क्या एमएस धोनी ETPL में खेलेंगे? अभिषेक बच्चन की जुबां पर आई दिल की बात, बोले- मुझे इसकी आदत हो गई
अभिषेक बच्चन की जुबां पर दिल की बात आ गई है। वह यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) में दिग्गज एमएस धोनी को खेलते हुए देखना चाहते हैं। अभिषेक ने स्वीकार किया कि मौजूदा भारतीय सितारों की कमी खलेगी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के छह साल बाद भी एमएस धोनी का करिश्मा जस का तस है और अभिनेता तथा ईटीपीएल के सह संस्थापक अभिषेक बच्चन का कहना है कि वह नई यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग में भविष्य में 'कैप्टन कूल' को देखना चाहेंगे। यह पूछने पर कि वह ईटीपीएल में किस भारतीय क्रिकेटर को देखना चाहेंगे और क्यों, अभिषेक ने तुरंत जवाब दिया, ''महेंद्र सिंह धोनी।''
'भारतीय क्रिकेटर ETPL का हिस्सा होते तो...'
अभिषेक ने डबलिन से पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा, ''क्या किसी को इस बात का कोई कारण देने की जरूरत है कि आप महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट के मैदान पर क्यों देखना चाहते हैं।'' 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ले चुके धोनी इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं लेकिन आईपीएल 2026 में चोट के कारण अभी तक खेले नहीं हैं। बीसीसीआई के नियमों के तहत सभी तरह के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास ले चुके भारतीय पुरुष क्रिकेटर ही विदेश में टी20 लीग खेल सकते हैं। अभिषेक ने स्वीकार किया कि मौजूदा भारतीय सितारों की कमी खलेगी लेकिन कहा कि ईटीपीएल की गुणवत्ता और वैश्विक अपील पर उन्हें भरोसा है। उन्होंने कहा, ''अगर आपका क्रिकेट बेहतरीन है तो लोग देखने आएंगे। मौजूदा भारतीय क्रिकेटर ईटीपीएल का हिस्सा होते तो हमें खुशी होती लेकिन बीसीसीआई के अनुबंध के तहत उन्हें आईपीएल के बाहर खेलने की अनुमति नहीं है। हमें उनकी कमी खलेगी।'' उन्होंने कहा, ''लेकिन भारतीय खिलाड़ियों से इतर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर ईटीपीएल में खेल रहे हैं तो मुझे लगता है कि यह कामयाब होगी।''
'मुझे ऐसे खेलों में लीग शुरू करने की आदत...'
26 अगस्त से 20 सितंबर तक होने वाली यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग यूरोप में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए छह टीमों की फ्रेंचाइजी आधारित लीग है। भारत के पूर्व क्रिकेटर और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ डबलिन गार्डियंस टीम के सह मालिक बने हैं जबकि बाकी टीमों के मालिकों में स्टीव वॉ, जोंटी रोड्स, ग्लेन मैक्सवेल शामिल हैं। इससे पहले इंडियन सुपर लीग (चेन्नइयिन एफसी) और प्रो कबड्डी लीग (जयपुर पैंथर्स) में निवेश कर चुके अभिषेक ने कहा कि क्रिकेट से प्रेम के कारण उन्हें ईटीपीएल में निवेश की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा, ''मैं क्रिकेट का बड़ा मुरीद हूं। यही मेरी प्रेरणा बनी और यूरोप में टी20 लीग शुरू करना मेरे लिये गर्व की बात है।'' उन्होंने कहा, ''मुझे ऐसे खेलों में लीग शुरू करने की आदत हो गई है जो बाजार में दबदबा नहीं रखते। फुटबॉल हो, कबड्डी या स्ट्रीट क्रिकेट। यह मुझे रोमांचित करता है।''
'टेस्ट से ऊपर कुछ नहीं लेकिन मौजूदा पीढ़ी...'
दुनिया भर में बढ़ती टी20 लीग को लेकर चिंता को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, ''मुझे नहीं लगता कि इससे कोई नुकसान है। आपका टूर्नामेंट अगर प्रशंसकों को खींच रहा है और मनोरंजन दे रहा है तो वे जरूर देखेंगे।'' अभिषेक ने यह भी कहा कि दर्शकों की बदलती आदतों को टी20 प्रारूप रास आ रहा है। उन्होंने कहा, ''अब किसी के पास समय नहीं है। क्रिकेटप्रेमी होने के नाते टेस्ट क्रिकेट से ऊपर कुछ नहीं लेकिन मौजूदा पीढ़ी इतना समय देने की स्थिति में नहीं है लिहाजा टी20 बेहतरीन है।'' यह पूछने पर कि आईपीएल या एसए20 जैसी सफल लीग से क्या सीखा है, अभिषेक ने मनोरंजन और बेहतरीन क्रिकेट की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा ,'' अगर दोनों लीग को देखें तो इनमें बेहतरीन, मनोरंजक और रोमांचक क्रिकेट खेला जाता है। यही सीखना है। अगर यह हो गया तो बाकी अपने आप हो जायेगा।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



