अब भी हर दिन मैच से पहले कार्टून देखता हूं; वैभव सूर्यवंशी का भोजपुरिया अवतार भी दिखा

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से गेंदबाजों के होश उड़ा देने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अब भी हर मैच से मैच कार्टून देखा करते हैं। उन्होंने खुद ये खुलासा किया है। बुधवार को आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ मैच के बाद वह भोजपुरी में भी बतियाते दिखे।

अब भी हर दिन मैच से पहले कार्टून देखता हूं; वैभव सूर्यवंशी का भोजपुरिया अवतार भी दिखा

आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में हैं। पिछले साल आईपीएल में डेब्यू करने के बाद से ही वह लगातार बल्लेबाजी के अपने धूम-धड़ाके वाले अंदाज से खेलप्रेमियों का मनोरंजन कर रहे हैं। हालांकि लखनऊ सुपर जॉइंटस के खिलाफ बुधवार को हुए मैच में वह 11 गेंदों में सिर्फ 8 रन बना पाए फिर भी वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में 500 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इतना ही नहीं, सबसे कम गेंदों में यानी सबसे तेज इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले बल्लेबाज भी बने। गेंदबाजों का होश उड़ा देने वाला 15 साल का ये बल्लेबाज अब भी कार्टून देखता है। मैच के बाद उन्होंने खुद इसका खुलासा किया। साथ में उनका भोजपुरिया अवतार भी देखने को मिला जिसमें वह भोजपुरी में बात करते दिखे।

आईपीएल के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर स्टारस्पोर्ट्स की भोजपुरी कॉमेंट्री पैनल के एक सदस्य ने बुधवार को उनसे पूछा कि बल्लेबाजी करते वक्त उनके दिमाग में क्या चल रहा होता है। उनसे भोजपुरी में सवाल पूछा जाता है जिसका हिंदी तर्जुमा कुछ ऐसे हैं- जिस उम्र में बच्चे सब कार्टून देखते हैं, उस उम्र में तुम गेंदबाज के गेंद को कार्टून बनाते हो, क्या दिमाग में चलता है?

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

इसका जवाब वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत में हिंदी में दिया लेकिन आखिर में एक-दो वाक्य भोजपुरी का भी इस्तेमाल किया।

सूर्यवंशी ने कहा, 'कुछ नहीं सर, दिमाग में कुछ नहीं चलता है। आज भी हर दिन मैच से पहले कार्टून देखते हैं क्योंकि आदत है देखने की। तो अब भी हम कार्टून देख रहे हैं लेकिन फोकस गेम पर भी है।'

इसके बाद वह भोजपुरी में कहते हैं जिसका हिंदी अनुवाद ऐसे है, 'सबका प्लान यही है कि अच्छा करना है अगले मैच में। जीतकर 2 पॉइंट लें और प्लेऑफ की तरफ आगे बढ़ें।'

देखें वीडियो-

लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर नहीं आए। वह धीमा खेले। स्ट्राइक रेट 100 से भी नीचे रहे और 11 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाकर मोहसिन खान का शिकार बने। उन्होंने ये रन सिर्फ बाउंड्री से बनाए, 2 चौकों के जरिए।

अपनी इस छोटी सी पारी के दौरान भी उन्होंने अपना नाम आईपीएल के रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में 500 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने सिर्फ 15 वर्ष और 26 दिन की उम्र में ये कारनामा किया। पहले ये रिकॉर्ड पृथ्वी शॉ के नाम था।

इतना ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में सबसे कम गेंदों में 500 रन पूरे करने की उपलब्धि भी अपने नाम कर ली है। उन्होंने सिर्फ 227 गेंदों में 500 रन पूरे किए। पहले ये रिकॉर्ड ग्लेन मैक्सवेल के नाम था।

बुधवार को हुए मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया। बाद में उसके गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करके इस स्कोर को सफलता से डिफेंड भी कर लिया। लखनऊ सुपर जॉइंट्स की टीम 119 रन पर सिमट गई। मैच में 43 रन बनाने वाले और गेंदबाजी में 1 विकेट लेने वाले राजस्थान रॉयल्स के रविंद्र जडेजा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।