कमर की सर्जरी के बाद लय में आ चुके हैं राशिद खान, भारत के खिलाफ टेस्ट से बना सकते हैं दूरी

Apr 09, 2026 02:14 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share

कमर की सर्जरी के बाद स्टार स्पिनर राशिद खान लय में आ चुके हैं। बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में गुजरात टाइटन्स की ओर से खेलने वाले खान प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। सर्जरी के बाद अब वह डॉक्टरों की सलाह के हिसाब से टेस्ट मैचों से दूरी बनाएंगे। उनका फोकस 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक फिट रहने पर है।

कमर की सर्जरी के बाद लय में आ चुके हैं राशिद खान, भारत के खिलाफ टेस्ट से बना सकते हैं दूरी

कमर के आपरेशन के बाद टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की डॉक्टर की सलाह के बाद अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने संकेत दिये हैं कि वह जून में भारत के खिलाफ मुल्लांपुर में होने वाले टेस्ट से बाहर रह सकते हैं। उन्होंने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुजरात टाइटन्स की जीत में अहम भूमिका निभाई और वह प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। उन्होंने कहा है कि सर्जरी के बाद अब वह लय में आ चुके हैं।

राशिद ने कहा कि उनकी प्राथमिकता 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप के लिये फिट रहने की है।

IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

डॉक्टर ने टेस्ट मैच खेलने से किया है मना

27 वर्ष के राशिद ने 2023 वनडे विश्व कप के बाद कमर की सर्जरी कराई थी। उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की सलाह दी है लेकिन इसके बावजूद पिछले साल उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ एक टेस्ट खेलकर 54 ओवर डाले और 11 विकेट लिये थे।

राशिद ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बृहस्पतिवार को गुजरात टाइटंस की एक रन से जीत के बाद कहा, ‘यह काफी कठिन सवाल है। डाक्टर ने मुझे सबसे पहले टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने के लिये ही कहा था। इसके बावजूद मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट खेला।’

उन्होंने कहा, ‘डॉक्टर ने मुझसे कहा कि अगर क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हो तो टेस्ट क्रिकेट खेलते रहो।’

उन्होंने कहा, ‘वनडे क्रिकेट में मुझे मजा आता है और मैं अफगानिस्तान के लिये लंबे समय तक खेल सकता हूं। लेकिन एहतियात बरतनी होगी कि खुद पर अधिक बोझ नहीं डालूं।’

टेस्ट क्रिकेट में मेरा कोई लक्ष्य नहीं: राशिद खान

आईपीएल के बाद भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ‘आप काफी कठिन सवाल पूछ रहे हैं। मैं 2025 में एक टेस्ट खेल चुका हूं और अब विश्व कप की तैयारी करूंगा। अगर उस टेस्ट में कमर में फिर तकलीफ हो गई तो ? मैं सौ टेस्ट नहीं खेल सकता। अगर मैं साल में एक टेस्ट खेल रहा हूं तो सौ साल तक तो खेलूंगा नहीं। लिहाजा टेस्ट क्रिकेट में कोई लक्ष्य नहीं है।’

आखिरकार खोई लय हासिल कर ली: राशिद

राशिद खान का मानना है कि उन्होंने आखिरकार अपनी खोई लय हासिल कर ली है जिसके लिये वह 2023 में कमर के आपरेशन के बाद से जूझ रहे थे।

टी20 क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शुमार राशिद पिछले आईपीएल सत्र में गुजरात टाइटंस के लिये 15 मैचों में नौ ही विकेट ले सके थे। इससे पहले 2024 में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बुधवार को चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लेने वाले राशिद ने नीतीश राणा, समीर रिजवी और अक्षर पटेल को पवेलियन भेजा। गुजरात ने यह रोमांचक मुकाबला एक रन से जीता।

आईपीएल 2025 को भूल जाना चाहते हैं राशिद

मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में राशिद ने कहा, ‘याद मत दिलाओ यार, बहुत बुरा सीजन था (2025)। लेकिन एक सत्र खराब होने के यह मायने नहीं है कि आप खत्म हो गए। यह लाइन और लेंथ के बारे में है।’

उन्होंने कहा, ‘पिछले साल इसकी कमी खली। इस बार मैं इसी पर फोकस कर रहा था। पिछले आईपीएल के बाद मैंने अपनी फिटनेस पर काम किया था। सर्जरी के बाद कमर में तकलीफ थी लेकिन फिर ब्रिटेन में द हंड्रेड में मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।