कैसे आशीष नेहरा ने मैदान के बाहर से वैभव सूर्यवंशी के साथ कर दिया खेला, सिराज की 146.6 kmph की गेंद कर गई कमाल- VIDEO
वैभव अब अटैकिंग बैटिंग का पूरा मूड बना चुके थे। मोहम्मद सिराज के दूसरे ओवर में, जो राजस्थान रॉयल्स की पारी का तीसरा ओवर था, उन्होंने पहली चार गेंदों पर तीन चौके लगाए। सिराज एकदम होपलैस से दिखाई दे रहे थे।

IPL 2026 में जिस तरह गेंदबाज वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेने के बाद जश्न मना रहे हैं, उसे देखकर समझ आता है कि इस 15 साल के खिलाड़ी का गेंदबाजों में खौफ क्या है। शनिवार, 9 मई की रात भी कुछ ऐसा ही हुआ। 230 रनो के विशाल टारगेट का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान को ताबड़तोड़ शुरुआत दी थी। वैभव ने अपनी पारी की पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज को लॉन्ग ऑन पर छक्का लगाया था। उनका यह शॉट देख जीटी का हर एक खिलाड़ी हक्का-बक्का रह गया था। हालांकि अगली गेंद पर सिराज ने जोरदार वापसी की और यॉर्कर गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को घायल कर दिया। कुछ देर मैच रुका रहा, मगर फिजियो की मदद से वैभव वापस खड़े हो उठे।
वैभव ने एक बार फिर अपना खेल खेलना शुरू किया। मोहम्मद सिराज को तो उन्होंने पहले ओवर में कोई चौका छक्का नहीं लगाया, मगर कगिसो रबाडा का स्वागत उन्होंने 2 छक्कों के साथ किया।
वैभव अब अटैकिंग बैटिंग का पूरा मूड बना चुके थे। मोहम्मद सिराज के दूसरे ओवर में, जो राजस्थान रॉयल्स की पारी का तीसरा ओवर था, उन्होंने पहली चार गेंदों पर तीन चौके लगाए। सिराज एकदम होपलैस से दिखाई दे रहे थे, मगर फिर इसके बाद डगआउट में बैठे कोच आशीष नेहरा सिराज को कुछ इशारा करते शांत रहने और अपने प्लान पर अड़े रहने की सलाह दी।
इसके बाद सिराज ने जो किया वो तारीफ के काबिल था। 146.6 kmph की तेज तर्रार बाउंसर पर उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को फंसाया और पवेलियन का रास्ता दिखाया। वैभव सिराज से बाउंसर की उम्मीद नहीं कर रहे थे। ऐसे में वह अपना शॉट खेलने में लेट हो गए।
कैसा रहा RR vs GT मैच?
कप्तान शुभमन गिल की 84 रन की विस्फोटक पारी और साई सुदर्शन के शानदार अर्धशतक के बाद राशिद खान (33 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल से गुजरात टाइटंस ने अहम मुकाबले में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से शिकस्त देकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया। टाइटंस ने मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर चार विकेट पर 229 रन बनाने के बाद रॉयल्स की पारी को 16.3 ओवर में 152 रन पर समेटकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।
इस बड़ी जीत से टाइटंस की टीम अपना नेट रन रेट सुधारने में सफल रही। टीम की यह 11 मैचों में सातवीं जीत है और वह 14 अंक के साथ तालिका में पांचवें से दूसरे स्थान पर पहुंच गई। रॉयल्स इतने ही मैचों में पांचवीं हार के बाद 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है।
राशिद को गेंदबाजी में जेसन होल्डर (12 रन पर तीन विकेट) और कागिसो रबाडा (33 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। मोहम्मद सिराज ने चार ओवर में 55 रन लुटाए, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का अहम विकेट चटकाया।
रॉयल्स के लिए रविंद्र जडेजा ने 25 गेंदों में 38, वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 36 और ध्रुव जुरेल ने 10 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



