IPL टीमों के कुछ मालिक किए थे काले जादू का इस्तेमाल; ललित मोदी का सनसनीखेज दावा
IPL में जीतने के लिए क्या कुछ टीमों के मालिक या फैंस काले जादू का इस्तेमाल करते हैं? ये बेतुकी और पूरी तरह अंधविश्वास वाली बात है क्योंकि अगर अच्छे खेल के अलावा इस तरह से भी मैच जीते जाते तो कोई टीम हर टूर्नामेंट ही जीत जाती। लेकिन IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने इस तरह का सनसनीखेज दावा किया है।

क्रिकेट हो या कोई भी खेल, जीत-हार तो खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ही निर्भर होता है। लेकिन अक्सर कुछ फैंस और यहां तक कि खिलाड़ी भी कुछ टोटके आजमाते हैं, जिसे वे खुद के लिए लकी मानते हैं। नजीर के तौर पर सचिन तेंदुलकर का हमेशा पहले बायां पैड पहनना, कोहली का दाहिनी कलाई पर काला धागा पहनना, स्टीव वॉ का जेब में फटा हुआ लाल रुमाल रखना वगैरह। ये तो महज टोटके हैं, लेकिन क्या फैंस, खिलाड़ी या टीमें विपक्षी से जीतने के लिए काले जादू का सहारा लेती हैं? आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने तो दावा किया है कि आईपीएल टीमों के कुछ मालिकों ने 2011 में काले जादू तक का इस्तेमाल किया था, जिसका उनके पास पुख्ता सबूत है। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया है कि वह किसी फिल्म या टीवी सीरीज के जरिए इससे जुड़ी हर चीज का खुलासा करना चाहते हैं।
CSK के कथित खत के जवाब में ललित मोदी का दावा
ललित मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ये दावा किया है। उनका दावा सोशल मीडिया पर घूम रहे चेन्नई सुपर किंग्स के एक कथित खत के जवाब में आया है।
सोशल मीडिया पर चेन्नई सुपर किंग्स का बीसीसीआई को लिखा गया एक कथित खत वायरल है जिसमें फ्रेंचाइजी ने कथित तौर पर दावा किया है कि आईपीएल 2026 में 18 अप्रैल को दर्शकों के एक तबके ने सीएसके के खिलाड़ियों को जानबूझकर टारगेट करते हुए 'काला जादू, वूडू और तंत्र-मंत्र' जैसी क्रियाएं करता दिखा।
ललित मोदी का पोस्ट
मैक्सिमस चतुर्वेदी नाम के एक सोशल मीडिया हैंडल से सीएसके का बीसीसीआई को लिखा गया कथित खत शेयर किया गया है। उसी को कोट करते हुए ललित मोदी ने लिखा है, ‘मुझे याद है कि मैंने ये पोस्ट किया था कि कुछ टीम मालिक विपक्षी टीम के खिलाफ इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। वे विपक्षी टीम के ड्रेसिंग रूम में भी ये करते हैं। यहां तक कि मैंने इसे लेकर 2011 सीजन के दौरान विपक्षी टीम को आगाह भी किया था। जब यह हुआ तब मुझे ठोस सबूत के साथ अलर्ट मिला था। इस तरह की सारी हरकतें किसने की, इसका खुलासा मैं मूवी या टीवी सीरीज के जरिये करूंगा जिसके बारे में मेरी टीम खुलासा करेगी।’
क्या है सीएसके के कथित खत की सच्चाई?
सीएसके की तरफ से बीसीसीआई को लिखा जो कथित खत वायरल हो रहा है, उसमें फ्रेंचाइजी के सीईओ कासी विश्वनाथ के कथित दस्तखत हैं। कथित खत में कहा गया है कि हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भीड़ के एक खास तबके ने काले जादू का इस्तेमाल किया।
सीएसके ने क्या सच में इस तरह का कोई खत बीसीसीआई को लिखा है? ऐसा लगता नहीं है। ये कथित खत सीएसके के खराब प्रदर्शन पर व्यंग्य के लिए बनाया गया लगता है। इसे लेकर फ्रेंचाइजी की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।
दर्शक का 'काला जादू' करता वीडियो वायरल
वैसे सोशल मीडिया पर एक दर्शक का वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है। दर्शक एसआरएच की जर्सी पहने हुए है और नींबू को हाथ में लेकर कुछ बुदबुदाते हुए इस अंदाज में हाथ झिटकता है जैसे कोई जादूगर करता है। संयोग से उसी दौरान सीएसके का बल्लेबाज क्लीन बोल्ड हो जाता है। उसके बाद दर्शक मोबाइल कैमरे की तरफ नींबू को दिखाते हुए अपनी खुशी का इजहार करता है।
उसका नींबू के साथ कुछ करना और उसी समय विकेट का गिरना महज एक संयोग है, लेकिन इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर काले जादू के इस्तेमाल के दावे किए जा रहे हैं। कुछ यूजर हास्य-व्यंग्य के लिए ऐसा कर रहे तो कुछ इस अंधविश्वास पर विश्वास करते दिख रहे हैं।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



