टेस्ट और T20I की कप्तानी पहले ही कर चुका, अब सिर्फ ODI बाकी: जसप्रीत बुमराह
बुमराह टीम इंडिया की टेस्ट और टी20 में कप्तानी कर चुके हैं लेकिन आईपीएल में कप्तानी के लिए उन्हें 157 मैचों का इंतजार करना पड़ेगा। पंजाब किंग्स से मैच के बाद बुमराह ने कहा कि अब तो सिर्फ ओडीआई में कप्तानी बाकी है।

जसप्रीत बुमराह ने जीत के साथ आईपीएल में अपनी कप्तानी की शानदार शुरुआत की है। नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने वाले सूर्यकुमार यादव भी जब गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में नहीं खेले तब कमान मिली बुमराह को। स्टार पेसर की कप्तानी में टीम ने 6 विकेट से जीत हासिल की। बुमराह टीम इंडिया की टेस्ट और टी20 में कप्तानी कर चुके हैं लेकिन आईपीएल में कप्तानी के लिए उन्हें 157 मैचों का इंतजार करना पड़ेगा। पंजाब किंग्स से मैच के बाद बुमराह ने कहा कि अब तो सिर्फ ओडीआई में कप्तानी बाकी है लेकिन ऐसा होने से रहा।
मैच के बाद जसप्रीत बुमराह ने कहा, ‘मैं टेस्ट मैच में कप्तानी कर चुका हूं। मैं टी20 इंटरनेशनल में कप्तानी कर चुका हूं। अब सिर्फ ओडीआई क्रिकेट ही बचा है। लेकिन मैं नहीं समझता कि ऐसा होगा। लेकिन मजाक से इतर, मैं वाकई खुश हूं। मुझे काफी मजा आया। अच्छा मौसम। अच्छा ग्राउंड। इसलिए मैंने अपने समय का लुत्फ उठाया।’
मैच को लेकर बुमराह ने कहा, ‘दोनों टीमों ने अच्छी क्रिकेट खेली और हम दबाव में भी थे। इस मैच में विकेट पिछली बार के मुकाबले थोड़ी बहुत सूखी थी। हो सकता है कि पिछले मैच जितनी ठंड न रही हो। हमने पिछले मैच में जो कुछ भी देखा था और इस मैच को जितना समझ रहे थे, उसके हिसाब से लेंथ बहुत महत्वपूर्ण था। यही प्लान था और सभी गेंदबाजों को इसका श्रेय जाता है, उन्होंने अपनी लय बनाए रखी। मैं समझता हूं कि तिलक की पारी और जिस तरह से शार्दुल ने गेंदबाजी की, उन दोनों को एक समान श्रेय जाता है। जैक्स ने भी योगदान दिया।’
मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 200 रन का स्कोर खड़ा किया। प्रभसिमरन सिंह ने 57 और अजमतुल्लाह उमरजई ने 38 रन की पारी खेली। मुंबई इंडियंस की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने कातिल गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट झटके। ठाकुर ने प्रभसिमरन सिंह, श्रेयस अय्यर, अजमतुल्लाह उमरजई और मार्को येनसेन को आउट किया। अय्यर सिर्फ 4 रन ही बना सके।
जवाब में मुंबई इंडियंस ने 1 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से जीत हासिल कर ली। तिलक वर्मा ने 33 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्कों की बदौलत 75 रनों की नाबाद पारी खेली। विल जैक्स भी 10 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे। रियान रिकेल्टन ने 48 और रोहित शर्मा ने 25 रन बनाए। पंजाब किंग्स की आईपीएल 2026 में ये लगातार पांचवीं हार थी। टीम पॉइंट्स टेबल में चौथे पायदान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अब अपने बाकी बचे दोनों मैचों को जीतना होगा। मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



