गुजरात टाइटंस की हार नहीं पचा पा रहे कोच मैथ्यू हेडन, किस पर फोड़ा ठीकरा? बोले- ये बिल्कुल अस्वीकार्य है

Lokesh Khera लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबाद, भाषा
share

मैथ्यू हेडन ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के हाथों मिली 99 रन की हार के लिए अपने खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना करते हुए इसके लिए अपने बल्लेबाजों के 'भयावह प्रदर्शन' और डेथ ओवरों में खराब गेंदबाजी को जिम्मेदार ठहराया।

गुजरात टाइटंस की हार नहीं पचा पा रहे कोच मैथ्यू हेडन, किस पर फोड़ा ठीकरा? बोले- ये बिल्कुल अस्वीकार्य है

गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के हाथों मिली 99 रन की हार के लिए अपने खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना करते हुए इसके लिए अपने बल्लेबाजों के 'भयावह प्रदर्शन' और डेथ ओवरों में खराब गेंदबाजी को जिम्मेदार ठहराया। इस मैच में मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन उसने अंतिम चार ओवर में 73 रन बनाकर पांच विकेट पर 199 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम 100 रन पर ढेर हो गई, जिसमें वॉशिंगटन सुंदर के 26 रन सर्वोच्च स्कोर रहा।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

हेडन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''मुझे उम्मीद थी कि हार का अंतर इससे काफी कम होगा। हमारे बल्लेबाजों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया वह बिल्कुल अस्वीकार्य है।''

ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा, ''आज का दिन हमारे लिए बेहद खराब रहा। ईमानदारी से कहूं तो कागिसो रबाडा के प्रदर्शन को छोड़कर आज का दिन कुछ भी अच्छा नहीं था। इसलिए हमें निश्चित रूप से काफी मेहनत करनी होगी।''

गुजरात टाइटंस के पास साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर के रूप में शीर्ष क्रम में धाकड़ बल्लेबाज हैं जबकि उसने शाहरुख खान और राहुल तेवतिया के साथ मध्य क्रम में न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को भी शामिल किया है।

हेडन ने कहा, ''जब आप हमारी बल्लेबाजी पर नजर डालते हैं, तो हमारे पास शानदार खिलाड़ी हैं जिन्हें अवसरों का लाभ उठाने के लिए बेहतर मानसिकता और बेहतर स्थिति में होना होगा। इस टूर्नामेंट में हमारी उनसे यही उम्मीदें हैं।''

उन्होंने कहा, ''आप 20 ओवर के मैच में 100 रन (99) के अंतर से मिली हार पर खुश नहीं हो सकते। मेरा मतलब है कि मेरे ज़माने में तो 50 ओवर के क्रिकेट में 100 रन लगभग जीत के लिए पर्याप्त स्कोर हुआ करता था।''

हेडन ने कहा, ''आज हमारे मध्यक्रम की कमज़ोरी साफ़ तौर पर सामने आ गईं। मध्यक्रम के बल्लेबाज जब पहले छह ओवरों में बल्लेबाजी करने आते हैं, तो आप समझ जाते हैं कि आप मुश्किल में हैं। पावर प्ले में आप निश्चित रूप से मैच हार सकते हैं और हम पावर प्ले में ही हार गए।''

हेडन ने अंतिम ओवरों में गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन पर भी बात की जबकि मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी (45 गेंदों पर नाबाद 101 रन) की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि किसी विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण का एकतरफा विश्लेषण करना बहुत अनुचित है, लेकिन मैं यह नहीं भूल सकता कि आज गेंदबाजी में हमारा प्रदर्शन खराब रहा।''

हेडन ने कहा, ‘’जब आप आखिरी चार ओवरों पर नजर डालते हैं, तो वह सचमुच एक 'भयानक दौर' था। हमारे पास विश्व स्तरीय आक्रमण है और आखिरी चार ओवरों में 73 रन लुटाना अस्वीकार्य है। हमारे गेंदबाजों को अपने प्रदर्शन पर विचार करना होगा।''

उन्होंने कहा, ''इस पिच पर रन बनाना बहुत आसान नहीं था। इसलिए तिलक वर्मा को भी श्रेय जाता है, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। यह कोई घिसा-पिटा प्रदर्शन नहीं था। यह एक दमदार प्रदर्शन था। उन्होंने परिस्थितयों का बखूबी आकलन किया।''

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।