मुकुल चौधरी को लेकर जस्टिन लेंगर की 'सबसे खतरनाक बल्लेबाज' वाली भविष्यवाणी का वीडियो वायरल

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

मुकुल चौधरी ने आईपीएल 2026 में अपनी टीम लखनऊ सुपर जॉइंट्स को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ एक अविश्वसनीय और यादगार जीत दिलाई है। अब एलएसजी के कोच जस्टिन लेंगर का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह मुकुल से कहते दिख रहे हैं कि वह उन्हें भारत के 6 या 7 नंबर का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनाएंगे। 

मुकुल चौधरी को लेकर जस्टिन लेंगर की 'सबसे खतरनाक बल्लेबाज' वाली भविष्यवाणी का वीडियो वायरल

मुकुल चौधरी। राजस्थान का झुनझुनु का 21 साल का लड़का अचानक क्रिकेट प्रेमियों की जुबां पर चढ़ गया है। वजह है कि आईपीएल 2026 में मुकुल चौधरी ने अपनी टीम लखनऊ सुपर जॉइंट्स को कोलकाता नाइट राइडर्स असंभव सी दिखने वाली जीत दिलाई है। टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे यादगार सफल रन चेज में से एक की स्क्रिप्ट लिखी है। शुरुआती 8 गेंदों में 2 रन बनाने वाले मुकुल ने अपनी आखिरी 19 गेंदों में 52 रन ठोककर एलएसजी को 3 विकेट की जबरदस्त जीत दिलाई। अब उनको लेकर लखनऊ सुपर जॉइंट्स के हेड कोच जस्टिन लेंगर की एक भविष्यवाणी वायरल हो रही है जिसमें वह मुकुल चौधरी से ही कहते दिख रहे हैं कि वह उन्हें 'नंबर 6 और 7 का भारत का सबसे खतरनाक बल्लेबाज' बनाएंगे। अब उनकी भविष्यवाणी सच होती दिख रही है।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनके होमग्राउंड ईडन गार्डन में यादगार और अविश्वसनीय जीत के बाद लखनऊ सुपर जॉइंट्स ने अपने ऑफिशल सोशल मीडिया हैंडल से जस्टिन लेंगर और मुकुल चौधरी की एक बातचीत का वीडियो क्लिप शेयर किया। वीडियो एलएसजी के एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान का है।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

वीडियो में जस्टिन लेंगर युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी से कहते दिख रहे हैं, ‘अगले 4 महीनों में मैं तुम्हें भारत के नंबर 6 या 7 के सबसे खतरनाक बल्लेबाज में बदलने वाला हूं।’

मुकुल चौधरी घरेलू क्रिकेट में अपने गृह राज्य राजस्थान की तरफ से खेलते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में अपनी शानदार बल्लेबाजी से लोगों का ध्यान खींचा था। मुकुल ने टूर्नामेंट की 5 पारियों में 198.85 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ 173 रन बनाए थे। उसके बाद आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में लखनऊ सुपर जॉइंट्स ने उन्हें 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा।

गुरुवार को हुए आईपीएल मुकाबले की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए थे। जवाब में 16 ओवरों में लखनऊ सुपर जॉइंट्स के 7 विकेट गिर चुके थे और स्कोर था सिर्फ 128 रन। तब एलएसजी को जीत के लिए 24 गेंदों में 54 रनों की दरकार थी और हाथ में थे सिर्फ 3 विकेट। उस वक्त मुकुल चौधरी 6 गेंदों में 2 रन बनाकर खेल रहे थे और उनका साथ देने के लिए आए थे आवेश खान।

17वें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर मुकुल चौधरी एक भी रन नहीं बना सके। वैभव अरोड़ा के उस ओवर की तीसरी गेंद पर मुकुल ने चौका और चौथी गेंद पर छक्का जड़ा। उस वक्त भी शायद ही किसी को यकीन रहा होगा कि लखनऊ की टीम इस मैच को जीतने जा रही है। सबको लगा कि एलएसजी की पारी में आखिर में हो रहा ये धूमधड़ाका दीया बुझने से पहले की फड़फड़ाहट है। लेकिन मुकुल चौधरी तो कुछ अलग ही इरादे से उतरे थे।

मुकुल चौधरी ने 27 गेंदों में नाबाद 54 रन की पारी खेलकर आखिरी गेंद पर लखनऊ सुपर जॉइंट्स को एक अविस्मरणीय जीत दिलाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के बाद मुकुल ने कहा, 'मेरी योजना आखिर तक खेलने की थी। मुझे खुद पर इतना भरोसा था कि अगर मैं टिक गया तो मैं टीम को जीत दिला दूंगा। दबाव था लेकिन मैंने अवसर पर फोकस किया, दबाव पर नहीं।'

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।