शुभमन गिल ने तोड़ डाला MS धोनी का रिकॉर्ड, देखें IPL इतिहास में टीम की जीत में किसने बनाए सबसे ज्यादा रन?
शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 84 रनों की पारी खेल टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसी के साथ गिल ने आईपीएल में टीम की जीत में 3000 रन बनाने का आंकड़ा भी पार किया। उन्होंने धोनी का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ा।

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 84 रनों की धमाकेदार पारी खेल टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। जीटी इस जीत के साथ आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं गिल ने अपनी इस पारी के दौरान एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा। शुभमन गिल आईपीएल इतिहास के 6ठे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिसने टीम की जीत में 3000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। गिल ने इस लिस्ट में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पछाड़ टॉप-5 में अपनी जगह बना ली है।
IPL इतिहास में टीम की जीत में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 भारतीय
शुभमन गिल के नाम आईपीएल में अब टीम की जीत में 3055 रन हो गए हैं। यह रन उन्होंने 55 की लाजवाब औसत और 147 के स्ट्राइक रेट के साथ बनाए। वहीं धोनी ने टीम की जीत में 46 की औसत और 149 के स्ट्राइक रेट के साथ 3050 रन बनाए थे। चोटिल होने की वजह से धोनी इस सीजन एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं।
विराट कोहली लिस्ट में सबसे आगे
विराट कोहली के नाम आईपीएल के इतिहास में बतौर भारतीय और ओवरऑल भी टीम की जीत में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। कोहली आईपीएल में टीम की जीत में 5000 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने RCB की जीत में 51 की औसत और 140 के स्ट्राइक रेट के साथ 5157 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा, शिखर धवन और सुरेश रैना जैसे खिलाड़ी भी हैं।
IPL जीत में भारतीयों में सबसे ज़्यादा रन (एवरेज/SR)
◎ 5157: विराट कोहली (51/140)
◎ 4467: रोहित शर्मा (39/138)
◎ 3989: शिखर धवन (43/133)
◎ 3559: सुरेश रैना (38/139)
◉ 3055: शुभमन गिल (55/147)
◎ 3050: एमएस धोनी (46/149)
◎ 2934: अजिंक्य रहाणे (37/126)
कप्तान शुभमन गिल की 84 रन की विस्फोटक पारी और साई सुदर्शन के शानदार अर्धशतक के बाद राशिद खान (33 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल से गुजरात टाइटंस ने अहम मुकाबले में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से शिकस्त देकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया। टाइटंस ने मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर चार विकेट पर 229 रन बनाने के बाद रॉयल्स की पारी को 16.3 ओवर में 152 रन पर समेटकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।
इस बड़ी जीत से टाइटंस की टीम अपना नेट रन रेट सुधारने में सफल रही। टीम की यह 11 मैचों में सातवीं जीत है और वह 14 अंक के साथ तालिका में पांचवें से दूसरे स्थान पर पहुंच गई। रॉयल्स इतने ही मैचों में पांचवीं हार के बाद 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है।
राशिद को गेंदबाजी में जेसन होल्डर (12 रन पर तीन विकेट) और कागिसो रबाडा (33 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। मोहम्मद सिराज ने चार ओवर में 55 रन लुटाए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का अहम विकेट चटकाया।
रॉयल्स के लिए रविंद्र जडेजा ने 25 गेंदों में 38, वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 36 और ध्रुव जुरेल ने 10 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर गिल ने बाएं पैर में परेशानी के बावजूद 44 गेंदों में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से तेजतर्रार 84 रन बनाए। सुदर्शन ने 36 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की सहायता से 55 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
पारी के अंतिम ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया ने चार गेंदों में नाबाद 14 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। तेवतिया ने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़े, जिससे टीम ने 21 रन बटोरे और मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 47 रन देकर दो विकेट झटके। इसके अलावा यश राज पुंजा और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



