IPL 2026 से पहले पेसर्स की कमी बना KKR का बड़ा सिरदर्द, हर्षित राणा और मथीशा पथीराना की चोट से कैसे निपटेगी?

Mar 17, 2026 02:45 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

आईपीएल 2026 सिर पर है। सीजन शुरू होने में अब बस गिनती के दिन बचे हैं लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स का सिरदर्द बढ़ गया है। ये सिरदर्द है पेसर्स की कमी का। वजह ये है कि फ्रेंचाइजी के स्टार गेंदबाज हर्षित राणा और मथीशा पथीराना चोटिल हैं। केकेआर के लिए ये बहुत बड़े झटके हैं।

IPL 2026 से पहले पेसर्स की कमी बना KKR का बड़ा सिरदर्द, हर्षित राणा और मथीशा पथीराना की चोट से कैसे निपटेगी?

आईपीएल 2026 सिर पर है। सीजन शुरू होने में अब बस गिनती के दिन बचे हैं लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स का सिरदर्द बढ़ गया है। ये सिरदर्द है पेसर्स की कमी का। वजह ये है कि फ्रेंचाइजी के स्टार गेंदबाज हर्षित राणा और मथीशा पथीराना चोटिल हैं। केकेआर के लिए ये बहुत बड़े झटके हैं। आखिर इस चुनौती से वह कैसे निपटेगी? दिलचस्प बात ये है कि फ्रेंचाइजी ने राणा और पथीराना के रिप्लेसमेंट के बारे में नहीं सोचने का फैसला किया है। उसे पथीराना के जल्द ही चोट से उबरने की उम्मीद है।

कोलकाता नाइटराइडर्स पहले ही मुस्तफिजुर रहमान से हाथ धो चुकी है। मिनी नीलामी में भारी-भरकम राशि में उन्हें खरीदने के बाद फ्रेंचाइजी को उन्हें अपने स्क्वाड से रिलीज करना पड़ा। तेज गेंदबाजी के मोर्चे पर केकेआर के तरकश में दो बड़े तीर थे हर्षित राणा और पथीराना। मुस्तफिजुर के रिप्लेसमेंट के तौर पर फ्रेंचाइजी ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को साथ में जोड़ लिया है। 6 फुट 8 इंच लंबे मुजरबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग से अपना करार तोड़कर केकेआर के साथ जुड़े हैं। हर्षित राणा और पथीराना के ठीक होकर आने तक मुजरबानी के कंधों पर काफी भार रहने वाला है।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

आईपीएल के शुरुआती कई मैच मिस कर सकते हैं पथीराना

श्रीलंका के मथीशा पथीराना को टी20 विश्व कप के दौरान कॉफ इंजरी का शिकार होना पड़ा था जबकि हर्षित राणा को घुटने में चोट की वजह से वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा। हाल ही में उनकी सर्जरी हुई है और बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स में वह बैशाखी के सहारे चलते नजर आए थे।

पथीराना आईपीएल के शुरुआती कई मैचों में शायद ही उपलब्ध होंगे। केकेआर को उम्मीद है कि आईपीएल 2026 के सेकंड हाफ में पथीराना पूरी तरह फिट हो जाएंगे। फ्रेंचाइजी ने मिनी नीलामी में इस श्रीलंकाई खिलाड़ी पर 18 करोड़ रुपये खर्च किया था।

हर्षित राणा भी ज्यादातर मैच नहीं खेल पाएंगे

हर्षित राणा पिछले महीने हुई घुटने की सर्जरी से उबर रहे हैं और वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अधिकतर मैचों से बाहर रह सकते हैं। क्रिकबज की एक रिपोर्ट में तो यहां तक कहा गया है कि हो सकता है कि राणा पूरा आईपीएल 2026 ही मिस कर दें।

वहीं, 'ईएसपीएनक्रिकइंफो' की एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी तक उनकी वापसी के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है।

हर्षित राणा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। वह अभी 'रिहैबिलिटेशन' से गुजर रहे हैं और बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है।

उस अभ्यास मैच में एक ओवर फेंकने के बाद राणा को चोट लग गई थी। उन्हें इसके लिए सर्जरी करानी पड़ी जिससे वह टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया, जिन्होंने इस टूर्नामेंट का केवल एक मैच (अमेरिका के खिलाफ) खेला था।

राणा ने रविवार को बीसीसीआई नमन पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ उदीयमान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया था।

राणा की अनुपस्थिति तीन बार की आईपीएल चैंपियन केकेआर के लिए एक बड़ा झटका साबित होगी, जो पहले से ही कई खिलाड़ियों की फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रही है।

कोलकाता नाइट राइडर्स के पास वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी और आकाशदीप जैसे दूसरे तेज गेंदबाज भी हैं। राणा और पथीराना की गैरमौजूदगी में इन गेंदबाजों की भूमिका बढ़ गई है।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।