डेविड मिलर की इस कोताही ने हमें जिताया मैच, GT के कप्तान शुभमन गिल खुल्लम-खुल्ला बोले
गुजरात टाइंटस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2026 में सांसें थाम देने वाला मुकाबला खेला गया। गुजरात ने सिर्फ एक रन से जीत हासिल की। जानिए, जीटी की जीत के बाद कप्तान शुभमन गिल ने क्या कुछ कहा?

शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस (जीटी) का आईपीएल 2026 में जीत का खुल गया गया है। जीटी ने बुधवार को टूर्नामेंट के 14वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (जीटी) पर एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की। जीटी ने गिल (70), जोस बटलर (52) और वॉशिंगटन सुंदर के अर्धशतक की बदौलत 210/3 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में डीसी ने अपने होम ग्राउंड अरुण जेटली स्टेडियम में निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन जुटाए। दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 92 और पथुम निसांका ने 41 रनों की पारी खेली। डेविड मिलर 20 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें तीन चौके और तीन सिक्स हैं। एक समय लगा कि मिलर डीसी को जीत की दहलीज पार करा देंगे लेकिन फिर बाजी पलट गई। उन्होंने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सिंगल लेने से इनकार कर दिया, जो दिल्ली को भारी पड़ा। आखिरी गेंद पर कुलदीप यादव रनआउट हो गए और डीसी हार गई। गिल ने खुल्लम-खुल्ला स्वीकार किया कि मिलर द्वारा सिंगल लेने में कोताही बरतने से जीटी ने मैच जीता।
'आखिरी बॉल फेंकने से पहले हमने ये चर्चा की'
गिल ने मैच के बाद कहा, ''हमने अभी तक जो तीन मैच खेले हैं, वो सभी आखिरी ओवर तक गए हैं। जब मिलर ने पांचवी गेंद पर रन नहीं लिया तो मैंने सोचा कि हमारे पास जीतने का चांस है। आखिरी बॉल से पहले हमने चर्चा कि यॉर्कर फेंकें या स्लोअर। हमने तय किया कि पिच को देखते हुए अच्छी स्लोअर फेंकेंगे तो उसे हिट करना मुश्किल होगा। मुझे लगता है कि फील्डिंग में बचाए गए 5-6 रनों से फर्क पड़ता है, खासकर इस तरह के मैच में जहां एक रन से जीत मिले। इसलिए हर अच्छी कोशिश और हर मिसफील्ड मायने रखती है। 210 बनाकर हम खुश थे। हम पार स्कोर से 10-15 रन ज्यादा बनाने में कामयाब रहे। जब हम डेथ ओवरों में बैटिंग कर रहे थे, तब भी बड़ी बाउंड्री लगाना आसान नहीं था। विकेट धीमा था। हमें पता था कि अगर हम अच्छी बॉलिंग करेंगे तो यह मैच जीत सकते हैं।'' गिल से जब उनकी बैटिंग के बारे में पूछा गया तो जीटी कप्तान ने कहा, ''अब मुझे बस सोने की जरूरत है और मैं कल उठकर देखूंगा की कैसा रहेगा।"
DC को आखिरी दो ओवर में 36 की दरकार थी
दिल्ली की टीम को आखिरी दो ओवर में 36 रन की दरकार थी। कप्तान गिल ने 19वें ओवर में मोहम्मद सिराज को गेंद थमाई, जिनकी मिलर ने बखिया उधेड़ दी। विपराज निगम (12) ने भी एक चौका लगाया। सिराज ने ओवर में 23 रन लुटा दिए। अंतिम ओवर में दिल्ली को 13 रन की जरूरत थी और प्रसिद्ध कृष्णा की पहली गेंद पर विपराज ने चौका ठोका दिया। अगली गेंद पर विपराज आउट हो गए जबकि चौथी गेंद पर मिलर ने छक्का लगाया। आखिरी गेंद पर दो रन चाहिए थी लेकिन डीसी ऐसा नहीं कर पाई। दिल्ली ने वाइड गेंद के लिए रिव्यू भी लिया जो नाकाम रहा। दिल्ली की उम्मीदें राहुल पर टिकी थी लेकिन वह शतक से आठ रन पीछे रह गए और 17वें ओवर में सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे बटलर को कैच दे बैठे। उन्होंने 52 गेंदों की पारी में 11 चौके और चार छक्के जमाए। जीटी के स्पिनर राशिद खान प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर तीन अहम विकेट चटकाए।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



