कभी विकेटकीपर रहे मुकुल चौधरी के कौन हैं रोल मॉडल? उनकी तरह फिनिशर बनने की है चाहत
केकेआर के खिलाफ एलएसजी को यादगार जीत दिलाने वाले मुकुल चौधरी ने हाल ही में बताया था कि क्रिकेट में उनका रोल मॉडल कौन है। कभी विकेटकीपर रहे मुकुल ने महेंद्र सिंह धोनी को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया था और कहा था कि वह उनकी तरह फिनिशर बनना चाहते हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जॉइंट्स को असंभव सी दिखने वाली यादगार जीत दिलाने वाले मुकुल चौधरी चर्चा में हैं। उन्होंने 27 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेलकर एलएसजी को जिताई। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 7 छक्के और 2 चौके लगाए। उनकी पारी कितनी जबरदस्त रही, इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि 8वें विकेट के लिए उन्होंने आवेश खान के साथ मिलकर 54 रन की अटूट साझेदारी की जिनमें आवेश का योगदान महज 1 रन का था। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुकुल चौधरी का सपना रहा है महेंद्र सिंह धोनी की तरह फिनिशर बनने का। मुकुल विकेटकीपर भी रहे हैं।
केकेआर के खिलाफ मैच में मुकुल चौधरी ने जिस अंदाज में मैच फिनिश किया, वो बताता है कि वह अपने आदर्श के नक्शेकदम पर चलने के लिए कितने योग्य और बेताब हैं।
मुकुल चौधरी ने इससे पहले जियोहॉटस्टार पर खुलासा किया था कि महेंद्र सिंह धोनी उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। मुकुल ने कहा था, 'मैं हमेशा एमएस धोनी सर को ही देखता हूं, क्योंकि मैं खुद भी विकेटकीपर था। उनका हेलिकॉप्टर शॉट मुझे बहुत पसंद है, खासकर 2011 के वर्ल्ड में जो उन्होंने खेला। वही सब याद रहता है। वो मेरे रोल मॉडल रहे हैं। मैं भी उनकी तरह फिनिशर बनना चाहता हूं, गेम खत्म करना चाहता हूं।'
खास बात ये है कि केकेआर के खिलाफ मैच में मुकुल चौधरी ने हेलिकॉप्टर शॉट से छक्का भी लगाया जो महेंद्र सिंह धोनी की पहचान रही है। अपनी पारी में 7 छक्के लगाने वाले चौधरी ने मैच के बाद प्रजेंटेशन के दौरान बताया कि उनका पहला छक्का खास था।
मुकुल चौधरी ने कहा, 'मैंने दो मैचों से छक्का नहीं लगाया था, इसलिए आज जो पहला छक्का लगाया, वह मेरे लिए खास था। हेलिकॉप्टर छक्का भी अच्छा था, लेकिन पहला छक्का सबसे खास रहा। मैंने सोचा था कि भले ही गेंदबाज 4 परफेक्ट गेंदें डालें, कम से कम एक ऐसी गेंद तो ऐसी होगी जिस पर मैं छक्का मार सकता हूं।'
बल्लेबाजी के दौरान दबाव के बारे में पूछे जाने पर मुकुल ने कहा, ‘दबाव हमेशा रहता है। लेकिन मैं सोचता हूं कि भगवान ने मुझे यह अवसर दिया है, इसलिए मैं अपनी क्षमता पर भरोसा करता हूं। यह मौका है जहां आप कुछ बड़ा कर सकते हैं या नाम कमा सकते हैं। इसलिए मैं दबाव की बजाय अवसर पर ध्यान देता हूं। मैं आखिरी गेंद तक खेलना चाहता था। मुझे अपने ऊपर इतना भरोसा है कि अगर मैं अंत तक नाबाद रहूंगा, तो टीम को जीत दिला सकता हूं।’
इससे पहले गुरुवार को ईडन गार्डन्स में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रन का स्कोर खड़ा किया। अंगकृष रघुवंशी ने 45, कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 41 ओऔर रोवमैन पावेल ने नाबाद 39 रन की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी ने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर 128 रन पर मोहम्मद शमी के रूप में अपना सातवां विकेट गंवा दिया था। टीम को आखिरी 4 ओवर में 54 रन चाहिए थे, और चौधरी ने आवेश खान (नाबाद एक) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। एलएसजी के लिए आयुष बडोनी ने भी 54 रन की शानदार पारी खेली।
चौधरी ने अपनी पारी की शुरुआती आठ गेंदों में केवल दो रन बनाए, लेकिन बाद में 7 छक्के लगाकर नाबाद 54 रन बनाए। इनमें से वैभव अरोड़ा की गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी के अंदाज में खेला गया हेलिकॉप्टर शॉट देखने लायक था।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



