मिचेल सेंटनर के कन्कशन सब्स्टीट्यूट पर MI ने तोड़ी चुप्पी, महेला जयवर्धने ने बताया कैसे मिला शार्दुल ठाकुर को मौका
मुंबई इंडियंस ने आखिरकार मिचेल सेंटनर के कन्कशन पर चुप्पी तोड़ दी है। कोच महेला जयवर्धने ने सीएसके के खिलाफ 103 रनों से मिली करारी हार के बाद इस मुद्दे पर सफाई दी और बताया कैसे शार्दुल ठाकुर की मैच में एंट्री हुई।

मिचेल सेंटनर के कंधे पर चोट लगी फिर कैसे वह कन्कशन का शिकार बने? उनके कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में मुंबई इंडियंस ने कैसे शार्दुल ठाकुर को मैदान पर उतारा? MI vs CSK मैच के बाद हर किसी के जहन में यह सवाल है। अब इन सभी सवालों के जवाब मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने दिए हैं। एमआई के कोच ने इस दौरान यह भी बताया कि कैसे सेंटनर के कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में उन्होंने शार्दुल ठाकुर को मैदान पर उतारा। बता दें, सीएसके ने पहले बैटिंग करते हुए मुंबई के सामने जीत के लिए 208 रनों का टारगेट रखा था, इस स्कोर के सामने एमआई के पूरी टीम 104 रनों पर ही ढेर हो गई थी।
MI vs CSK मैच के बाद जब मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने से भी शार्दुल ठाकुर को कन्कशन सब के तौर पर रखने के फैसले के बारे में पूछा गया तो उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “सैंटनर को पहले सिर, गर्दन और जाहिर है, कंधे में भी चोट लगी। फिर वह स्कैन के लिए गए। जब वह वापस आए, तो वह लेटे हुए थे। हां, कंधे पर बर्फ थी, लेकिन उन्हें लगा कि वह स्टेबल नहीं हैं, इसलिए हम उन्हें उस सिचुएशन में स्कैन के लिए ले गए।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने कन्कशन सब के लिए रिक्वेस्ट की थी। यह मैच रेफरी और अंपायरों की मर्जी पर है। उन्होंने शार्दुल ठाकुर को इजाजत दी। जो है सो है। लेकिन उम्मीद है, सैंटनर की चोट बहुत ज्यादा बुरी नहीं होगी। जब वह वापस आएंगे, तो हम इस पर गौर करेंगे।”
मिचेल सेंटनर को कैसे लगी चोट?
CSK की इनिंग के 17वें ओवर में सैंटनर के कंधे में चोट लगी थी, जब उन्होंने डीप स्क्वायर लेग पर फुल-लेंथ डाइव लगाकर कार्तिक शर्मा का कैच पकड़ा। वह तुरंत अपना कंधा पकड़कर मैदान से बाहर चले गए, जिससे MI डगआउट में चिंता फैल गई। यहां तक कि को-ओनर आकाश अंबानी भी परेशान दिखे, और एक खिलाड़ी से बात करते हुए कंधे की ओर इशारा किया। बाद में सैंटनर को ड्रेसिंग रूम में बाएं कंधे पर आइस पैक बांधे देखा गया।
शार्दुल बैटिंग 13वें ओवर में हार्दिक पांड्या के आउट होने के बाद बैटिंग करने आए लेकिन कोई खास असर नहीं डाल पाए। वह 12 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हुए।
कैसा रहा MI vs CSK मैच?
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (नाबाद 101) के सत्र के दूसरे शतक और बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन (17 रन देकर चार विकेट, एक मेडन) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस को 103 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत से सीएसके छह अंक लेकर तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई जबकि मुंबई इंडियंस चार अंक से आठवें स्थान पर खिसक गई। सैमसन के आईपीएल में अपने पांचवें शतक के लिए 54 गेंद खेलीं जिसमें 10 चौके और छह छक्के जडे़ थे। उनके शतक से सीएसके ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद छह विकेट पर 207 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस शुरूआती झटकों से नहीं उबर सकी और 19 ओवर में महज 104 रन पर ऑल आउट हो गई। यह पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की आईपीएल में सबसे बड़ी हार है। पांच बार की चैंपियन सीएसके की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। सीएसके के लिए वेस्टइंडीज के हुसैन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने एक ओवर मेडन डाला जिसमें एक विकेट भी शामिल रहा। उन्होंने तिलक वर्मा (37 रन) को आउट कर उनके और सूर्यकुमार यादव (35 रन) के बीच 73 रन की भागीदारी का अंत किया।
उनके अलावा नूर अहमद ने भी अच्छी गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर दो विकेट झटके जबकि मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन और गुरजपनीत सिंह ने एक एक विकेट झटका।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



