'कुलदीप यादव अभी अपनी...', DC कोच ने सच्चाई से मुंह नहीं फेरा; कप्तान अक्षर पटेल को दिया 'दबाव वाला ज्ञान'

Md.Akram नई दिल्ली, भाषा
share

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हेड कोच हेमांग बदानी ने कुलदीप यादव को लेकर सच्चाई से मुंह नहीं फेरा। कुलदीप आईपीएल 2026 में अच्छी लय में नहीं हैं। उन्होंने 10 मैचों में सात विकेट लिए हैं। अक्षर पटेल को 'दबाव वाला ज्ञान' मिला।

'कुलदीप यादव अभी अपनी...', DC कोच ने सच्चाई से मुंह नहीं फेरा; कप्तान अक्षर पटेल को दिया 'दबाव वाला ज्ञान'

दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हेड कोच हेमांग बदानी ने आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ मैच में मिली आठ विकेट की करारी शिकस्त के बाद कहा कि टीम को मौजूदा स्थिति से उबरने के लिए सामूहिक रूप से बेहतर प्रदर्शन करना होगा और अब हर मुकाबला लगभग नॉकआउट जैसा हो गया है। पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में 12 ओवर में 69 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे। टीम ने हालांकि खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 155 रन बनाए, लेकिन चेन्नई सुपरकिंग्स ने संजू सैमसन की 52 गेंदों में नाबाद 87 रन की पारी की बदौलत 17.3 ओवर में ही आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार से टीम के लिए प्लेऑफ में जगह बनाने की राह मुश्किल हो गई है। टीम को इसके लिए अपने बचे हुए चारों मैच में जीत दर्ज करनी होगी।

'इतने प्रतिशत खिलाड़ियों का योगदान जरूरी'

बदानी ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''अब मामला नॉकआउट जैसा है, चार (मैचों) में चार जीतना होगा। ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ी स्थिति से वाकिफ हैं और अब प्रदर्शन कर लक्ष्य हासिल करना ही एकमात्र विकल्प है। सामूहिक तौर बेहतर प्रदर्शन करना होगा।'' उन्होंने कहा, ''हम लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। कभी गेंदबाजी अच्छी होती है, बल्लेबाजी नहीं, कभी इसका उल्टा। इस स्तर पर 60-70 प्रतिशत खिलाड़ियों का योगदान जरूरी है, जो अभी नहीं हो पा रहा।" बदानी ने सुपरकिंग्स के खिलाफ 69 रन पर पांच विकेट गिरने की स्थिति पर कहा कि ऐसे समय में बल्लेबाजों को मैदान पर हालात के अनुसार निर्णय लेना होता है। उन्होंने माना कि उस समय बल्लेबाजों ने सतर्क रुख अपनाते हुए पारी को लंबा खींचने और विकेट नहीं गंवाने पर ध्यान दिया।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

'कोई भी टीम पांच विकेट नहीं गंवाना चाहती'

उन्होंने कहा, ''ऐसे वक्त पर मैदान में जो बल्लेबाज होते हैं, वही तय करते हैं कि मैच को कैसे आगे बढ़ाना है। हम पहले ही पांच विकेट खो चुके थे, इसलिए जल्दीबाजी नहीं करनी थी और पारी को आखिर तक ले जाने की योजना थी।" कैपिटल्स को पांच विकेट जल्दी गंवाने के कारण इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर समीर रिजवी का इस्तेमाल करना पड़ा। उन्होंने 24 गेंदों में नाबाद 40 रन की पारी खेलने के अलावा ट्रिस्टन स्टब्स (38) के साथ छठे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी कराई, लेकिन इससे टीम की गेंदबाजी थोड़ी कमजोर हो गई। बदानी ने कहा कि टीम को मुश्किल परिस्थितियों में संतुलन बनाने के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में अतिरिक्त बल्लेबाज उतारना पड़ा। भारत के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, ''कोई भी टीम 50-60 रन पर पांच विकेट नहीं गंवाना चाहती। अगर पांच विकेट जल्दी गिर जाएं, तो एक ही रास्ता होता है कि पारी को संभालो और इम्पैक्ट प्लेयर से संतुलन बनाओ।" उन्होंने कहा, ''अगर बल्लेबाजी अच्छी हो, तो अतिरिक्त गेंदबाज ला सकते हैं। पिच के हिसाब से विकल्प बदलते हैं।''

कुलदीप और अक्षर को लेकर क्या बोले कोच?

दिल्ली की टीम के लिए परेशानी का सबब गेंदबाजी में कुलदीप यादव और बल्लेबाजी में कप्तान अक्षर पटेल की लय है। अक्षर गेंद से तो योगदान दे रहे हैं, लेकिन इस आईपीएल में बल्ले से प्रभावित नहीं कर पाए हैं। वह 10 मैचों में सिर्फ 33 रन ही बना सके हैं। बदानी ने कहा, ''कुलदीप अभी अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं हैं और सामान्य गति से गेंदबाजी भी नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन टीम को उन पर पूरा भरोसा है। यह सिर्फ लय पाने की बात है। वह अभी अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन यह समय की बात है।'' उन्होंने अक्षर का भी समर्थन करते हुए कहा, ''वह दो विश्व कप जीत चुके खिलाड़ी हैं, उन्हें पता है कि दबाव कैसे संभालना है। इस प्रारूप में चार ओवर में 24 रन देना कमाल का प्रदर्शन है।'' उन्होंने यह भी माना कि अगर टीम 15 से 20 रन और बना लेती, तो संजू सैमसन के लिए पारी को नियंत्रित करना आसान नहीं होता।

'पिच पर टीम का कोई कंट्रोल नहीं होता और...'

बदानी ने सैमसन की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, ''उन्होंने हालात को बखूबी समझते हुए पहले प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ सतर्क रुख अपनाते हुए पारी को आगे बढ़ाया। उन्हें विकेटकीपर के रूप में 20 ओवर तक पिच को करीब से देखने का फायदा मिला।'' उन्होंने कहा, ''इसमें कोई शक नहीं कि वह कमाल के खिलाड़ी हैं और राष्ट्रीय टीम में उनकी मौजूदगी इसका प्रमाण है।'' दिल्ली की टीम अपने घरेलू मैदान पर प्रभावी प्रदर्शन करने में नाकाम रही है। मौजूदा सत्र में भी उसे अरुण जेटली स्टेडियम में अब तक पांच मैचों में चार में शिकस्त का सामना करना पड़ा है। घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने में नाकाम रहने के सवाल पर बदानी ने कहा, ''पिच पर टीम का कोई कंट्रोल नहीं होता और बीसीसीआई के दिशा-निर्देशों के तहत उसे तटस्थ रखा जाता है। हमारे घरेलू मैदान की पिचें कुछ हद तक अप्रत्याशित रही हैं, लेकिन यह स्थिति सभी टीमों के लिए समान है और सफलता के लिए अनुकूलन जरूरी है।'' उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, ''हम एक मैच में 265 रन बनाकर भी नहीं जीते, एक मैच एक रन से हारे, एक मैच में लगभग 75 रन ही बना पाए और यहां पांच विकेट जल्दी गिर गए।''

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।