KKR ने फ्रैक्चर के बाद भी वरुण चक्रवर्ती से पूरे 4 ओवर फिंकवाए! BCCI दे सकता है दखल
केकेआर पर आरोप है कि उसने स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने के बावजूद गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच में उतारा। इतना ही नहीं, उनसे 4 ओवर का कोटा भी पूरा कराया। बीसीसीआई इसे गंभीरता से ले सकता है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बोर्ड इस मामले में दखल दे सकता है।

आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा है। हालांकि गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 16 मई को अपने पिछले मैच में जीत के साथ टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की आस अभी बनी हुई है। इस बीच कुछ ऐसा हुआ है जो नेशनल क्रिकेट सेट अप बनाम फ्रेंचाइजी क्रिकेट की बहस को तेज कर सकता है। अगर पूरी तरह फिट नहीं होने या फिर इंजरी के बावजूद भी अगर कोई फ्रेंचाइजी टीम किसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का इस्तेमाल करे तब? केकेआर पर आरोप है कि उसने स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने के बावजूद उस मैच में उतारा। इस सीजन में उन्हें इंजरी के बावजूद मैच खिलाने की ये कोई पहली घटना भी नहीं है। बीसीसीआई इसे गंभीरता से ले सकता है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बोर्ड इस मामले में दखल दे सकता है।
वरुण चक्रवर्ती भारतीय टी20 क्रिकेट टीम की गेंदबाजी के रीढ़ हैं। वह बीसीसीआई की सेन्ट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट के अहम खिलाड़ी हैं। आईपीएल में चोट के बावजूद उनके इस्तेमाल से उनकी फिटनेस का संकट गहरा सकता है जिससे इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी उपलब्धता साफ तौर पर प्रभावित होगी। केकेआर के लिए बचे हुए हर मैच काफी अहम हैं, लेकिन क्या सिर्फ इसलिए भारतीय टीम के एक स्टार गेंदबाज को चोट के बाद भी गेंदबाजी के मोर्चे पर उतारा जा सकता है?
वरुण चक्रवर्ती को 8 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी। उनके बाएं पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ था। इस वजह से उन्हें आरसीबी के खिलाफ अगले मैच में बाहर बैठना पड़ा था। 16 मई को केकेआर ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अहम मैच में न सिर्फ वरुण चक्रवर्ती को खिलाया बल्कि उनसे पूरे 4 ओवर भी फेंकवाए। हालांकि उन्हें कोई सफलता नहीं मिली और उन्होंने 47 रन खर्च किए। मैच में केकेआर ने जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। इससे पहले इसी सीजन में उनके बाएं हाथ में फ्रैक्चर के बावजूद भी केकेआर ने उनका इस्तेमाल किया था।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, ‘मुझे पता है कि केकेआर के फीजियो टीम इंडिया के फीजियो (कमलेश जैन) के संपर्क में हैं। एक पिछले मैच में केकेआर की तरफ से बीसीसीआई को बताया गया था कि बाउंड्री पर फील्डिंग करते वक्त वरुण के बाएं पैर में चोट लगी है। समझा जा रहा कि उन्हें हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ है। मुझे लगता है कि बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल एक खिलाड़ी के तौर पर उनकी फिटनेस सबसे महत्वपूर्ण है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम इस मामले में दखल दे सकती है। जैन से पूछा जा सकता है कि केकेआर की मेडिकल टीम की तरफ से क्या इनपुट मिले थे।’
वरुण चक्रवर्ती अब तक आईपीएल 2026 में 9 मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 10 विकेट दर्ज हैं। केकेआर की बात करें तो पॉइंट्स टेबल में वह आठवें नंबर पर है। 12 मैचों में 5 जीत और एक अनिर्णित मैच के साथ उसके 11 अंक हैं। प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी संभावनाएं तो बहुत ही कम हैं लेकिन रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



