डिफेंड नहीं, अटैक करने आए हैं; क्वालिफायर-1 से पहले RCB कप्तान रजत पाटीदार की हुंकार
IPL 2026 का क्वालिफायर 1 डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और गुजरात टाइटन्स के बीच मंगलवार को धर्मशाला में खेला जाएगा। मुकाबले से पहले आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने हुंकार भरी है कि उनकी टीम यहां डिफेंड करने नहीं बल्कि अटैक करने के लिए आई है। उन्होंने गेंदबाजी को अपनी टीम की ताकत बताया।

आईपीएल 2026 का पहला क्वालिफायर मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और गुजरात टाइटन्स के बीच मंगलवार को धर्मशाला में होने जा रहा है। उससे पहले आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने हुंकार भरी है कि उनकी टीम यहां डिफेंड करने नहीं बल्कि अटैक करने के लिए आई है। उन्होंने कहा कि दबाव की स्थिति में प्लान को सही से अंजाम देने और टीम के मजबूत पक्ष पर यकीन बनाए रखना निर्णायक होगा।
लीग चरण में आपसी टक्कर में कौन पड़ी थी भारी?
लीग चरण में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच खेले गए दो मुकाबलों में दोनों टीमों ने एक-एक जीत हासिल की थी। आरसीबी ने जहां एक मैच में जीटी को 5 विकेट से हराया था, वही गुजरात टाइटन्स ने हिसाब बराबर करते हुए दूसरे मुकाबले में 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।
क्वालिफायर 1 इसलिए महत्वपूर्ण है कि इसमें जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। हालांकि, हारने वाली टीम बाहर नहीं होगी और उसे क्वालिफायर-2 में एक और मौका मिलेगा जहां उसकी भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद या राजस्थान रॉयल्स में से किसी एक से होगा। दरअसल पॉइंट्स टेबल में तीसरे और चौथे नंबर पर मौजूद एसआरएच और आरआर के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा और उसमें जीतने वाली टीम क्वालिफायर 1 में हारने वाली टीम से क्वालिफायर 2 में भिड़ेगी।
'जो टीम प्लान को बेहतर से अंजाम देगी वो जीतेगी'
गुजरात टाइटन्स के साथ क्वालिफायर मुकाबले से पहले आरसीबी की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, ‘दोनों टीमों ने पूरे सीजन में अच्छा किया है। किसी भी दिन जो भी टीम अपने प्लान को बेहतर ढंग से अंजाम देगी, बेहतर क्रिकेट खेलेगी और दबाव में शांत बनी रहेगी, मुझे लगता है कि वह टीम मैच जीतेगी।’
पाटीदार ने आगे कहा, 'क्वालिफायर 1 एक बड़ा मंच है। हमें संयम बनाने रखना होगा और जो कुछ भी हम कर रहे हैं, उस पर भरोसा बनाए रखना होगा।'
रजत पाटीदार ने आरसीबी की गेंदबाजी को इस सीजन में टीम की निर्णायक मजबूती मानते हैं और उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम के अभियान को आक्रामक मानसिकता ने आकार दिया है।
'हम डिफेंड नहीं, बल्कि आक्रामक मानसिकता संग आए हैं'
आरसीबी कप्तान ने कहा, ‘हमारी ताकत गेंदबाजी है और हम पावरप्ले में जिस तरह की गेंदबाजी करेंगे, वो बहुत महत्वपूर्ण होगा। यहां टीम में मौजूद हर कोई जानता है कि हम यहां डिफेंड करने के लिए नहीं, बल्कि आक्रामक मानसिकता के साथ आए हैं और हम शुरुआत में विकेट चटकाना चाहेंगे। भुवी, हेजलवुड और रसिख यही करते आ रहे हैं और हमें उम्मीद है कि हम इसे जारी रखेंगे।’
'भुवी से युवा गेंदबाजों में मिलती है मदद'
आरसीबी कप्तान ने भुवनेश्वर कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी से युवा गेंदबाजों को प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा कहता हूं कि भुवी एक अनुभवी गेंदबाजी हैं और उन्हें अपनी ताकत पता है। जिस तरह से वह जूनियर खिलाड़ियों से बात करते हैं खासकर गेंदबाजों से, वो टीम में उनकी मौजूदगी को बहुत महत्वपूर्ण बना देता है।'
वेंकटेश अय्यर के एटिट्यूड की तारीफ की
रजत पाटीदार ने वेंकटेश अय्यर की खास तौर पर तारीफ की जिन्होंने पिछले दो मैचों में शानदार बल्लेबाजी की थी। अय्यर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मिडल ऑर्डर में नाबाद 74 रन और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ओपनर के तौर पर 44 रन की पारी खेली थी।
पाटीदार ने कहा, 'मैं वेंकी (वेंकटेश अय्यर) को बचपन से जानता हूं और वह जिस तरह से खुद को पेश करता है वो अद्भुत है। वह किसी भी परिस्थिति में जिस तरह से खेलता है और उसके बैटिंग ऑर्डर में जो लचीलापन है, मैं उसके एटिट्यूड को बहुत पसंद करता हूं।'
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



