IPL 2026 आज का मैच: KKR और SRH को पहली जीत का इंतजार, किसका पलड़ा दिख रहा भारी?
IPL 2026 में आज का मैच (2 अप्रैल 2026) कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान में शाम साढ़े 7 बजे शुरू होगा। यह IPL 2026 का छठा मुकाबला है।

IPL 2026 में आज का मैच (2 अप्रैल 2026) कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान में शाम साढ़े 7 बजे शुरू होगा। यह IPL 2026 का छठा मुकाबला है। दोनों ही टीमें अपनी पहली जीत की तलाश में हैं। SRH को अपने पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के हाथों 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। इसी तरह KKR को भी अपने पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के साथों 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
हेड टु हेड
दोनों टीमों के आपसी मुकाबलों के इतिहास पर नजर डालें तो कोलकाता नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी दिख रहा है। अब तक दोनों टीमों 30 बार आमने-सामने हो चुकी हैं। इनमें 20 बार केकेआर को जीत मिली है जबकि एसआरएच को 10 मैच में जीत मिली है।
ईडन की पिच
वैसे भी ईडन गार्डन्स पर केकेआर को हराना हमेशा से ही एक बड़ी चुनौती रही है। यहां की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए मुफीद मानी जाती है लेकिन शाम के वक्त ओस की भी अहम भूमिका रह सकती है। ओस के मद्देनजर टॉस जीतने वाली टीम आम तौर पर बाद में बल्लेबाजी करना पसंद करती हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स घरेलू मैदान का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। उसे पहली पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने चारों खाने चित कर दिया है। मैच में केकेआर ने 220 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 67 रन की शानदार पारी भी खेली थी लेकिन मुंबई इंडियंस ने आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लिया था।
KKR के इन खिलाड़ियों पर रहेगी निगाह
केकेआर के लिए अच्छी बात ये है कि अजिंक्य रहाणे और फिन एलन की ओपनिंग जोड़ी पहले मैच में लय में दिखी। टीम को उपकप्तान रिंकू सिंह से हमेशा की तरह आखिरी ओवरों में धांसू बल्लेबाजी की उम्मीद रहेगी। रिंकू लगातार ये काम करते रहे हैं और उन्हें उपकप्तान के पद के तौर पर इसका इनाम भी मिला है। इसके अलावा केकेआर को सुनील नरेन से काफी उम्मीदें रहेंगी। ईडन गार्डन्स में नरेन की गेंदबाजी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। इसके अलावा वह बल्लेबाजी में भी ताबड़तोड़ अंदाज में रन जुटाकर योगदान देते रहे हैं। आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने पहले मैच में गेंदबाजी नहीं की थी। ऐसे में टीम को उनसे अपनी बल्लेबाजी से उसकी भरपाई की उम्मीद होगी।
हैदराबाद के लिए गेंदबाजी चिंता का विषय
सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो उसे भी अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। उसने डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 प्लस का स्कोर खड़ा किया था। नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी से एसआरएच की गेंदबाजी प्रभावित दिख रही है। पहले मैच में 202 रन का लक्ष्य देने के बावजूद एसआरएच के गेंदबाज आरसीबी के बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा पाए थे। हैदराबाद की गेंदबाजी कितनी ढीली रही थी इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि आरसीबी ने सिर्फ 15.4 ओवर में ही 200 प्लस का टारगेट आसानी से हासिल कर लिया था।
SRH के पास विस्फोटक बैटिंग लाइन अप
पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कमान संभाल रहे हैं। एसआरएच की बल्लेबाजी बहुत ही मजबूत है। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की विस्फोटक सलामी जोड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाने का माद्दा रखती है। ईशान किशन तो वैसे ही जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। इनके अलावा हेनरिक क्लासेन भी हैं जो अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों में खौफ पैदा करने की क्षमता रखते हैं।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



