किसी का विकल्प नहीं बनना, अपनी पहचान बनाना चाहता हूं; पहली बार इंडियन टीम में चुने जाने पर हर्ष दुबे ने बताई हसरत
स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे आईपीएल के बाद अब अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करते दिख सकते हैं। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट और उसके बाद 3 वनडे मैच की सीरीज के लिए भारतीयस्क्वाड में जगह मिली है। SRH के इस ऑलराउंडर का कहना है कि वह किसी और की जगह लेने नहीं, बल्कि अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।

युवा स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्ष दुबे भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खुद की पहचान बनाना चाहते हैं। वह खुद को किसी अनुभवी सीनियर क्रिकेटर के 'विकल्प' के तौर पर नहीं पहचाने जाना चाहते।
बाएं हाथ के स्पिनरों और बाएं हाथ के बल्लेबाजों की सूची में सबसे होनहार ऑलराउंडरों में से एक विदर्भ के 23 वर्षीय क्रिकेटर दुबे को अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट और तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।
राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने संकेत दिया कि वे दुबे को भविष्य की संभावना के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को अफगानिस्तान के खिलाफ इस टेस्ट मैच के लिए सिर्फ आराम दिया गया है।
सनराइजर्स हैदराबाद के साथ आईपीएल सत्र पूरा करने के बाद नागपुर पहुंचने पर दुबे ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, 'इस मौके ने मुझे एक खिलाड़ी के तौर पर काफी आगे बढ़ने में मदद की है। मैं किसी की जगह लेने की कोशिश नहीं कर रहा हूं। मैंने इस मौके के लिए कड़ी मेहनत की है और मेरी यही मेहनत आज मुझे यहां तक लाई है। भविष्य के बारे में बहुत अधिक सोचने की जगह मेरा पूरा ध्यान इस बात पर है कि मुझे जब भी मौका मिले तो मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं।'
तीनों प्रारूप में 95 मुकाबलों में अब तक 198 विकेट ले चुके दुबे खुद पर बेवजह का दबाव नहीं डालना चाहते, विशेषकर अगर उन्हें छह जून से मुल्लांपुर में होने होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच की एकादश में जगह मिलती है तो।
दुबे ने कहा, ‘अभी मैं इस अंतरराष्ट्रीय मैच को किसी भी अन्य मैच की तरह ही ले रहा हूं। मैं खुद पर बहुत अधिक दबाव नहीं डालना चाहता। मैं बस अपनी काबिलियत पर भरोसा रखना चाहता हूं और वही करते रहना चाहता हूं जो मेरे लिए हमेशा कारगर रहा है।’
बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी दुबे की मुख्य ताकत है जिससे उन्होंने 133 प्रथम श्रेणी विकेट लिए हैं। इनमें 9 बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट और दो बार मैच में 10 या इससे अधिक विकेट लेने का कारनामा शामिल है। हालांकि दुबे बल्लेबाजी में भी माहिर हैं और अब तक 27 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 1000 से अधिक रन बना चुके हैं।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 9 अर्धशतक जड़ने वाले दुबे ने कहा, ‘मुझे बल्लेबाजी में बहुत मजा आता है और मैं एक ऑलराउंडर के तौर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। मैं खुद को एक ऑलराउंडर के तौर पर देखता हूं क्योंकि मैंने हमेशा इसी तरह खेला है।’
मौजूदा सत्र में आठ आईपीएल मैच खेलने से दुबे को अपने खेल को और बेहतर बनाने का मौका मिला।
दुबे ने कहा, ‘यह मेरा पहला पूर्ण आईपीएल सत्र है और यह सच में एक बहुत अच्छा अनुभव रहा है।’
दुबे ने आठ मैच में आठ विकेट लिए जिसमें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 12 रन पर तीन विकेट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी शामिल है। उन्होंने इस सफर में अपने माता-पिता को उनके समर्थन के लिए श्रेय दिया जिसका नतीजा उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिलने के रूप में मिला।
उन्होंने कहा, ‘मैं इस सफर का श्रेय अपने माता-पिता को देना चाहता हूं। अगर युवा इसे देख रहे हैं और क्रिकेट खेलना चाहते हैं तो मैं उन्हें सलाह दूंगा कि वे हमेशा टीम के लिए खेलें और जब भी टीम को जीतने में मदद करने की जरूरत हो तो अपना शत प्रतिशत दें।’
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



