ऑरेंज कैप की रेस में अभिषेक शर्मा बने नंबर-1, ईशान किशन टॉप 5 की दहलीज पर पहुंचे; रजत पाटीदार लुढ़के

Md.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share

IPL 2026 Orange Cap: अभिषेक शर्मा के सिर ऑरेंज कैप सज गई है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ तूफानी शतकीय पारी खेली। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार लिस्ट में लुढ़क गए हैं।

ऑरेंज कैप की रेस में अभिषेक शर्मा बने नंबर-1, ईशान किशन टॉप 5 की दहलीज पर पहुंचे; रजत पाटीदार लुढ़के

IPL 2026 Orange Cap: सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच मंगलवार को आईपीएल 2026 का 31वां मैच खेला गया। एसएरआच ने हैदराबाद के मैदान पर डीसी को 47 रनों से रौंदा। अभिषेक शर्मा की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत हैदराबाद ने 242/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया। अभिषेक ने 68 गेंदों में 10 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 135 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 9 विकेट गंवाकर 195 रन ही जुटा सकी। एसआरएच को जहां धमाकेदार जीत मिली तो वहीं ओपनर अभिषेक के हाथ ऑरेंज कैप लगी। वह आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शीर्ष पर काबिज हो गए हैं। उनके खाते में फिलहाल सात मैचों में 323 रन हैं, जिसमें 53.83 का औसत है।

अभिषेक ने क्लासेन से छीनी ऑरेंज कैप

प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक ने एसआरएच के हेनरिक क्लासेन से ऑरेंज कैप छीनी है। क्लासेन दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उन्होंने सात मैचों में 53.33 के औसत से 320 रन जुटाए हैं। उन्होंने एसआरएच बनाम डीसी मैच में 13 गेंदों में नाबाद 37 रनों की आतिशी पारी खेली। क्लासेन ने तीन चौके और इतने ही छक्के मारे। हैदराबाद के कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन टॉप 5 की दहलीज पर पहुंच गए हैं। वह सात मैचों में 238 रनों के साथ छठे पायदान पर हैं। उनका औसत 34.00 का है। ईशान ने दिल्ली के सामने 13 गेंदों में 25 रन बटोरे। उनके बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकला। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार लिस्ट में सातवें पादयान पर लुढ़क गए हैं। उन्होंने छह मैचों में 46.00 के औसत से 230 रन जोड़े हैं।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप अपडेटेड लिस्ट-

प्लेयरमैचरनटीम
अभिषेक शर्मा7323सनराइजर्स हैदराबाद
हेनरिक क्लासेन7320सनराइजर्स हैदराबाद
शुभमन गिल5265गुजरात टाइटंस
विराट कोहली6247रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
वैभव सूर्यवंशी6246राजस्थान रॉयल्स
ईशान किशन7238सनराइजर्स हैदराबाद
रजत पाटीदार6230रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
कूपर कोनोली6223पंजाब किंग्स
यशस्वी जायसवाल6223राजस्थान रॉयल्स
प्रियांश आर्य5211पंजाब किंग्स

कैसा रहा SRH vs DC मैच?

अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिट्स के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए शुरुआती तीन विकेटों के लिए बड़ी साझेदारियां कीं। उन्होंने ट्रैविस हेड (26 गेंद में 37) के साथ पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 97 रन और ईशान के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 79 रन की साझेदारी की। उन्होंने क्लासेन के संग तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 66 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। अभिषेक की तूफानी पारी के सामने नीतीश राणा (चार ओवर में 55 रन) की ऑफ स्पिन और लुंगी एनगिडी (चार ओवर में 41 रन) की धीमी गेंदें भी बेअसर रहीं। दिल्ली के लिए एकमात्र सफलता अक्षर पटेल को मिली, जिन्होंने हेड को आउट किया। ईशान दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए। अभिषेक के बल्ले से निकला शॉट गेंदबाज नीतीश राणा के हाथों से लगकर विकेटों से टकरा गया और किशन क्रीज से बाहर थे।

नीतीश राणा ने जड़ा अर्धशतक

दिल्ली के लिए नीतीश राणा ने 30 गेंदों में सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। उन्होंने केएल राहुल (23 गेंद में 37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 86 रन की साझेदारी की, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के साथ ही टीम ने लय गंवा दी। टीम का स्कोर एक विकेट पर 107 रन से चार विकेट पर 107 रन हो गया। समीर रिजवी (41) और ट्रिस्टन स्टब्स (27) ने इसके बाद कुछ संघर्ष किया, लेकिन जरूरी रनगति के बढ़ने के कारण वे सामंजस्य नहीं बिठा सके। तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा (32 रन पर चार विकेट) ने आईपीएल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्हें दिलशान मदुशंका (36 रन पर एक विकेट) और शाकिब हुसैन (29 रन पर एक विकेट) का अच्छा साथ मिला जबकि हर्ष दुबे ने आखिरी ओवर में तीन विकेट चटकाए। इस जीत से हैदराबाद टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। एसआरएच के नाम सात मैचों में अब चार जीत है। दिल्ली की टीम छह मैचों में तीसरी हार के बाद पांचवें स्थान पर है।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।