फ्रैक्चर के बाद भी वरुण चक्रवर्ती के बोलिंग करने को KKR कोच वॉटसन ने बताया जज्बा, फैन कर रहे BCCI से ऐक्शन की मांग

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन ने भारत के 'मिस्ट्री' स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के जज्बे की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वरुण बाएं पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने के बावजूद IPL में लगातार खेल रहे हैं। हालांकि तमाम क्रिकेट फैन केकेआर के खिलाफ ऐक्शन की मांग कर रहे हैं।

फ्रैक्चर के बाद भी वरुण चक्रवर्ती के बोलिंग करने को KKR कोच वॉटसन ने बताया जज्बा, फैन कर रहे BCCI से ऐक्शन की मांग

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन ने भारत के 'मिस्ट्री' स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के जज्बे की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वरुण बाएं पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने के बावजूद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार खेल रहे हैं। वॉटसन ने ये बयान तब दिया है जब कई क्रिकेट फैन फैक्चर के बावजूद वरुण चक्रवर्ती से गेंदबाजी कराने के लिए बीसीसीआई से केकेआर के खिलाफ ऐक्शन की मांग कर रहे हैं।

वॉटसन ने कहा कि चक्रवर्ती आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए केकेआर की मुहिम योगदान देने के लिए बेताब हैं।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

चक्रवर्ती को आठ मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर के मैच के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लगी थी। इस कारण वह 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अगला मैच नहीं खेल पाए थे जिसके बाद मुख्य कोच अभिषेक नायर ने उनके फ्रैक्चर की पुष्टि की थी।

लेकिन आरसीबी से हार के बाद केकेआर को बाकी मैच जीतने की जरूरत थी इसलिए चक्रवर्ती पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगातार मैचों में खेलने के लिए वापस आ गए।

वॉटसन ने बुधवार को मुंबई इंडियंस पर मिली चार विकेट की जीत के बाद कहा, ‘मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि वह इस समय रिहैब के किस दौर में हैं। मुझे बस इतना पता है कि वह इस समय थोड़े दर्द के साथ खेल रहे हैं, जिससे पता चलता है कि वह कितने बहादुर हैं, वह केकेआर के लिए योगदान देने के लिए कितने आतुर हैं और वह अभी भी शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं।’

फ्रैक्चर के बावजूद वरुण चक्रवर्ती से गेंदबाजी कराने को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। तमाम यूजर बीसीसीआई से इसे लेकर फ्रेंचाइजी पर ऐक्शन लेने को कह रहे हैं।

वैसे बीसीसीआई भी आईपीएल के दौरान खिलाड़ियों के चोट की निगरानी करता ही है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा था, ‘जहां तक आईपीएल की बात है तो फ्रेंचाइजियां खिलाड़ियों की इंजरी और फिटनेस का ध्यान रखती हैं। सीओई (बीसीसीआई का सेंटर ऑफ एक्सिलेंस) के फीजियो भी उन्हें मॉनिटर कर रहे हैं, उन्हें कैसे फिट रखा जाए ये देख रहे हैं। निगरानी तो हो रही है लेकिन जब तक आईपीएल चल रहा है, हम बहुत ज्यादा दखल नहीं दे सकते। अगर भारतीय क्रिकेट टीम में ये स्थिति होती तो हमारा नियंत्रण ज्यादा होता।’

मार्च में टी20 विश्व कप जीतने के बाद से भारत की टी20 स्पिन गेंदबाजी के मुख्य खिलाड़ी चक्रवर्ती का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। अपने पहले तीन आईपीएल मैचों में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने 105 रन लुटा दिए। इस खराब प्रदर्शन ने केकेआर के अभियान को शुरुआत में ही काफी नुकसान पहुंचाया।

लेकिन टूर्नामेंट के आखिरी दौर में चक्रवर्ती ने अपनी लय वापस पा ली। फिर उन्होंने चार मैचों में 10 विकेट लेकर टीम की वापसी में अहम भूमिका निभाई।

(भाषा से इनपुट के साथ)

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।