IPL 2026: विराट कोहली किसी भी समय कर सकते हैं ऐसा, RCB के पूर्व हेड कोच कह गए बड़ी बात
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व हेड कोड संजय बांगर ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर बड़ी बात कही है। कोहली ने आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

आईपीएल 2025 फाइनल के बाद अपना पहला टी20 खेलते हुए विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को आईपीएल 2026 के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ बड़ी जीत दिलाई। उनकी 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन की पारी में पांच चौके और पांच छक्के शामिल थे। उन्होंने आरसीबी को 15.2 ओवर में ही 202 रनों का लक्ष्य हासिल करने में मदद की। भारत के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायुडू के मुताबिक, "कोहली का अभी और भी बहुत कुछ आना बाकी है"।
'कोहली किसी भी समय ऐसा कर सकते हैं'
रायुडू ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के टाइमआउट शो पर कहा, "पूरी पारी के दौरान कोहली अभी भी थोड़े रस्टी लग रहे थे…। जैसे-जैसे वह और सेट होंगे, उनसे बहुत कुछ और देखने को मिलेगा।" शुरुआत में कोहली थोड़ा असहज दिखे, लेकिन देवदत्त पड़िक्कल की तेज 26 गेंदों पर 61 रन की पारी ने उन्हें अपना लय पकड़ने का मौका दिया। दोनों की 101 रन की साझेदारी में कोहली ने थोड़ा बैकसीट लिया। आरसीबी के पूर्व हेड कोच संजय बांगर के अनुसार, कोहली की धीमी शुरुआत एक रणनीति का हिस्सा थी। उन्होंने कहा, “अगर उनके आसपास के बल्लेबाज अपना काम कर रहे हैं तो जरूरी नहीं कि उन्हें तुरंत आक्रामक होना पड़े क्योंकि वह किसी भी समय अपना स्ट्राइक रेट बढ़ा सकते हैं। जब जरूरत हो, वह आसानी से बाउंड्री या छक्के लगा सकते हैं।”
'जब कोहली को पता होता है कि मैच...'
जब पडिक्कल आउट हुए और कप्तान रजत पाटीदार क्रीज पर आए तो उन्होंने बीच के ओवरों में स्पिनर्स के खिलाफ 12 गेंदों पर 31 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद पारी के आखिरी हिस्से में कोहली ने जिम्मेदारी संभाली और 33 गेंदों पर पचास पूरा करने के बाद 38 गेंदों पर 69 रन तक पहुंचे। आखिरी पांच गेंदों में 19 रन बनाकर उन्होंने पूरे सीजन के लिए एक मजबूत संकेत दिया। बांगर ने कहा, “जब कोहली को पता होता है कि मैच पूरी तरह नियंत्रण में है तो उन्हें जीत के रन बनाकर बहुत खुशी मिलती है। वहीं, टिके रहकर अपनी टीम को जीतते हुए देखना उन्हें पसंद है। यह अब उनकी आदत बन चुकी है।”
कोहली-पडिक्कल में 101 रन की साझेदारी
कोहलीऔर देवदत्त पडिक्कल की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने पहले मुकाबले में एसआरएच को 26 गेंदे शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को दूसरे ही ओवर में फिल सॉल्ट (आठ) रन के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये पडिक्कल ने कोहली के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 101 रन जोड़े। पडिक्कल को नौवें ओवर में हर्ष दुबे ने आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए 31 रन बनाS। उन्हें 13वें ओवर में डेविड पेन ने आउट किया। इसी ओवर की अगली ही गेंद पर पेन ने जितेश शर्मा (शून्य) का भी शिकार कर लिया। टिम डेविड ने एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 16 रन बनाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



