MI के खिलाफ उतरेंगे महेंद्र सिंह धोनी? नेट पर बहाया जमकर पसीना, रोहित शर्मा के खेलने पर सस्पेंस
पिंडली की चोट से जूझ रहे CSK के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में इम्पैक्ट के तौर पर उतर सकते हैं। वह आईपीएल 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं खेले हैं। दूसरी तरफ MI के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के इस मैच में खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है।

आईपीएल 2026 में अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली पूर्व चैंपियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीमें गुरुवार को मुंबई में आमने-सामने होंगी। इस मैच में दोनों टीमों के पूर्व कप्तानों रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी की संभावित वापसी पर नजर रहेगी। माही वानखेड़े में नेट में जमकर बल्लेबाजी का अभ्यास करते देखे गए हैं। उन्होंने अब तक आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेला है। दोनों टीमें लय हासिल करने और अपने खेल में निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करेंगी।
रोहित शर्मा (हैमस्ट्रिंग) और धोनी (पिंडली में खिंचाव) वापसी की राह पर हैं, लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या इनमें से कोई भी इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए वानखेड़े स्टेडियम में मैदान पर उतरेगा।
रोहित ने नहीं किया अभ्यास, धोनी ने बहाया पसीना
रोहित शर्मा ने मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया लेकिन वर्तमान टूर्नामेंट में अभी तक एक भी मैच नहीं खेलने वाले धोनी ने जमकर अभ्यास किया। इससे उनकी इंपैक्ट प्लेयर के रूप में वापसी की संभावना बन गई है।
इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की वापसी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है कि अब तक पांच-पांच खिताब जीतने वाली यह दोनों टीम कई समस्याओं से जूझ रही हैं।
आयुष म्हात्रे की चोट से CSK को झटका
सीएसके ने प्रत्येक टीम की तरह टूर्नामेंट की शुरुआत फॉर्म और सही संयोजन की तलाश में की लेकिन जैसे ही वे लय में आने लगे, उसके युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए जो सीएसके के लिए बड़ा झटका है।
म्हात्रे की जगह उर्विल पटेल को मिल सकता है मौका
इससे सीएसके को बल्लेबाजी में नए सिरे से रणनीति बनानी पड़ रही है। गुजरात के विकेटकीपर-बल्लेबाज उर्विल पटेल को म्हात्रे की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है।
सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली हार के बाद सीएसके अपने सभी बल्लेबाजों से अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद करेगी। पिछले मैच में उसके मध्यक्रम के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे।
संजू सैमसन से CSK को बड़ी उम्मीदें
सरफराज खान ने अब तक 147 रन बनाए हैं लेकिन वह अभी तक अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए हैं, विशेषकर तब जबकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने सिर्फ 82 रन बनाकर निराशाजनक प्रदर्शन किया है।
इसी तरह संजू सैमसन (192 रन) पर भी काफी कुछ निर्भर करेगा। उन्होंने इसी मैदान पर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था।
सीएसके लगातार दो मैचों में हार के सिलसिले को तोड़ने के लिए बेताब होगी। वह मुंबई के खिलाफ हाल के अपनी रिकॉर्ड से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगी। उसने इन दोनों टीम के बीच पिछले पांच मुकाबलों में से चार में जीत हासिल की है।
दोनों टीम के अभी चार-चार अंक हैं। मुंबई बेहतर नेट रन रेट के कारण सीएसके से आगे है।
MI के लिए सूर्या और पांड्या की खराब फॉर्म चिंता की बात
अहमदाबाद में तिलक वर्मा के शानदार प्रदर्शन ने मुंबई इंडियंस को लगातार चार मैचों की हार का सिलसिला तोड़ने में मदद की, लेकिन उसके लिए अब भी राह आसान नहीं है।
मुंबई के लिए सबसे बड़ी चिंता भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और इस फ्रेंचाइजी टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या के फॉर्म को लेकर बनी हुई है। सूर्यकुमार अभी तक केवल एक अर्धशतक ही बना पाए हैं जबकि हार्दिक जरूरत पड़ने पर पारी को संभालने या आखिर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे हैं।
टीम ने नमन धीर पर भरोसा जताया है और वह अब तक इस पर खरे उतरे हैं।
जसप्रीत बुमराह आखिरकार पिछले मैच में विकेट लेने में सफल रहे जबकि अश्वनी कुमार के चार विकेट ने टीम की चिंताओं को कम किया क्योंकि ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर और हार्दिक में से कोई भी शुरू में लगातार सफलता नहीं दिला पाए थे।
मुंबई इंडियंस के इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स टीम में शामिल हो गए हैं और उनकी वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी।
टीम इस प्रकार हैं:
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पांड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, दानिश मालेवार, शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तिलक वर्मा, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, कृष भगत, मयंक मारकंडे, मोहम्मद इज़हार, रघु शर्मा।
चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), अमन खान, शिवम दुबे, जैक फॉल्क्स, रामकृष्ण घोष, अंशुल कंबोज, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह, मैट हेनरी, अकील हुसैन, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी, नूर अहमद।
समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



