शर्मनाक! विराट कोहली से तकरार के बाद ट्रेविस हेड की पत्नी और परिवार बने ऑनलाइन नफरत के शिकार
ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने दावा किया है कि उन्हें और उनके पति को एक बार फिर भारतीय क्रिकेट फैंस की अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है। ठीक वैसे ही जैसे वनडे वर्ल्ड कप के बाद हुआ था। जेसिका का दावा है कि न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके दोस्तों और फैमिली मेंबर्स को भी टारगेट किया जा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका हेड ने दावा किया है कि उन्हें और उनके पति को एक बार फिर भारतीय क्रिकेट फैंस की अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है। ठीक वैसे ही जैसे वनडे वर्ल्ड कप के बाद हुआ था। जेसिका का दावा है कि न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके दोस्तों और फैमिली मेंबर्स को भी इनबॉक्स में नफरतभरे शब्दों और गालीगलौज वाले संदेशों से जूझना पड़ रहा है। ये सब आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद और आरसीबी के मैच के बाद हुआ जिसमें विराट कोहली और ट्रेविस हेड ने एक दूसरे पर हल्के-फुल्के अंदाज में छींटाकशी की थी। शुरुआत में लगा कि दोनों क्रिकेटर एक दूसरे पर हंसी-मजाक वाली टिप्पणियां कर रहे हैं लेकिन मैच के बाद कोहली ने हेड से हाथ नहीं मिलाया था।
ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने ऑस्ट्रेलिया के मीडिया आउटलेट द एडवर्टाइजर से कहा, ‘वर्ल्ड कप के बाद जिस तरह के ऑनलाइन एब्यूज का सामना करना पड़ा था, ये उसी के दोहराव जैसा लग रहा। मैं जगी तो सोशल मीडिया पर ये सब हो रहा था....हम तो ठीक हैं लेकिन वे हमारे दोस्तों और परिजनों पर भी हमला कर रहे हैं।’
सोशल मीडिया पर यूजर्स का एक तबका हेड और उनकी पत्नी को लेकर अभद्र टिप्पणियां कर रहा है। इनमें से कई ने तीन साल पहले हुई उनकी शादी की तस्वीरों पर टिप्पणियां कर रहे हैं। कुछ उनके परिजनों को भी लपेट रहे हैं और जहरीली टिप्पणियां कर रहे हैं। यहां तक कि धमकियां तक दे रहे हैं।
ऐसा पहली बार नहीं है जब जेसिका को भारतीय क्रिकेट फैंस के एक तबके ने निशाना बनाया है। 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल और उसी साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के बाद भी कुछ ऐसा ही हुआ था। दोनों बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की थी और तब जेसिका और उनके परिवार को कथित तौर पर बहुत ही भद्दे और अपमानजनक ऑनलाइन संदेश मिले थे। कथित तौर पर उन्हें रेप और अपहरण की धमकी दी गई थी। 2024 में जब बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था तब भी जेसिका को ऑनलाइन एब्यूज का सामना करना पड़ा था।
जेसिका ने द एडवर्टाइजर को बताया, ‘जुनून तो हमेशा से खेल का हिस्सा होगा लेकिन ये याद रखना होगा कि खेल के पीछे वास्तव में लोग होते हैं और उनके परिवार होते हैं। एक दूसरे के प्रति सम्मान और समर्थन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।’
पूरे मामले पर ट्रेविस हेड की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। दरअसल शनिवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और आरसीबी की भिड़ंत हुई थी। एसआरएच ने ये मैच 55 रन से जीत लिया था। मैच में कोहली ने 11 गेंदों में 15 रन बनाए थे। जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे तब उनके और ट्रेविस हेड के बीच जुबानी जंग देखने को मिली थी। हालांकि ये अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है कि इसकी शुरुआत कैसे हुई। शुरुआत में ये हंसी-मजाक जैसा लगा लेकिन मैच के बाद कोहली ने हेड से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। ऑस्ट्रेलियाई बैटर ने कोहली की तरफ हाथ बढ़ाया लेकिन वह पैट कमिंस और अभिषेक शर्मा से हाथ मिलाने के बाद हेड को जानबूझकर नजरअंदाज करके आगे बढ़ गए थे।



