और C का भी इस्तेमाल करेंगे।

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस काफी आत्मविश्वास में दिख रहे हैं। पिछले तीन सीजन में अपनी कप्तानी में दूसरी बार SRH को प्लेऑफ में पहुंचाने वाले कमिंस ने जिओस्टार से बातचीत में कहा कि उन्हें खिताब जीतने के लिए अब लगातार 3 मैच ही जीतने हैं। ये आसान तो नहीं है लेकिन मुमकिन भी है क्योंकि लीग स्टेज में टीम लगातार 5 मैच में जीतने का कारनामा कर चुकी है। लीग स्टेज में SRH दो बार RR को हरा चुकी है लेकिन पैट कमिंस बखूबी जानते हैं कि उनके और उनकी मंजिल के बीच विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी एक बड़ी दीवार बन सकते हैं। इसलिए SRH कप्तान ने उनके खिलाफ प्लान बी और प्लान सी भी तैयार कर रखा है।
जिओस्टार पर पैट कमिंस ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा, ‘एक गेंदबाज के तौर पर ये समझ जरूरी है कि आप क्या अच्छा करते हैं और आप अपनी स्ट्रेंथ के हिसाब से गेंदबाजी करें। लेकिन हर लाइनअप में एक या दो खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो विपक्षी टीम से मैच छीन लेते हैं। उनके लिए आप प्लान बी या प्लान सी पर थोड़ा और ज्यादा काम करते हैं। इसलिए हम उनके लिए प्लान बनाएंगे। पिछली बार उन्होंने हमारे खिलाफ शतक जड़ा था। मुझे लगता है कि हमने कुछ समय तक उन्हें अच्छी गेंदबाजी की थी और उन्हें शांत रखा था। लेकिन बाद में वह हावी हो गए। इसलिए हम उससे सीखेंगे।’
प्लेऑफ के दबाव को लेकर कमिंस ने कहा, ‘थोड़ा दबाव तो ज्यादा होगा, यह तो मानना ही होगा...इसलिए मेरी हमेशा यही मानसिकता रही है। और ज्यादा पारंपरिक होने के बजाय प्रयोग कीजिए और पहले से ज्यादा आक्रामक रहिए। हमें इसे जीतने के लिए लगातार 3 जीत चाहिए। हम इस सीजन में इससे ज्यादा लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं। एक समय हमने लगातार 5 मैच जीते, इसलिए ये संभव है। ये वो टीमें हैं जिन्हें हम अच्छे से जानते हैं। हां, ये बहुत आसान नहीं होने जा रहा लेकिन मुझे लगता है कि हम इसे कर सकते हैं।’
लीग चरण में राजस्थान रॉयल्स को दो बार हराने का एलिमिनेटर मुकाबले में कोई महत्व रहेगा या नहीं, इस पर कमिंस ने कहा, ‘आपको शुरू से शुरुआत करनी होती है लेकिन आप पिछले मुकाबलों से सबक ले सकते हैं। हम उनके खिलाफ दो बार खेले। हमारे कई खिलाड़ी पीछे मुड़कर उन मैचों को देख सकते हैं जहां उन्होंने सफलता हासिल की और फाइनल में पहुंचने की तरफ बढ़ सकते हैं। इसलिए किसी ऐसी टीम के खिलाफ खेलना हमेशा अच्छा होता है जिसके खिलाफ आप पहले कामयाब हो चुके हों।’
पैट कमिंस ने जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हेनरिक क्लासेन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे मिडल ऑर्डर में क्लासेन हैं। कमिंस ने कहा, 'वह बहुत ही अच्छे खिलाड़ी हैं। वह हमेशा से ऐसा रहे हैं और इस साल तो वह एक अलग ही लेवल पर पहुंच चुके हैं। उनकी कुछ पारियां, चेन्नई के मुश्किल विकेट पर और यहां तक कि आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में भी उनकी पारी अविश्वसनीय थी। यह मजेदार है कि वह कैसे आते हैं और मैच का टेंपो ही बदलकर रख देते हैं। इसलिए हम खुशकिस्मत हैं कि वह हमारे मिडल ऑर्डर में हैं। वह हमारी सफलता की एक बड़ी वजह हैं और इसलिए उम्मीद करते हैं कि वह ऐसा ही प्रदर्शन करते रहे। वह शानदार हैं।'
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



