क्या पकड़ी गई वैभव सूर्यवंशी की 'कमजोरी'? RR कोच ने गेंदबाजों को चुनौती देते हुए कहा- ऐसा करते रहें
वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर पचासा का आंकड़ा पार नहीं कर सके। वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चार रनों से फिफ्टी से चूके। आरआर के बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ ने सूर्यवंशी को लेकर खुलकर बात की।

राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में जमकर महफिल लूट रहे हैं। वह शुरुआत से ही गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने लगते हैं। सूर्यवंशी टीम को तेज शुरुआत दे रहे हैं लेकिन अब बड़े स्कोर बनाना बंद कर दिया है। उन्होंने 25 अप्रैल के बाद से एक बार भी पचास का आंकड़ा नहीं छुआ। हालांकि, उनके बल्ले से 40 प्लस और 30 प्लस स्कोर की कोई कमी नहीं है। सूर्यवंशी रविवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ सिर्फ चार रनों से अर्धशतक से चूके। उन्होंने 21 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल हैं। उन्हें तेज गेंदबाज माधव तिवारी ने धीमी गेंद पर आउट किया। क्या गेंदबाज द्वारा रफ्तार कम करना सूर्यवंशी की कमजोरी साबित हो रहा है? आरआर के बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ ऐसा नहीं मानते। राठौड़ ने गेंदबाजों को चुनौती दी कि वे सूर्यवंशी खिलाफ ऐसा करते रहें ताकि ओपनर और बेहतर हो सके।
'कोई भी परफेक्ट नहीं होता'
राजस्थान ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 193/8 का स्कोर बनाया। जवाब में डीसी ने चार गेंद बाकी रहते पांच विकेट से जीत हासिल की। मैच के बाद राठौड़ ने कहा, ''कोई भी परफेक्ट नहीं होता। हर किसी में कहीं न कहीं कोई न कोई कमजोरी होती है। वैभव के लिए स्लो बॉल कोई कमजोरी नहीं है। मैं चाहूंगा कि गेंदबाज इसका इस्तेमाल करते रहें। खासकर, उस तरह की पिच पर जहां गेंद थोड़ी ग्रिप कर रही हो, किसी भी बल्लेबाज के खिलाफ पेस में बदलाव करना अच्छा रहता है।''
'मुझे उम्मीद है कि ऐसा करेगा'
उन्होंने आगे कहा, ''सिर्फ वैभव ही एक स्पेशल प्लेयर नहीं है। मुझे लगता है कि उसकी काबिलियत और वह कितना अच्छा खिलाड़ी है, इस बारे में काफी कुछ कहा जा चुका है। एक बार फिर उसने हमें बहुत अच्छी शुरुआत दी, विशेषकर पिच को देखते हुए। मुझे उम्मीद है कि वह अपनी किसी एक पारी को बड़ी पारी में बदलेगा और आखिर तक टिककर खेलेगा। और जिस तरह से वह बल्लेबाज़ी कर रहा है, जिस तरह से वह तैयारी करता है, मुझे पूरा यकीन है कि वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं है। हम उसकी ऐसी ही कोई एक पारी जरूर देखेंगे, जिसे वह सचमुच एक बड़ी पारी में बदलेगा। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहा है, हम उससे काफी खुश हैं। हम चाहते हैं कि वह इसी तरह बल्लेबाजी करता रहे।''
'वैभव को भी नहीं करनी चाहिए'
सूर्यवंशी ने डीसी मैच में ध्रुव जुरेल (40 गेंदों में 52) के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 की साझेदारी की। जुरेल और कप्तान रियान पराग (26 गेंदों में 51) की बीच तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की पार्टनरशिप हुई। कोच राठौड़ ने हालात के हिसाब से खेलने की अहमियत पर जोर दिया और अपनी बात समझाने के लिए विराट कोहली का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ''अगर आप अपनी स्ट्रेंथ पर भरोसा करते हैं और उसके हिसाब से खेलते हैं तो आप रन बना सकते हैं। जुरेल को वैभव की तरह बल्लेबाजी करने की जरूरत नहीं है। वैभव को भी ध्रुव की तरह बल्लेबाजी करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। रन बनाने का उन दोनों का अपना-अपना तरीका है। अगर वे अपनी ताकत पर भरोसा बनाए रखते हैं और अपनी काबिलियत पर यकीन रखते है तो वे आसानी से कामयाब हो सकते हैं। आपने ऐसा होते हुए देखा भी है। विराट इस फॉर्मेट में भी बेहद कामयाब हैं। मैं उन्हें पूरी तरह से पावर हिटिंग करने वाला खिलाड़ी नहीं कहूंगा। इससे यह पता चलता है कि हर किसी के लिए कामयाब होने की गुंजाइश है, बशर्ते आपको अपनी काबिलियत पर पूरा यकीन हो।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



