अगली बार मेरे पिता को कैमरे पर दिखाइए; मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने की ब्रॉडकास्टर से खास गुजारिश
आईपीएल 2026 में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच के हीरो रहे अभिषेक शर्मा ने ब्रॉडकास्टर से खास गुजारिश की है। मैच के बाद प्रजेंटेशन के दौरान उन्होंने कहा कि अगली बार मेरे पिता को कैमरे में दिखाए और उनका रिएक्शन देखिए। 135 रन की नाबाद पारी खेलने वाले अभिषेक प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

आईपीएल 2026 के 31वें मैच में मंगलवार को हैदराबाद में अभिषेक शर्मा का बवंडर उठा। सनराइजर्स हैदराबाद के इस बल्लेबाज ने ऐसा गदर काटा कि दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज बेबस नजर आए। अभिषेक शर्मा ने आईपीएल इतिहास में किसी भारतीय सबसे बड़ी पारी के अपने ही रिकॉर्ड को सुधारने से चूक गए। उन्होंने नाबाद 135 रन की पारी खेली जो आईपीएल में न सिर्फ उनकी दूसरी सबसे बड़ी पारी है, बल्कि किसी भी भारतीय बल्लेबाज की भी दूसरी सबसे बड़ी पारी है। एसआरएच ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से हराया। मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने ब्रॉडकास्टर्स ने एक खास गुजारिश की। हल्के-फुल्के अंदाज में की गई इस गुजारिश में भी भावुकता थी- अगली बार मेरे पिता को कैमरे में दिखाइए और उनका रिएक्शन देखिए।
गर्वीले पिता की खुशी
अभिषेक शर्मा ने जब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यादगार पारी खेली तब हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में उनके माता-पिता भी मौजूद थे। कैमरों ने उन्हें कैद भी किया और बेटे की धांसू पारी पर एक गर्वीले पिता की खुशी देखने लायक थी। वह खड़े होकर बेटे की शानदार पारी का इस्तकबाल कर रहे थे। दाहिने हाथ को ऊपर उठाकर हिलाना। चेहरे पर चमक और मुस्कान। ये उस पिता के लिए भी गर्व का और इमोशनल क्षण था जिसने 12 साल के बच्चे के साथ खुद भी तपस्या की और आज वो बच्चा भारतीय क्रिकेट का स्टार है।
अभिषेक शर्मा की गुजारिश
प्लेयर ऑफ द मैच रहे अभिषेक शर्मा ने ब्रॉडकास्टर से रिक्वेस्ट की, ‘और अगली बार मैं यह देखना चाहता हूं को कैमरों में से कोई एक उन पर जाए और उनका रिएक्शन देखूं। यह काफी मजेदार होने वाला है। और यह वाकई अविश्वसनीय है कि कैसे मैं हमेशा उनकी तरह देखता हूं और वह भी हमेशा मेरी तरफ देखते हैं और मुझे निर्देश देते हैं। इसलिए इससे भी मुझे थोड़ी मदद मिलती है। और अपने माता-पिता और दोस्तों के सामने परफॉर्म करना तो हमेशा स्पेशल होता है।’
अभिषेक शर्मा जब अपने पिता को कैमरे पर दिखाने की गुजारिश कर रहे थे, उस वक्त कैमरे ने वहां मौजूद उनके माता-पिता को भी दिखाया। बेटे के इस रिक्वेस्ट पर उनका रिएक्शन देखने लायक था।
टीम मैनेजमेंट को भी कहा शुक्रिया
अभिषेक शर्मा ने पोस्ट-मैच प्रजेंटेशन के दौरान मैच में अपनाई अपनी रणनीति के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, 'जिस तरह से हमने शुरुआत की थी, उसके लिए हमारे पास एक योजना थी। हम पावरप्ले का इस्तेमाल करना चाहते थे, लेकिन विकेट थोड़ा धीमा था, इसलिए हमें अपनी रणनीति बदलनी पड़ी।'
उन्होंने खुद को अपने तरीके से खेलने की छूट देने के लिए टीम मैनेजमेंट को भी शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा, ‘मुझे यहां खेलना और दर्शकों का मनोरंजन करना बहुत पसंद है। टीम के कोच और कप्तान को विशेष धन्यवाद, क्योंकि वे हमें खुद को व्यक्त करने की आजादी देते हैं।’
उन्होंने टीम के माहौल की तारीफ करते हुए कहा, '2024 से सनराइजर्स हैदराबाद में जो माहौल मिला है, वह हमारे लिए 'गेमचेंजर' रहा है। मैं हमेशा से इसी तरह खेलना चाहता था, पंजाब के लिए भी ऐसा ही खेलना चाहता हूं। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलना हमेशा ऐसा ही महसूस होता है।'
सनराइजर्स से आगे पस्त हुई दिल्ली कैपिटल्स
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा ने 68 गेंदों में 135 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 10 छक्के लगाए। उनके साथ हेनरिक क्लासेन 13 गेंद में 37 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर नाबाद रहे। क्लासेन ने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। ट्रेविस हेड ने 37 और कप्तान ईशान किशन ने 25 रन का योगदान दिया।
जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 195 रन बना सकी। इस तरह हैदराबाद ने यह मैच 47 रनों से जीत लिया। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से नीतीश राणा टॉप स्कोरर रहे जिन्होंने 57 रन बनाए। समीर रिजवी ने 41 और केएल राहुल ने 37 रन की पारी खेली।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



