विराट कोहली या वैभव सूर्यवंशी नहीं, आर अश्विन बोले- इस खिलाड़ी को मिलना चाहिए था प्लेयर ऑफ द मैच और टूर्नामेंट
आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल 2026 फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड जीता।

आईपीएल 2026 का समापन हो गया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने फाइनल में गुजरात टाइटंस (जीटी) को पांच विकेट से हराकर खिताब डिफेंड किया। आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में विराट कोहली ने अहम भूमिका निभाई। कोहली ने फाइनल में नाबाद 75 रनों की घातक पारी खेली। उन्होंने 42 गेंदों का सामना करने के बाद 9 चौके और तीन छक्के ठोके और आरसीबी ने 156 रनों का टारगेट 12 गेंद बाकी रहते चेज किया। उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ मैच चुना गया। वहीं, राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सीजन में गदर काटा और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड हासिल किया। उन्होंने 16 मैचों में 48.50 के औसत और 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए, जो सर्वाधिक हैं। उन्होंने ऑरेंज कैप जीती। हालांकि, भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन का मानना है कि कोहली या सूर्यवंशी को नहीं बल्कि भुवनेश्वर कुमार को फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर द टूर्नामेंट अवॉर्ड मिलना चाहिए था।
भुवनेश्वर कुमार पर्पल जीतने से चूके
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने गुजरात के खिलाफ फाइनल में चार ओवर में 29 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए। उन्होंने शानदार फॉर्म में चल रहे साई सुदर्शन (12 गेंदों में 12) को चौथे ओवर में आउट किया और जेसन होल्डर (5 गेंदों में 7) का 19वें ओवर में शिकार किया। भुवी ने सीजन में 16 मैचों में कुल 28 विकेट चटकाए। भुवी ने कई मैचों में आरसीबी की नैया डूबने से बचाई। वह सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। जीटी के पेसर कगिसो रबाडा (17 मैचों में 29) ने पर्पल कैप पर कब्जा जमाया। फाइनल के बाद अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''भुवनेश्वर कुमार ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। मेरे हिसाब से उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और प्लेयर ऑफ द मैच होना चाहिए था।'' भुवनेश्वर आईपीएल में दो बार पर्पल कैप जीत चुके हैं।
विराट कोहली दर्द के बावजूद डटे रहे
फाइनल की बात करें तो टॉस जीतकर गेंदबाजी करने वाली आरसीबी के गेंदबाजों ने धीमी पिच का पूरा फायदा उठाते हुए गुजरात टाइटंस को आठ विकेट पर 155 रन ही बनाने दिए। रासिख सलाम ने तीन और जोश हेजलवुड ने दो विकेट लिए। क्रुणाल पांड्या को एक सफलता मिली। छह दिन में तीसरे स्थल पर तीसरा मैच खेल रही गुजरात की टीम पर थकान हावी दिखी। इसके बाद, कोहली ने मोर्चा संभाला। कोहली ने पैर में हो रही दिक्कत के बावजूद आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 25 गेंद में फिफ्टी कंप्लीट की। फिजियो जांच करने के बाद दो बार मैदान में उनके लिए मैदान में आए पर वह दर्द को भुलाकर अपनी टीम को जीत तक पहुंचाने में डटे रहे। आरसीबी, मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बाद लगातार खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



