तिलक के तूफान और अश्विनी के 'चौके' से तबाह हुई GT, मुंबई इंडियंस ने IPL में पहली बार किया ऐसा
मुंबई इंडियंस (MI) ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की। यह हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई टीम की आईपीएल 2026 में दूसरी जीत है। जीटी के सामने 200 का लक्ष्य था।

हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस (एमआई) आईपीएल 2026 में जीत की पटरी पर लौट आई है। एमआई ने लगातार चार हार के बाद सोमवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 99 रनों से जीत दर्ज की। यह मौजूदा सीजन में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। तिलक वर्मा के तूफानी शतक की बदौलत एमआई ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीटी के सामने 200 रनों का टारगेट रखा। जवाब में गुजरात की टीम 15.5 ओवर में 100 रनों पर सिमट गई। तिलक के तूफान के बाद तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार के 'घातक चौके' ने जीटी को तबाह किया। उन्होंने चार ओवर में महज 24 रन देकर चार विकेट चटकाए। स्पिनर मिचेल सेंटनर और अल्लाह गजनफर ने दो-दो जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक ने एक-एक शिकार किया। पांच बार की चैंपियन एमआई ने पहली बार अहमदाबाद के मैदान पर जीटी को मात दी है।
GT ने 55 रनों पर गंवाए पांच विकेट
लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटी ने खराब आगाज किया। बुमराह ने पहले ओवर में साई सुदर्शन (0) को पवेलियन भेजा। हार्दिक ने दूसरे ओवर में जोस बटलर (5) को अपने जाल में फंसाया। अकप्तान शुभमन गिल (14) बुमराह पर दो चौके मारे लेकिन अश्विनी द्वारा डाले गए पांचवें ओवर में डीप स्क्वायर लेग पर नमन को कैच दे बैठे। जीटी के लिए सर्वाधिक रन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर (17 गेंदों में 26) ने बनाए। वह आटवें ओवर में सेंटनर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर नमन के हाथों लपके गए। एक गेंद बाद ग्लेन फिलिप्स (6) भी सेंटनर को उनकी गेंद पर वापस कैच देकर पवेलियन लौट गए। गुजरात की आधी टीम 55 रनों पर लौट गई थी। शाहरुख खान ने 17 और कगिसो रबाडा ने 12 रनों का योगदान दिया। राहुल तेवतिया (8) समेत छह खिलाड़ी दहाई अंक में नहीं पहुंचे। अशोक शर्मा 1 रन बनाकर नाबाद रहे।
तिलक वर्मा ने की दो अहम साझेदारियां
इससे पहले, मुंबई ने गुजरात के खिलाफ पांच विकेट पर 199 रन बनाए। तिलक ने आईपीएल के अपने पहले शतक के दौरान 45 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों से नाबाद 101 रन की पारी की। उन्होंने हार्दिक पांड्या (16 गेंद में 15) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 और नमन धीर (45) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। तिलक की पारी की बदौलत मुंबई की टीम अंतिम चार ओवर में 73 रन जोड़ने में सफल रही। जीटी की ओर से कागिसो रबाडा ने 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मोहम्मद सिराज ने 25 जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 54 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।
GT ने टॉस जीतकर मुंबई को बैटिंग दी थी
शुभमन गिल ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया जिस फैसले को रबाडा ने सही साबित करते हुए चौथे ओवर में 25 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों क्विंटन डिकॉक (13) और दानिश मालेवार (02) को पवेलियन भेज दिया। रबाडा ने पारी के दूसरे ओवर में टी20 क्रिकेट में पदार्पण कर रहे मालेवार को पगबाधा किया और फिर अगले ओवर में डिकॉक को अपनी ही गेंद पर लपका। अच्छी फॉर्म में चल रहे नमन धीर ने मोहम्मद सिराज पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की। सूर्यकुमार यादव (15) ने भी रबाडा की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने इसी ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया। मुंबई इंडियन्स ने पावरप्ले में तीन विकेट पर 46 रन बनाए।
तिलक ने आखिरी ओवर में शतक पूरा किया
नमन और तिलक वर्मा ने इसके बाद पारी को संभाला। नमन ने अशोक शर्मा पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद वाशिंगटन सुंदर की लगातार गेंदों पर भी छक्का और चौका मारा। मुंबई को इसके बाद बड़ा झटका लगा जब प्रसिद्ध कृष्णा की धीमी गेंद को पुल करने की कोशिश में नमन ने डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर रबाडा को कैच थमा दिया। उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का मारा। मुंबई के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ। तिलक ने प्रसिद्ध की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके जड़कर तेवर दिखाए। उन्होंने 18वें ओवर में अशोक की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और दो चौके से 26 रन बटोरे और इस दौरान 33 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। अगले ओवर में सिराज की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने पंड्या का शानदार कैच लपका। तिलक ने प्रसिद्ध के अंतिम ओवर में दो छक्कों और दो चौकों के साथ शतक पूरा किया। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। (एजेंसी इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



