फिटनेस पर सवाल उठाने वालों को प्रभसिमरन सिंह ने दिया शर्टलेस तस्वीर से खामोश जवाब! 7 दिन में 10 kg वजन बढ़ने का दावा
पंजाब किंग्स के ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने खुद की फिटनेस पर सवाल उठाने वालों को अलग ही अंदाज में जवाब दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी हालिया और शर्टलेस तस्वीर शेयर की है। उनके बारे में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पिछले 7 दिनों में ही ओपनर का वजन 10 किलोग्राम बढ़ गया है।

पंजाब किंग्स ने मंगलवार को फ्रेंचाइजी और कुछ खिलाड़ियों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे 'अफवाहों' पर बहुत ही तल्ख प्रतिक्रिया दी थी। उसने लोगों से 'अपुष्ट खबरों' को नहीं फैलाने और 'दुष्प्रचार' से बचने की अपील की थी। पंजाब किंग्स के जिन खिलाड़ियों को लेकर हाल में चर्चाएं हुई थीं, उनमें प्रभसिमरन सिंह भी थे। उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। चर्चाओं के मुताबिक पिछले 7 दिन में प्रभ का वजन कथित तौर पर 10 किलोग्राम बढ़ गया है। ऐसी चर्चाओं के बीच प्रभसिमरन सिंह ने इंस्टाग्राम पर अपनी हालिया और शर्टलेस तस्वीर शेयर की है। इसे खुद के बारे में अफवाह उड़ाने वालों के लिए जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
‘अफवाहों’ पर पंजाब किंग्स की तीखी प्रतिक्रिया
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स को अपने पिछले चार मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है। इस बीच पिछले 48 घंटे में कई मीडिया रिपोर्ट में टीम में कथित अनुशासनहीनता की तरफ इशारा किया गया है। रिपोर्ट्स में आरोप लगाए गए हैं कि खिलाड़ी ट्रेनिंग सेशन को छोड़कर नाइट गेमिंग में वक्त गुजार रहे हैं। कुछ में ये दावा किया गया कि टूर्नामेंट के दौरान ही ओपनर प्रभसिमरन सिंह का वजन बढ़ गया है। हालांकि मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात को पंजाब किंग्स और उसकी सह-मालकिन प्रीति जिंटा की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट करके ऐसे आरोपों को खारिज किया था। फ्रेंचाइजी और जिंटा की तरफ से बहुत ही तल्ख अंदाज में सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा गया।
बिना कुछ कहे खामोशी से प्रभसिमरन ने दिया जवाब
खुद के वजन बढ़ने का दावा करने वाली रिपोर्ट्स के बीच प्रभसिमरन सिंह ने बिना कुछ कहे ही अपनी तस्वीर से आलोचकों को जवाब दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में अपनी एक शर्टलेस तस्वीर लगाई है और अपने शरीर-सौष्ठव का प्रदर्शन किया है। साथ में उन्होंने साइलेंस वाली इमोजी (श्श्श्श) भी लगाया है।
इसके अलावा उन्होंने एक वीडियो स्टेटमेंट जारी करते हुए पंजाब किंग्स के फैंस को भरोसा दिलाया है कि अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है और टीम ट्रॉफी जीतेगी।
प्रभ की पंजाब किंग्स के फैंस से अपील
पंजाब किंग्स के ऑफिशल सोशल मीडिया हैंडल से जारी वीडियो में प्रभसिमरन सिंह कहते हैं, ‘सत श्री अकाल, शेर स्क्वाड! मैं आपसे धर्मशाला से बात कर रहा हूं। हम भले ही चार मैच हार गए हैं लेकिन अब भी हम टेबल में चौथे पायदान पर हैं और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हम क्वालीफाई करें और ट्रॉफी उठाएं। मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हमारे लिए आपका सपोर्ट बहुत महत्वपूर्ण है। हमें सपोर्ट कीजिए और धर्मशाला को रेड से पाट दीजिए। अगला मुकाबला मुंबई के खिलाफ है, हमें यह जीतना होगा और वहां से वापसी करनी होगी। हम ट्रॉफी जीतेंगे। हमें सपोर्ट कीजिए, आपका सपोर्ट बहुत जरूरी है।’
पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला गुरुवार को धर्मशाला में मुंबई इंडियंस के खिलाफ है। टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी बचे तीन में से कम से कम दो मुकाबले जीतने होंगे।
आईपीएल 2026 में अब तक 4 अर्धशतक जड़ चुके हैं प्रभ
आईपीएल 2026 में प्रभसिमरन सिंह के प्रदर्शन की बात करें तो वह कूपर कोनोली के बाद टीम की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इस सीजन में उन्होंने 11 मैचों में 382 रन बनाए हैं, जिनमें 4 अर्धशतक भी शामिल हैं। प्रभसिमरन ने इस सीजन में एसआरएच के खिलाफ 51, मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 80, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 76 और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 59 रन की पारियां खेली है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



