महेंद्र सिंह धोनी IPL को बीच में छोड़कर होम टाउन रांची लौटे; क्या CSK को ही प्लेऑफ में पहुंचने का भरोसा नहीं?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

गुजरात टाइटन्स के खिलाफ सीएसके के अहम मैच से पहले एमएस धोनी अपने गृह नगर रांची लौट चुके हैं। तो क्या वह पहले ही मान चुके हैं कि टीम प्लेऑफ में नहीं ही पहुंचने वाली है? CSK के बैटिंग कोच माइक हसी ने एक दिन पहले ही बताया था कि अगर टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई करती है तो धोनी उसमें खेल सकते हैं।

MS Dhoni

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के हर मैच से पहले ये सवाल जरूर उठता है कि क्या माही खेलेंगे और आखिरकार महेंद्र सिंह धोनी के फैंस को निराशा हाथ लगती है। 21 मई को भी सीएसके का मैच है। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ। करो या मरो वाला मैच। जहां तक धोनी का सवाल है तो वह इस मैच में भी नहीं खेलेंगे। पूरे सीजन में वह एक भी मैच नहीं खेले हैं। इस बीच रिपोर्ट है कि एमएस धोनी अपने गृह नगर रांची लौट चुके हैं। तो क्या वह पहले ही मान चुके हैं कि टीम प्लेऑफ में नहीं ही पहुंचने वाली है? CSK के बैटिंग कोच माइक हसी ने एक दिन पहले ही बताया था कि अगर टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई करती है तो धोनी उसमें खेल सकते हैं।

तो धोनी मान चुके हैं अबकी प्लेऑफ वश की बात नहीं?

ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी अपने होम टाउन रांची लौट गए हैं और अगर सीएसके प्लेऑफ में पहुंच जाती है तो वह फिर से टीम के पास पहुंच जाएंगे। वैसे बीच आईपीएल धोनी के होम टाउन लौटने से ये सवाल जरूर उठ रहा कि क्या उन्हें और चेन्नई सुपर किंग्स को भी भरोसा नहीं है कि टीम प्लेऑफ में पहुंचेगी। वैसे भी ये मुश्किल दिख रहा क्योंकि सीएसके को इसके लिए चमत्कार की हद तक किस्मत का साथ जरूरी है।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

कॉफ इंजरी के बाद अब अंगूठे में लगी चोट

महेंद्र सिंह धोनी कॉफ इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 का अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। वह फुट फिटनेस हासिल करने के लिए रिकवरी और रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे थे। लीग चरण में चेन्नई सुपर किंग्स का गुरुवार को आखिरी मुकाबला गुजरात टाइटन्स के साथ है। इस मस्ट विन मैच से पहले धोनी को अंगूठे में चोट लग गई। एक दिन पहले ही बुधवार को माइक हसी ने साफ किया कि माही गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे।

गुजरात टाइटन्स के खिलाफ ‘करो या या मरो’ मैच

गुरुवार का मैच गुजरात टाइटन्स और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों का ही लीग चरण में आखिरी मैच है। जीटी तो पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है और उसकी नजर आखिरी लीग मैच को जीतकर टॉप 2 में रहते हुए अगले चरण में एंट्री लेने पर है। गुजरात टाइटन्स के 13 मैचों में 16 अंक है और पॉइंट्स टेबल में फिलहाल वह दूसरे नंबर पर है। तीसरे नंबर पर मौजूद सनराइजर्स हैदराबाद के भी 16 अंक है और अभी उसका एक मुकाबला बाकी है जो आरसीबी के साथ खेला जाना है।

CSK के प्लेऑफ में पहुंचने का संभावित सिनेरियो

चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो फिलहाल 13 मैचों में उसके 12 अंक है और वह पॉइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर है। अगर उसे प्लेऑफ में पहुंचना है तो गुजरात टाइटन्स को हर हाल में हराना होगा। सीएसके के लिए जीटी के खिलाफ सिर्फ जीत ही काफी नहीं होगी बल्कि उसे किस्मत का भी साथ चाहिए होगा। वह तभी प्लेऑफ में पहुंच सकती है जब राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स तीनों ही अपने-अपने आखिरी मुकाबले हार जाएं।

धोनी ने IPL से संन्यास भी नहीं लिया है

महेंद्र सिंह धोनी की बात करें तो वह चेन्नई सुपर किंग्स के पर्याय हैं। इस सीजन में भी बड़ी तादाद में फैन सिर्फ उनको खेलते देखने के लिए सीएसके के मैचों में स्टेडियम पहुंचते रहे लेकिन हर बार उनके हाथ निराशा आई। अभी उन्होंने आईपीएल से न तो संन्यास लिया है और न ही ये ऐलान किया है कि वह अगला सीजन यानी आईपीएल 2027 खेलेंगे या नहीं।

महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे सफल टीम में से एक बनाया। सीएसके ने अब तक 5 बार आईपीएल खिताब जीता है और वह इस मामले में मुंबई इंडियंस के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर है। मुंबई इंडियंस के लिए भी आईपीएल 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। सीएसके तो अगर-मगर के साथ प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है लेकिन मुंबई इंडियंस तो रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।