IPL इतिहास का इकलौता खिलाड़ी जिसने लगातार तीन खिताब जीते, तीनों बार अलग-अलग टीम, कहा जाता है लकी चार्म
श्रेयस अय्यर 2025 में आईपीएल इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी बने थे जिसने अपनी कप्तानी में तीन अलग-अलग टीमों को फाइनल में पहुंचाया। लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा है जिसने लगातार तीन बार न सिर्फ फाइनल खेला बल्कि आईपीएल खिताब जीता। तीनों ही बार अलग-अलग टीम रही। करण शर्मा आईपीएल इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं।

क्रिकेट फैंस के सिर पर आईपीएल 2026 का खुमार चढ़ने वाला है। 28 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन शुरू होने जा रहा है। लीग के अब तक के इतिहास में कई दिलचस्प रिकॉर्ड बने। पिछले सीजन में अपनी कप्तानी में पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाकर श्रेयस अय्यर ने इतिहास रचा था। वह आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बने थे जिसने अपनी कप्तानी में तीन अलग-अलग टीमों को फाइनल में पहुंचाया था। इससे भी दिलचस्प रिकॉर्ड एक अन्य खिलाड़ी का है जो लगातार तीन बार आईपीएल विजेता टीम का सदस्य रहा और तीनों ही बार टीमें अलग-अलग थीं। आईपीएल का ये लकी चार्म खिलाड़ी है लेग स्पिनर करण शर्मा।
आईपीएल के इतिहास में वैसे तो कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो लगातार दो बार चैंपियन बनने वाली टीमों का हिस्सा रहे हैं। अब तक कुल 11 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने लगातार दो साल आईपीएल टाइटल जीता। इनमें करण शर्मा इकलौते खिलाड़ी हैं जो लगातार तीन बार आईपीएल जीतने वाली टीमों का हिस्सा रहे और तीनों बार अलग-अलग टीमें चैंपियन बनी थी। 2016 में वह सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में थे जिसने उस साल खिताब जीता था। अगले साल 2017 में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे और संयोग से उस बार एमआई ने खिताब जीता। उसके अगले साल यानी 2018 में करण शर्मा मुंबई इंडियंस के बजाय चेन्नई सुपर किंग्स में थे। तब सीएसके चैंपियन बनी थी।
4 बार आईपीएल विजेता टीम का रहे हिस्सा
करण शर्मा आईपीएल में कुल 4 बार चैंपियन टीमों के स्क्वाड का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने सितंबर 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशल में डेब्यू किया था। अपने डेब्यू मैच में उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट झटके थे। उसके बाद आईपीएल में लगातार तीन टाइटल जीतने के बावजूद उन्हें भारत के लिए फिर कभी टी20 इंटरनेशनल खेलने का मौका नहीं मिला।
2009 में आरसीबी की तरफ से खेला था अपना पहला आईपीएल मैच
यूपी के मेरठ के रहने वाले करण शर्मा को आईपीएल में सबसे पहले आरसीबी ने 2009 में मौका दिया था। उसके बाद अगले तीन सीजन तक उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा। 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन पर भरोसा जताया और शर्मा ने उस सीजन में 13 मैचों में 11 विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें अगेल सीजन में मिला। सनराजर्स हैदराबाद ने 2014 की नीलामी में करण शर्मा को 3.75 करोड़ रुपये में खरीदा। उस समय किसी भी डोमेस्टिक अनकैप्ड खिलाड़ी को इतनी ज्यादा रकम नहीं मिली थी।
करण शर्मा 2013 से 2016 तक सनराइजर्स हैदराबाद के साथ रहे। 2016 में उन्होंने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता। तब सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को फाइनल में हराकर खिताब जीता था। अगले सीजन में करण शर्मा मुंबई इंडियंस के साथ चले गए। 2017 में एमआई ने राइजिंग पुणे सुपर जॉइंट्स को फाइनल में 1 रन से हराकर खिताब जीता। 2018 में करण शर्मा चेन्नई सुपर किंग्स के साथ थे और एक बार फिर उनकी टीम चैंपियन बनी। सीएसके ने तब फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को शिकस्त देकर टाइटल अपने नाम किया था। शर्मा 2021 में भी आईपीएल टाइटल जीतने वाली सीएसके की टीम का हिस्सा थे।
आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेले थे
38 साल के करण शर्मा आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेले थे और 6 मैचों में 7 विकेट हासिल किए थे।
करण शर्मा ने आईपीएल में कुल 90 मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 83 विकेट दर्ज हैं।
नाटकीय रहा अंतरराष्ट्रीय करियर
करण शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने 2014 में भारत के लिए टी20, ओडीआई और टेस्ट तीनों ही फॉर्मेट में डेब्यू किया था। संयोग से टी20 इंटरनेशनल में उनका डेब्यू मैच ही उनका आखिरी T20I साबित हुआ। उसमें उन्होंने 1 विकेट लिया था। यही चीज टेस्ट के साथ हुई। 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेला गया टेस्ट उनका डेब्यू और लास्ट टेस्ट भी है जिसमें उन्होंने 4 विकेट लिए थे। हालांकि ओडीआई में डेब्यू के बाद भी उन्हें 1 मौका और मिला था लेकिन वह दोनों ही मैच में नाकाम रहे थे। दोनों ओडीआई मैचों में उनके नाम एक भी विकेट दर्ज नहीं है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



