कोहली, गेल या डिविलियर्स नहीं; ये है IPL इतिहास की सबसे बेहतरीन जोड़ी, रैना ने पेश किया रिकॉर्ड
सुरेश रैना ने शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी की शान में कसीदा पढ़ा है। गिल और सुदर्शन आईपीएल में गुजरात टाइटंस (जीटी) का हिस्सा हैं। जीटी क्वालिफायर-1 में आरसीबी से भिड़ेगी।

भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना ने शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी की दिल खोलकर तारीफ की है। गिल और सुदर्शन गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए खेलते हैं। गिल जीटी के कप्तान हैं। दोनों ने पिछले कुछ सालों में गजब की निरंतरता दिखाई है और जीटी की सफलता में अहम भूमिका निभाई। जीटी आईपीएल 2026 में क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से टकराएगी। यह मैच 26 मई को धर्मशाला में आयोजित होगा और जीतने वाली टीम को फाइनल में एंट्री मिलेगी। रैना ने क्वालिफायर-1 से पहले गिल और सुदर्शन को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) इतिहास की सबसे बेहतरीन जोड़ी करार दिया। उन्होंने यूं ही दावा नहीं किया बल्कि रिकॉर्ड भी पेश किया।
'IPL इतिहास में ऐसा करने वाले सबसे तेज'
रैना ने जियो हॉटस्टार की 'चैंपियंस वाली कमेंट्री' में कहा, ''शुभमन गिल और साई सुदर्शन आईपीएल इतिहास की सबसे बेहतरीन बैटिंग जोड़ी हैं। दोनों ने 46 पारियों में 50 या उससे ज्यादा रन की 21 पार्टनरशिप की हैं। उनके बाद बेस्ट जोड़ी क्रिस गेल और विराट कोहली की है। एबी डिविलियर्स और कोहली तीसरे नंबर पर हैं। इससे गिल और साई की क्वालिटी का पता चलता है। वे एक-दूसरे के खेल को बहुत अच्छी तरह कॉम्प्लिमेंट करते हैं। खास बात यह है कि वे सिर्फ 46 पारियों में 21 बार पचास प्लस साझेदारी तक पहुंचे हैं, जो आईपीएल इतिहास में सबसे तेज है। गेल और कोहली को वहां तक पहुंचने में 59 पारियां लगीं जबकि डिविलियर्स और कोहली ने 76 पारियों में जाकर आंकड़ा छुआ।'' रैना ने ना सिर्फ गिल और सुदर्शन के रिकॉर्ड को सराहा बल्कि सलामी जोड़ी के तौर पर उनकी जबरदस्त कंसिस्टेंसी की भी तारीफ की।
'एक पेस का इस्तेमाल करता है तो दूसरा...'
पूर्व बल्लेबाज ने कहा, ''एक ओपनिंग जोड़ी के तौर पर शुभमन गिल और साई सुदर्शन की कंसिस्टेंसी कमाल की है। वे अपनी पारी बनाने में समय लेते हैं, डॉट बॉल्स कम से कम रखते हैं, और एक-दूसरे के गेम को पूरी तरह से कॉम्प्लिमेंट करते हैं। वे टारगेट करने के लिए सही बॉलर्स चुनते हैं। एक बॉलर की पेस का इस्तेमाल करता है तो दूसरा अपने शॉट्स के लिए जगह बनाने के लिए एंगल का इस्तेमाल करता है। दोनों बहुत फिट हैं, और उनकी गेम अवेयरनेस सबसे अलग दिखती है। वे जानते हैं कि कौन से शॉट खेलने हैं और कब अटैक करना है। सबसे बड़ी ताकत यह है कि वे कितनी कंसिस्टेंसी से रन बनाते हैं। मौजूदा सीजन में आईपीएल में कोई दूसरी बैटिंग जोड़ी उनकी कंसिस्टेंसी के लेवल की बराबरी नहीं कर पाई है।'' सुदर्शन (14 मैचों में 638) फिलहाल आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर हैं। उनके बाद गिल (13 मैचों में 616) हैं।



