प्रीति जिंटा की वजह से IPL में पलटी केएल राहुल की किस्मत? कैसा रहा जीरो से हीरो बनने तक का सफर

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

केएल राहुल की गिनती अब आईपीएल के सबसे सफल बल्लेबाजों में की जाती है, मगर कुछ साल पहले तक कहा जाता था कि वह सिर्फ एक टेस्ट स्पेशलिस्ट है। 2018 में प्रिति जिंटा ने उनकी किस्मत पलट कर रख दी।

Preity Zinta changed KL Rahul fortunes in the IPL

भरोसा एक ऐसी चीज है जो किसी भी इंसान से कुछ भी करवा सकता है, हालांकि इसे सही समय पर और सही व्यक्ति पर दिखाना बेहद जरूरी है। यही भरोसा 2018 में पंजाब किंग्स की सह-मालिक प्रीति जिंटा ने केएल राहुल पर दिखाया था। केएल राहुल का आईपीएल डेब्यू 2013 में हुआ था, उनकी पहली टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु थी। आरसीबी ने उन्हें 10 लाख के बेस प्राइज में खरीदा था। 2013 से 2016 तक वह आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद दो टीमों के लिए खेले, मगर उम्मीदों के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए। इसके बाद उन पर ‘टेस्ट स्पेशलिस्ट’ का टैग लग गया। 2017 में राहुल चोट के चलते आईपीएल से बाहर हो गए। उस समय ऐसा लगने लगा कि राहुल का आईपीएल करियर अब बस यहीं समाप्त हो जाएगा। मगर इसके बाद एंट्री होती है प्रीति जिंटा की। पंजाब किंग्स की इस सह-मालिक ने केएल राहुल पर जो भरोसा जताया उसके शुक्रगुजार आज भी राहुल होंगे।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

केएल राहुल का आईपीएल सफर

2013 में आरसीबी की ओर से आईपीएल डेब्यू करने के बाद केएल राहुल 2014 और 2015 का सीजन सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेले। मगर वह वहां भी कुछ कमाल नहीं कर पाए। 2016 में उनकी आरसीबी की टीम में वापसी हुई। इस बार उनके प्रदर्शन में थोड़ा सुधार आया, मगर अगले ही सीजन वह चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए। राहुल ने आईपीएल 2016 में 14 मैचों में 397 रन बनाए थे। इससे पहले तीन सीजन में वह एक भी बार 200 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाए थे।

केएल राहुल पर लगा था टेस्ट स्पेशलिस्ट का टैक

केएल राहुल एक तरफ आईपीएल में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम हो रहे थे, वहीं टेस्ट क्रिकेट में वह अपनी शानदार तकनीक से धमाल मचा रहे थे। 2015 और 2016 में वह कुल 4 शतक लगा चुके थे, जिनमें से 2 शतक सिडनी और किंगस्टन में आए थे। उन्हें टेस्ट स्पेशलिस्ट का टैग मिल चुका था। 2017 में जब वह कंधे की गंभीर चोट के चलते आईपीएल से बाहर हुए तो हर किसी को लगने लगा कि उनका आईपीएल करियर अब बस यहीं समाप्त हो जाएगा।

लेकिन इसके बाद प्रीति जिंटा की पंजाब किंग्स (उस समय किंग्स XI पंजाब) उनकी जिंदगी में एक फरिश्ता बनकर आई। पंजाब की टीम ने केएल राहुल पर 11 करोड़ रुपए का दांव चला। जैसे ही नीलामी में पंजाब ने राहुल को खरीदा तो क्रिकेट के गलियारों में बातें होने लगी कि कैसे कोई टीम इतनी मुर्ख हो सकती है कि टेस्ट स्पेशलिस्ट बल्लेबाज पर टी20 क्रिकेट के लिए 11 करोड़ रुपए खर्च कर दिए। जब तक आईपीएल शुरू नहीं हुआ राहुल को लेकर प्रीति जिंटा को अकसर ट्रोल किया जाता था। मगर जब टूर्नामेंट का आगाज हुआ तो सारी आवाज बंद हो गई।

केएल राहुल ने आलोचकों के मुंह पर लगाया ताला

आर अश्विन की कप्तानी में पंजाब किंग्स के लिए डेब्यू करते हुए केएल राहुल ने पहले ही मैच में 14 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया। यह उस समय आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक था। राहुल से पहले यह रिकॉर्ड सुनील नरेन और यूसुफ पठान के नाम था, जिन्होंने 15-15 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी थी। केएल राहुल ने अपनी इस पारी से ही सभी आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया था।

केएल राहुल ने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा

केएल राहुल का आईपीएल 2018 का सीजन करियर बदल देने वाला सीजन रहा। उन्होंने 14 मैचों में 54.91 की औसत के साथ 659 रन बनाए। राहुल इसके बाद पंजाब किंग्स के कप्तान भी बने। उन्हें लखनऊ सुपर जाएंट्स ने भी अपने स्क्वॉड में शामिल कर कप्तान बनाया। 2018 से 2025 आईपीएल के बीच केएल राहुल ने सिर्फ एक बार 500 से कम रन बनाए, वो भी 2023 में जब वह चोट के चलते बीच सीजन में बाहर हुए थे।

हां, आईपीएल में केएल राहुल के स्ट्राइक रेट की आलोचना होती आई है, मगर पिछले दो सीजन में उन्होंने इस जगह भी सुधार किया है। राहुल ने 2025 में 149.72 के स्ट्राइक रेट के साथ 539 रन बनाए थे। वहीं 2026 के मौजूदा सीजन में वह 185.84 के स्ट्राइक रेट के साथ 433 रन बना चुके हैं।

केएल राहुल के नाम 2018 से सबसे अधिक प्लेयर ऑफ द मैच

केएल राहुल ने आईपीएल 2018 से पहले एक भी प्लेयर ऑफ द मैच नहीं जीता था। इस सीजन जब उनकी किस्मत पटली तब से लेकर वह अभी तक 17 बार टीम की जीत में अहम भूमिका निभा चुके हैं। पिछले 9 सालों में अगर सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट पर नजर डालें तो दूसरे नंबर पर जोस बटलर और शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 13-13 बार यह कारनामा किया है। वहीं विराट कोहली 9 प्लेयर ऑफ द मैच के साथ चौथे पायदान पर हैं।

2018 से IPL में सबसे ज्यादा POTM अवॉर्ड्स

17 - केएल राहुल*

13 - जोस बटलर, शुभमन गिल

11 - सुनील नरेन, राशिद खान, रुतुराज गायकवाड़

10 - एबी डिविलियर्स, शिखर धवन, आर जडेजा, आंद्रे रसेल, संजू सैमसन

9 - जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, सूर्यकुमार

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।