IPL 2026 फाइनल में ऑरेंज कैप से ज्यादा रहेगा पर्पल कैप का क्रेज, भुवनेश्वर कुमार या कगिसो रबाडा कौन मारेगा बाजी?
IPL 2026 Purple Cap List- आईपीएल 2026 की पर्पल कैप का क्रेज फाइनल में ऑरेंज कैप से ज्यादा रहने वाला है। कगिसो रबाडा और भुवनेश्वर कुमार के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। दोनों के बीच मात्र 2 विकेट का अंतर है।

IPL 2026 Purple Cap List- डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। आरसीबी ने जीटी को क्वालीफायर-1 में हराकर लगातार दूसरे साल प्लेऑफ में जगह बनाई थी, वहीं गुजरात ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को रौंदकर फाइनल का टिकट हासिल किया है। ऑरेंज कैप की रेस में तो जीटी के ही शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच लड़ाई है, मगर असली जंग पर्पल कैप की होगी। आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जीटी के कगिसो रबाडा में से कोई एक इस कैप पर कब्जा जमाएगा।
IPL 2026 पर्पल कैप
कगिसो रबाडा राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालीफायर-2 में दो विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। 16 मैचों के बाद उनके खाते में 28 विकेट हो गए हैं। वहीं एक मैच कम खेलने वाले भुवनेश्वर कुमार 26 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर हैं। दोनों के बीच अब मात्र दो ही विकेट का अंतर है। यह दो विकेट भी रबाडा ने क्वालीफायर-2 में भुवी से एक मैच ज्यादा खेलकर लिए हैं।
फाइनल में कगिसो रबाडा और भुवनेश्वर कुमार के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
बता दें, दोनों तेज गेंदबाज पहले भी पर्पल कैप पर अपना कब्जा जमा चुके हैं। भुवनेश्वर कुमार ने 2016 और 2017 आईपीएल में लगातार दो साल सबसे ज्यादा विकेट चटकाकर पर्पल कैप जीती थी। भुवी ने 2016 में 23 तो 2017 में 26 विकेट चटकाए थे।
वहीं कगिसो रबाडा 2020 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाकर पर्पल कैप अपने नाम करने में कामयाब रहे थे, उस सीजन उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 30 विकेट चटकाए थे।
ऑरेंज कैप की रेस में शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच जंग
फिलहाल ऑरेंज कैप राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास है। 776 रनों के साथ वह लिस्ट में पहले पायदान पर है। मगर उनकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है तो शुभमन गिल और साई सुदर्शन के पास उनसे आगे निकलने का आखिरी मौका है।
शुभमन गिल ने अभी तक आईपीएल 2026 में 722 रन बनाए हैं, वहीं साई सुदर्शन 710 रनों के साथ उनके पीछे हैं।
शुभमन गिल को ऑरेंज कैप जीतने के लिए 55 रन चाहिए, वहीं अगर साई सुदर्शन 67 रन बनाते हैं तो वह इस सीजन ऑरेंज कैप अपने नाम कर सकते हैं।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



