परिपक्व और हालात के हिसाब से; SRH के असिस्टेंट कोच फ्रैंकलिन ने ईशान किशन की पारी को बताया बेस्ट
सनराइजर्स हैदराबाद के असिस्टेंट कोच जेम्स फ्रैंकलिन ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ पांच विकेट की जीत में ईशान किशन के मैच विजेता प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि यह संभवत: आईपीएल के मौजूदा सत्र में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी है।

सनराइजर्स हैदराबाद के असिस्टेंट कोच जेम्स फ्रैंकलिन ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ पांच विकेट की जीत में ईशान किशन के मैच विजेता प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि यह संभवत: आईपीएल के मौजूदा सत्र में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी है।
सनराइजर्स ने इस जीत से प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। इस मैच में ईशान ने 47 गेंदों में 70 रन बनाए। उनकी यह पारी आखिर में निर्णायक साबित हुई।
फ्रैंकलिन ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘ईशान ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इससे पहले भारत की तरफ से भी अच्छा प्रदर्शन किया था और उन्होंने उसी फॉर्म को आईपीएल में भी बरकरार रखा है। मेरा मानना है कि अगर आप ईशान के इस सत्र में आईपीएल में अब तक के प्रदर्शन के बारे में पूछेंगे, तो शायद यह उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी थी।’
उन्होंने कहा, 'अगर परिस्थितियों और पिच की बात करें तो आईपीएल में हम अक्सर सपाट पिचों पर खेलते हैं जो पावर हिटिंग के लिए अनुकूल होती हैं। लेकिन आज ऐसा नहीं था और बल्लेबाजों को अपनी पारी आगे बढ़ाने के लिए अलग तरीके अपनाने पड़े।'
फ्रैंकलिन ने कहा, ‘ईशान की पारी परिपक्वता से भरी थी। उन्होंने परिस्थितियों का अच्छी तरह से आकलन किया और उसी के अनुरूप बल्लेबाजी की।’
मैच की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ सीएसके को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहें।
सैमसन के रूप में सीएसके को पहला झटका लगा। वह 13 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। रुतुराज गायकवाड़ 12वें ओवर तक खेलते रहे लेकिन वह 21 गेंदों में सिर्फ 15 रन बना सके। चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए।
सीएसके की तरफ से डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 44 और कार्तिक शर्मा ने 32 रन बनाए। एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस ने 3 विकेट, साकिब हुसैन ने 2, प्रफुल्ल हिंगे और एशान मलिंगा ने 1-1 विकेट हासिल किए।
सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन की जबरदस्त पारी की बदौलत 1 ओवर बाकी रहते ही 5 विकेट से मैच जीत लिया। ईशान ने 47 गेंदों में 70 रन की पारी के दौरान 7 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्हें अंशुल कंबोज ने आउट किया। हेनरिक क्लासेन ने 47 और अभिषेक शर्मा ने 26 रन का योगदान दिया। ईशान किशन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया।
इस जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर गई। उसके साथ-साथ गुजरात टाइटन्स भी प्लेऑफ में पहुंच गई। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी पहले ही प्लेऑफ में जा चुकी है। इस हार के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें धूमिल हो चुकी है। इसका सिर्फ 6 प्रतिशत ही चांस है।
(भाषा से भी इनपुट)
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



