केएल राहुल को फिर लौटना पड़ा खाली हाथ, IPL में इन दिग्गज भारतीयों ने कभी नहीं जीती ट्रॉफी
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के हर सीजन के साथ कई खिलाड़ियों की खिताबी उम्मीदें बंधती हैं और फिर टूट जाती हैं। कई दिग्गज क्रिकेटरों के हाथ कभी ट्रॉफी नहीं लगी। इस लिस्ट में केएल राहुल भी शामिल हैं।

आईपीएल 2026 का लीग चरण समाप्त हो गया है। लीग चरण समाप्त होते ही कई धाकड़ खिलाड़ियों की खिताबी उम्मीदें टूट गईं, जिसमें केएल राहुल भी शामिल हैं। राहुल दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का हिस्सा हैं। डीसी एक बार फिर प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। पिछले साल अंक तालिका में पांचवें पायदान पर रही डीसी ने 19वें सीजन में छठे नंबर पर फिनिश किया। डीसी ने आखिरी लीग मैच में कोलकाता नाइटर राइडर्स (केकेआर) को 40 रनों से धूल चटाई। दिल्ली साल 2021 के बाद से प्लेऑफ में नहीं पहुंची है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), गुजरात टाइटंस (जीटी), सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने प्लेऑफ का टिकट हासिल किया है।
केएल राहुल
विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एक बार फिर खाली हाथ लौटना पड़ा है। वह 2013 से आईपीएल में खेल रहे हैं मगर कभी ट्रॉफी नहीं जीत सके। वह दिल्ली से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी), पंजाब किंग्स, आरसीबी और एसआरएच की ओर से खेल चुके हैं। राहुल ने आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन किया। वह डीसी की ओर से सबसे ज्यादा रन (14 मैचों में 593) बनाने वाले खिलाड़ी रहे। राहुल 19वें सीजन की ओवरऑल लिस्ट में फिलहाल चौथे स्थान पर हैं।
राहुल द्रविड़
पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ भी आईपीएल में खिताब नहीं जीत पाए। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रतिनिधित्व किया। द्रविड़ ने दोनों टीमों की कप्तानी भी की। वह साल 2013 में आखिरी बार आईपीएल में उतरे थे। द्रविड़ ने 89 आईपीएल मैचों में 2174 रन जुटाए, जिसमें 28.23 का औसत रहा।
सौरव गांगुली
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली साल 2008 से 2012 तक आईपीएल में खेले लेकिन ट्रॉफी से महरूम रहे। वह कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से तीन जबकि पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए दो सीजन में खेले। गांगुली ने 59 आईपीएल मुकाबलों में 1349 रन बटोरे। उनका औसत 25.45 का रहा।
वीरेंद्र सहवाग
पूर्व धाकड़ सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के हाथ भी आईपीएल ट्रॉफी नहीं लगी। वह 2008 से 2015 तक इंडियन प्रीमियर लीग में खेले। उन्होंने दिल्ली के अलावा पंजाब फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया। सहवाग ने दोनों टीमों की बागडोर भी संभाली। उन्होंने आईपीएल में 104 मैचों में 27.55 के औसत से 2728 रन जोड़े।
जहीर खान
पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को भी आईपीएल में कभी ट्रॉफी नसीब नहीं हुई। वह तीन टीमों- मुंबई इंडियंस, आरसीबी और दिल्ली की तरफ से खेले। उन्होंने 100 मुकाबलों में 102 विकेट चटकाए। जहीर ने आखिरी आईपीएल मैच 2017 में खेला था। वह दिल्ली फ्रेंचाइजी का हिस्सा थे।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



