पंजाब किंग्स बाकी के मैचों में अपनाए बेखौफ रवैया; दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज मार्क बाउचर ने दी सलाह

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर का मानना ​​है कि पंजाब किंग्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अपने बाकी बचे मैचों में मानसिक रूप से खुद को तैयार करने और बेखाैफ रवैया अपनाने से फिर से लय हासिल कर सकता है।

पंजाब किंग्स बाकी के मैचों में अपनाए बेखौफ रवैया; दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज मार्क बाउचर ने दी सलाह

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर का मानना ​​है कि पंजाब किंग्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अपने बाकी बचे मैचों में मानसिक रूप से खुद को तैयार करने और बेखाैफ रवैया अपनाने से फिर से लय हासिल कर सकता है। पंजाब की टीम गुरुवार को धर्मशाला में मुंबई इंडियंस से छह विकेट से हार गई थी जो उसकी लगातार पांचवीं पराजय थी।

बाउचर ने जियोहॉटस्टार से कहा, ‘पंजाब किंग्स लगातार करीबी हार के कारण इस स्थिति में पहुंचा है। कभी-कभी शीर्ष चार में बने रहने और क्वालीफाई करने की संभावनाओं के बारे में सोचने से अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इस तरह की मानसिकता से दूर रहने से उन्हें मदद मिल सकती है।’

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

उन्होंने कहा, ‘अगर उसकी टीम बाकी बचे मैचों में बेखौफ रवैया अपनाती है और इस सोच के साथ खेलती है कि अब खोने के लिए कुछ नहीं है तो उस पर से दबाव कम होगा। आईपीएल ऐसा टूर्नामेंट है जहां समीकरण तेजी से बदलते हैं और पंजाब किंग्स को मानसिक रूप से खुद को तैयार करना होगा।’

भारत के पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला ने कहा कि पंजाब की गेंदबाजी, विशेष रूप से उसके विदेशी तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बन गया है। चावला ने कहा, ‘पंजाब किंग्स अब बहुत दबाव में हैं क्योंकि टूर्नामेंट में बने रहने के लिए उसे अपने शेष मैच जीतने ही होंगे। विदेशी गेंदबाजों का अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण उसके लिए गेंदबाजी बड़ी चिंता का विषय बन गई है। उसके विदेशी तेज गेंदबाज फॉर्म और निरंतरता हासिल करने के लिए जूझ रहे हैं।’

प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर उसकी मुश्किलें बढ़ा दी। अब पंजाब को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैचों को जीतना ही होगा। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए थे। प्रभसिमरन सिंह ने 57 और अजमतुल्लाह उमरजई ने 38 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने 4 विकेट झटके। दीपक चाहर को दो सफलता मिली।

मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा की शानदार और नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत 1 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से जीत हासिल कर ली। वर्मा ने 33 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और इतने ही छक्के जड़े। रियान रिकेल्टन 2 रन से अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 23 गेंदों में 48 रन की पारी खेली।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।