
ऐसों पर IPL नीलामी का 1 सेकंड भी बर्बाद न हो; किन विदेशी खिलाड़ियों पर भड़के सुनील गावस्कर?
आईपीएल के लिए खुद को पूरे सीजन के बजाय सीमित समय के लिए उपलब्ध बताने वाले विदेशी खिलाड़ियों पर सुनील गावस्कर की त्यौरियां चढ़ गई हैं। अपने लेटेस्ट कॉलम में उन्होंने कहा कि आईपीएल को हल्के में लेने वाले, उसके प्रति सम्मान नहीं दिखाने वाले ऐसे खिलाड़ियों को नीलामी तक में नहीं रखना चाहिए।
आईपीएल दुनिया की बेस्ट क्रिकेट लीग है। इसे हल्के में लेने वालों के लिए इसमें बिल्कुल जगह नहीं होनी चाहिए। अगर कोई खिलाड़ी आईपीएल को सम्मान नहीं दिखा रहा तो उसे नीलामी का एक सेकंड भी उस पर बर्बाद नहीं करना चाहिए। ये कहना है महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का। इंडियन प्रीमियर लीग के पूरे सीजन के बजाय खुद को सीमित अविध यानी कुछ मैचों, कुछ हफ्तों के लिए पेश करने वाले विदेशी खिलाड़ियों पर वह भड़के हुए हैं। मिड-डे के लिए लिखे अपने कॉलम में गावस्कर ने बेहद सख्त लहजे में कहा है कि दुनिया के बेस्ट क्रिकेट लीग को गंभीरता से नहीं लेने वालों को नीलामी में रखना ही नहीं चाहिए।
गावस्कर ने लिखा, 'कुछ खिलाड़ी हैं जिन्होंने खुद को लिमिटेड पीरियड के लिए उपलब्ध किया है। साफ कहें तो अगर कोई खिलाड़ी आईपीएल को सम्मान नहीं दिखा रहा और खुद को पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं कर रहा, उसे नीलामी तक में नहीं होना चाहिए।'
उन्होंने आगे लिखा, 'अगर नेशनल कमिटमेंट के अलावा कोई और वजह उसके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है तब नीलामी का एक सेकंड भी उस पर बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए। आईपीएल दुनिया का बेस्ट टी20 लीग है और जो कोई भी इसे हल्के से ले रहा है, उस पर बिल्कुल भी विचार नहीं किया जाना चाहिए।'
आईपीएल में सीमित समय के लिए उपलब्धता का ये मुद्दा ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंगलिस की वजह से आया है। उन्होंने खुद को आईपीएल 2026 में सीमित समय के लिए उपलब्ध बताया है। इसकी वजह ये है कि वह शादी करने जा रहे हैं। इंगलिस 2025 आईपीएल में पंजाब किंग्स का हिस्सा थे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया है। पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने इंगलिश को रिलीज करने की वजह उनकी उपलब्धता को बताया था। अब ये ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल 2026 के ऑक्शन में दिखेगा। इंगलिस ने नीलामी के लिए खुद को रजिस्टर कराया है और उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है।
इंगलिस के अलावा 4 अन्य विदेशी खिलाड़ियों ने भी आईपीएल 2026 के पूरे सीजन के बजाय सीमित अवधि के लिए खुद को उपलब्ध बताया है। इन खिलाड़ियों ने बीसीसीआई को बताया है कि वे आने वाले सीजन के कितने हिस्से तक के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया के एश्टन एगर (65 परसेंट अवलेबिलिटी) और विलियम सदरलैंड (80 परसेंट), न्यूज़ीलैंड के एडम मिल्ने (95 परसेंट) और दक्षिण अफ्रीका के राइली रोसो (20 परसेंट) ने इस सीजन में खुद के खेलने की संभावना के बारे में बताया है।
आईपीएल 2026 से पहले 16 दिसंबर को आबू धाबी में खिलाड़ियों की नीलामी होने जा रही है। दुबई (2023) और जेद्दा (2024) के बाद यह लगातार तीसरी बार होगा जब नीलामी विदेश में आयोजित की जाएगी।

लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





