मौका मिलेगा तो मैं हंगामा कर दूंगा; जब रोहित शर्मा ने बचपन के कोच से किया वादा सच कर दिखाया
रोहित शर्मा फिलहाल हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 के अगले कुछ मैचों में नहीं दिखेंगे। इस बीच उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल के साथ बातचीत में उनसे जुड़ा करीब 20 साल पुराना किस्सा बताया है जो दिखाता है कि हिटमैन के विश्वास, आत्मविश्वास और जुनून का स्तर क्या है।

रोहित शर्मा फिलहाल हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 के अगले कुछ मैचों में नहीं दिखेंगे। इस बीच उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल के साथ बातचीत में उनसे जुड़ा करीब 20 साल पुराना किस्सा बताया है जो दिखाता है कि हिटमैन के विश्वास, आत्मविश्वास और जुनून का स्तर क्या है। 38 साल के हिटमैन अपने क्रिकेट करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं और एक भी चोट या एक भी खराब सीरीज उनके 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने के सपने की राह में मुश्किलें खड़ी कर सकती है। वैसे भी मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर उनके अगले विश्व कप में खेलने को लेकर कुछ भी साफ-साफ कहने से बचते रहे हैं। हर बार ऐसे सवालों को ये कहकर टाल देते हैं कि अभी विश्व कप में समय है। रोहित शर्मा ने वनडे वर्ल्ड कप खेलने के लिए ही टी20 के साथ-साथ टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा है।
वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर रोहित शर्मा की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पिछले एक साल में खुद को पूरी तरह से बदल दिया है। एक नया ही अवतार लिया है। कई किलो वजन घटाया है। उनकी फील्डिंग में भी युवाओं जैसा जोश दिख रहा। विकेटों के पीछे दौड़ में इसका असर दिखा है। वह सिंगल को डबल में बदलने की जरा भी गुंजाइश रहती है तो उससे नहीं हिचकते। रोहित शर्मा एक बार कुछ ठान लेते हैं तो उसे कर दिखाने के लिए अपना सबकुछ झोंक देते हैं। ऐसा ही एक वाकया उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने बताया है। कैसे जब 2007 के वर्ल्ड कप में उन्हें मौका नहीं मिल रहा था तो वह निराश थे। तब कोच से कहा था कि जब मौका मिलेगा तो मैं हंगामा कर दूंगा। और उन्होंने ये करके भी दिखाया था।
लाड ने बताया, 'किसी खिलाड़ी के 25 की उम्र और फिर 38 की उम्र में जो फिटनेस होती है, उसमें बड़ा अंतर होता है। लेकिन उनको देखने पर यह महसूस नहीं होता। फील्डिंग के दौरान वह जिस तरह का एफर्ट डालते हैं, वह किसी भी चीज में अपनिट नहीं हैं। यह विकेटों के बीच में उनकी दौडड में भी दिखता है। वह तेजी से सिंगल लेते हैं और जब भी मौका होता है तो दो रन के लिए भागते हैं। उनका दृष्टिकोण सकारात्मक है। वह यह नहीं सोचते कि मैं उम्रदराज हो रहा या अब मैं 38 साल का हूं, मैं थका हुआ हूं।'
लाड ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप का एक किस्सा सुनाया। युवा रोहित शर्मा का वो पहला वर्ल्ड कप था। महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे। शुरुआती तीन मैचों में रोहित शर्मा को मौका ही नहीं मिला और वह ही गरम करते रह गए। इससे हिटमैन काफी निराश हुए थे। उन्होंने लाड को फोन करके कहा, 'अरे सर, पक गया हूं। मैच में चांस ही नहीं मिल रहा है।'
चौथे मैच में रोहित शर्मा को आखिरकार प्लेइंग इलेवन में जगह मिली और अपने पहले ही वर्ल्ड कप में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ा। उसके बाद उन्होंने तुरंत अपने बचपन के कोच को फोन मिलाया। लाड के मुताबिक उनसे बातचीत में रोहित शर्मा के शब्द थे,'देखा सर, मैंने कहा था ना...जब मौका मिलेगा तो मैं हंगामा कर दूंगा।'
4 साल बाद 2011 का वनडे विश्व कप आया। रोहित शर्मा को उम्मीद थी कि उन्हें टीम में जगह मिलेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तब उन्होंने लाड से बातचीत में कहा था, 'क्या सर, मेरे को ले नहीं रहे।' लेकिन इस जगह पर कोच ने उनसे कुछ ऐसी बातें कही कि रोहित शर्मा की आंखें खुल गई। हिटमैन को समझ में आ गया कि औसत खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाएंगे। 2012 में रोहित शर्मा को ओपनिंग में उतारा गया और वो उनके करियर का टर्निंग पॉइंट रहा। उसके बाद तो जो हुआ वो इतिहास है। ओपनर के तौर पर अपनी शुरुआती 4 पारियों में से 3 में उन्होंने शतक जड़ा था।
लाड को पूरा यकीन है कि रोहित शर्मा 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे। उन्होंने कहा, 'उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है। उनसे कुछ मत कहिए। वह बिंदास हैं, अभी ही नहीं बल्कि हमेशा से रहे हैं। उनको देखकर क्या आपको लगता है कि वह किसी तरह के दबाव में होंगे? वह एफर्टलेस बैटिंग कर रहे हैं। अब भी वह शॉर्ट बॉल पर पुल कर रहे हैं और अब भी वो बड़े-बड़े छक्के जड़ रहे हैं। वह टेस्ट से रिटायर इसलिए हुए कि वह वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं। वह उस ट्रॉफी को हाथ में लेना चाहते हैं। 2023 में वह फाइनल में हार गए थे। 2019 में हम दुर्भाग्य से सेमीफाइनल में हार गए थे। वह निश्चित तौर पर खेलने जा रहे हैं। वह और साथ में विराट भी। जिस तरह वे खेल रहे हैं, वे 100 प्रतिशत विश्व कप खेलेंगे।'
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



