अगर मैं सिलेक्टर होता तो वैभव सूर्यवंशी को अभी इंडियन टीम में डाल देता: वीरेंदर सहवाग
वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार को IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में SRH के खिलाफ सिर्फ 29 गेंद में 97 रनों की पारी खेली। उनकी तूफानी बल्लेबाजी ने सनराइजर्स की गेंदबाजी के चिथड़े उड़ा दिए। दिग्गज वीरेंदर सहवाग ने तो यहां तक कहा है कि अगर वह सिलेक्टर होते तो अभी वैभव सूर्यवंशी को इंडियन टीम में ले लेते।

सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से ऐसा कोहराम मचाया है कि उनका जादू क्रिकेटप्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है। महान सचिन तेंदुलकर से लेकर विस्फोटक क्रिस गेल तक, तमाम दिग्गज पूर्व क्रिकेटर बिहार के इस 15 साल के लड़के की तारीफ पर तारीफ किए जा रहे हैं। भारत के सबसे विस्फोटक ओपनर्स में रहे वीरेंदर सहवाग तो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी की विध्वंसक पारी के ऐसे कायल हुए हैं कि इस लड़के को अभी भारतीय टीम में चाहते हैं। सहवाग ने कहा कि उन्होंने इस तरह की बल्लेबाजी देखी ही नहीं है।
वीरेंदर सहवाग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह चलते हुए वैभव सूर्यवंशी की अद्भुत बल्लेबाजी की तारीफ कर रहे हैं। सहवाग कहते हैं, ‘मैंने ऐसी बैटिंग नहीं देखी। मैंने भी फास्टेस्ट हंड्रेड बनाया है इंडिया के लिए वनडे क्रिकेट में, लेकिन जो इस लड़के ने बैटिंग की है न, कोई सोच नहीं सकता था कि क्रिस गेल के 59 छक्कों का रिकॉर्ड एक 15 साल का बच्चा तोड़ेगा। मैं सिलेक्टर होता तो अभी इसको इंडियन टीम में डाल देता।’
सिर्फ 29 गेंदों में ठोक दिए 97 रन
राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार को आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। जब वह 28 गेंदों में 97 रन बनाकर खेल रहे थे तब ऐसा लगा कि आज तो आईपीएल में सबसे तेज शतक का क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटने ही वाला है। इतना ही नहीं, उस वक्त सिर्फ 8वां ओवर ही चल रहा था। अभी 12 ओवर का खेल बचा था और अगर वैभव सूर्यवंशी 5-6 ओवर और रुक गए होते तो आईपीएल में क्रिस गेल के 175 रनों की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड भी टूट सकता था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
क्रिस गेल का सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड टूटते-टूटते बचा
सनराइजर्स की तरफ से प्रफुल्ल हिंगे 8वां ओवर लेकर आए। स्ट्राइक पर यशस्वी जायसवाल थे। उस वक्त वैभव सूर्यवंशी 23 गेंदों में 71 रन बनाकर खेल रहे थे। जायसवाल ने पहली ही गेंद पर सिंगल लेकर सूर्यवंशी को स्ट्राइक दे दिया। दूसरी गेंद पर वैभव ने शानदार छक्का लगाया। फिर चौका। उसके बाद एक और चौका जो नो बॉल पर लगा। फ्री हिट पर सूर्यवंशी ने छक्का जड़ा। फिर पांचवीं गेंद पर भी छक्का। वैभव सूर्यवंशी अब 28 गेंद में 97 रन बनाकर खेल रहे थे। ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने छक्का लगाने की कोशिश की लेकिन स्मरण ने कैच पकड़कर उनकी इस विस्फोटक और यादगार पारी का अंत कर दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान 12 छक्के और 5 चौके जड़े। उन्होंने सिर्फ 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। ये आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबलों में संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड है। इससे पहले सुरेश रैना ने चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से 2014 में क्वालिफायर 2 में 16 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी।
एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का गेल का रिकॉर्ड तोड़ा
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान किसी एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्कों के क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने 2012 में 14 पारियों में 59 छक्के जड़े थे। इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने अब तक 15 पारियों में 65 छक्के उड़ा दिए हैं।
वैभव सूर्यवंशी की आतिशी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 196 रन पर सिमट गई। वैभव सूर्यवंशी प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। इस तरह राजस्थान रॉयल्स अब क्वालिफायर 2 के लिए क्वालिफाई कर गई जहां 29 मई को उसका मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। उस मैच में जीतने वाली टीम 31 मई को फाइनल में आरसीबी से भिड़ेगी।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



