महेंद्र सिंह धोनी वही करेंगे जो टीम के हित में होगा, फैसला वही लेंगे; अगला सीजन खेलने पर बोले CSK के बोलिंग कोच सिमंस

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share

CSK के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी कब वापसी करेंगे इसका फैसला यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज स्वयं करेगा। 44 वर्षीय धोनी पैर में चोट लगने के कारण आईपीएल के इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए लेकिन सिमंस ने कहा कि उन्होंने नेट पर अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया।

महेंद्र सिंह धोनी वही करेंगे जो टीम के हित में होगा, फैसला वही लेंगे; अगला सीजन खेलने पर बोले CSK के बोलिंग कोच सिमंस

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी कब वापसी करेंगे इसका फैसला यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज स्वयं करेगा। 44 वर्षीय धोनी पैर में चोट लगने के कारण आईपीएल के इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए लेकिन सिमंस ने कहा कि उन्होंने नेट पर अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया।

सिमंस से पूछा गया कि क्या धोनी अगले साल के लिए उपलब्ध रहेंगे, उन्होंने कहा, ‘क्या आप सचमुच यह सवाल पूछ रहे हैं। उनके पांव में चोट लगी थी जिससे उन्हें दौड़ने में बहुत दिक्कत हो रही थी और इसलिए वह नहीं खेल पाए।’

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

उन्होंने कहा, ‘नेट पर अभ्यास के दौरान वह इस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे जैसा वह पहले किया करते थे। लेकिन मैं हमेशा कहता रहा हूं कि इसका फैसला स्वयं धोनी ही करेंगे ही कि वह कब खेलने के लिए तैयार हैं और उनकी वापसी के लिए सही समय क्या है।’

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि धोनी हमेशा व्यक्तिगत उपलब्धियों से ऊपर टीम के हित को प्राथमिकता देते हैं।

उन्होंने कहा, ‘अगर उन्हें पता है कि वह फिट नहीं हैं तो वह नहीं खेलेंगे। लेकिन अगर वह फिट होते हैं तो वह जरूर खेलेंगे। वह व्यक्तिगत नहीं बल्कि टीम के हित में फैसला करेंगे। उनके खेलने से टीम को फायदा मिलेगा।’

सिमंस ने स्वीकार किया कि उनकी टीम की फील्डिंग अच्छी नहीं रही जबकि इस विभाग में कड़ी मेहनत की गई थी।

उन्होंने कहा, ‘मैं अभी-अभी मैथ्यू हेडन से इसी बारे में बात कर रहा था। हमने इस साल फील्डिंग का काफी अभ्यास किया। मुझे लगता है कि पूरे टूर्नामेंट में हमने कुछ अविश्वसनीय कैच लिए लेकिन कुछ आसान कैच भी छोड़े।’

सिमंस ने कहा, ‘टीम इससे सीख लेकर कैसे आगे बढ़ती है इसका फैसला फील्डिंग कोच करेंगे। लेकिन हमने इस साल अपनी फील्डिंग पर काफी मेहनत की है। सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है। लेकिन फिर भी हम कुछ शानदार कैच लेते हैं और फिर कुछ आसान कैच छोड़ देते हैं जिससे हैरानी होती है।’

सीएसके को गुजरात टाइटंस से 89 रन से हार का सामना करना पड़ा और इस तरह से उसने 12 अंकों के साथ अपने अभियान का समापन किया।

सिमंस ने कहा कि इस सत्र में सीएसके के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू टीम के अंदर संतुलन और व्यक्तिगत भूमिकाओं के बारे में बढ़ती समझ रहा।

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि कई सकारात्मक पहलू रहे। हमने एक टीम के रूप में खुद को समझना शुरू कर दिया है। मुझे लगता है कि आईपीएल जीतने का यह महत्वपूर्ण है कि आप अपना संतुलन सही रखें, आपके पास एक ऐसी टीम हो जो खुद को संभाल सके और आपके बदलाव मैच से काफी पहले किए जाएं।’

सिमंस ने कहा, ‘मुझे यह भी पता है कि इस टूर्नामेंट से हमें एक यूनिट के रूप में खुद को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली है। यह हमारे लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।