जिंदगी में सिर्फ दूसरी बार ऐसा किया; वैभव सूर्यवंशी को लेकर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज जस्टिन लेंगर का खुलासा

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 15 साल के हैं लेकिन क्रिकेट की दुनिया के बड़े-बड़े शूरमा भी उनका एहतराम करते हैं। अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर जस्टिन लेंगर को ही ले लीजिए। उन्होंने जीवन में सिर्फ दो बार ही किसी अन्य खिलाड़ी से सेल्फी खिंचाने का अनुरोध किया है। दूसरी बार वैभव सूर्यवंशी ही थे।

जिंदगी में सिर्फ दूसरी बार ऐसा किया; वैभव सूर्यवंशी को लेकर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज जस्टिन लेंगर का खुलासा

वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 15 वर्ष की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में ऐसे नाम बन गए हैं कि इस खेल को पसंद करने वाले हर शख्स की जुबान पर चढ़ चुके हैं। बड़े-बड़े दिग्गज इस 'बेबी बॉस' की चर्चा कर रहे हैं। शाबाशी दे रहे हैं। तारीफें कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर जस्टिन लेंगर ने तो वैभव सूर्यवंशी से साथ में सेल्फी की गुजारिश की थी। उनका कहना है कि उनकी जिंदगी में ये सिर्फ दूसरा मौका था जब उन्होंने किसी खिलाड़ी से साथ में फोटो खिंचाने की गुजारिश की है। उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट में इसका खुलासा किया है।

जस्टिन लेंगर लखनऊ सुपर जॉइंट्स के हेड कोच हैं। RR बनाम LSG मैच के बाद जस्टिन लेंगर ने वैभव सूर्यवंशी से साथ में सेल्फी खिंचवाने में अनुरोध किया। इतना बड़ा दिग्गज अनुरोध कर रहा हो तो भला कौन मना करेगा। सूर्यवंशी ने भी चट से उनके साथ सेल्फी खिंचवा ली। जस्टिन लेंगर के लिए ये सिर्फ एक सेल्फी नहीं है, बल्कि जीवनभर संजोकर रखने वाली तस्वीर है। शायद लेंगर को यकीन है कि 15 साल का ये लड़का आगे चलकर क्रिकेट की दुनिया में एकछत्र राज करने वाला है।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

पोस्ट में जस्टिन लेंगर ने बताया कि उन्होंने इससे पहले सिर्फ एक बार किसी खिलाड़ी से साथ में सेल्फी खिंचवाने की गुजारिश की थी। 2 साल पहले उन्होंने अपने बचपन के हीरो और ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल लीग के लिजेंड स्टीफन माइकल से सेल्फी का अनुरोध किया था।

जस्टिन लेंगर ने लिंक्डइन पर लिखा, ‘पिछले हफ्ते मैंने कुछ ऐसा किया, जो अपनी जिंदगी में सिर्फ दूसरी बार ही किया है। मैंने किसी अन्य खिलाड़ी से सेल्फी देने को कहा। कुछ साल पहले पहली बार ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल लीग के अपने बचपन के हीरो साउथ फ्रेमैंटल के स्टीफन माइकल से गुजारिश की थी।’

उन्होंने आगे लिखा, 'दूसरी बार बिहार के एक गांव के एक 15 वर्ष के लड़के से कहा। वैभव सूर्यवंशी ने मेरी टीम लखनऊ सुपर जॉइंट्स को मैदान के हर कोने में पीटा। उसने इस आईपीएल सीजन में 53 छक्के जड़ दिए हैं- ये किसी भी टी20 टूर्नामेंट में किसी बैटर के दूसरे सबसे ज्यादा सिक्स हैं। वह सिर्फ क्रिस गेल से पीछे है। वह पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र का शतकवीर है। वह 15 वर्ष का है।'

लेंगर ने ये पोस्ट एलएसजी और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच के बाद लिखा था। हालांकि उसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 12 छक्के जड़कर क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। इस सीजन में अब वैभव सूर्यवंशी के नाम 65 छक्के हो चुके हैं। क्रिस गेल ने आईपीएल 2012 में 59 छक्के जड़े थे जो किसी भी टी20 टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड था।

जस्टिन लेंगर ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में आगे लिखा, ‘इस खेल में 35 साल तक रहने के बाद, मैं ये विश्वास ही नहीं कर सकता कि ये लड़का ऐसे खेलता है। मैंने उसके जैसा इससे पहले कुछ भी नहीं देखा है।’

वैभव सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक डाले थे। वह 30 गेंदों में आईपीएल इतिहास के सबसे तेज शतक के क्रिस गेल के रिकॉर्ड को ध्वस्त करते-करते रह गए थे। वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने एकतरफा अंदाज में सनराइजर्स हैदराबाद को शिकस्त दी। अब शुक्रवार को क्वालिफायर 2 में उसका मुकाबला गुजरात टाइटन्स के साथ है। इस मैच में जो भी टीम जीत हासिल करेगी वो 31 मई को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।